[ad_1]
पंजाब में आज किसानों ने बंद का आह्वान किया था जो कि सुबह 7 बजे से शुरू हुआ और शाम 4 बजे समाप्त हो गया।
किसान आंदोलन के समर्थन में सोमवार को किसानों ने सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक पंजाब बंद रखा। किसान हाईवे और रेलवे ट्रैक पर बैठे। बंद की वजह से रेलवे ने वंदे भारत समेत 163 ट्रेनों को रद्द कर दिया। किसान नेता सरवण सिंह पंधेर का दावा है कि 270 जगह प्रदर्शन
.
बस और ट्रेन के लिए यात्री भटकते दिखाई दिए। दूसरे राज्यों में जाने वाले लोगों को ट्रेन कैंसिल होने पर होटलों में रुकना पड़ा। बंद के कारण गैस और पेट्रोल पंप के अलावा बाजार भी बंद किए गए थे। हालांकि, लुधियाना का सबसे मशहूर चौड़ा बाजार खुला रहा।
लुधियाना और जालंधर में किसानों की लोगों और पुलिस के साथ बहस भी हुई। जालंधर में बंद के दौरान एक दूल्हे की गाड़ी भी किसानों ने रोक ली। दूल्हे ने किसान संगठन का झंडा उठाकर किसान आंदोलन जिंदाबाद के नारे लगाए तो उसे जाने दिया गया। 4 बजे किसानों ने रास्ते खोल दिए। अब 17 तस्वीरों में पंजाब बंद का माहौल देखिए….
तस्वीर 1… बंद के आह्वान के चलते पुलिस अलर्ट
लुधियाना रेलवे स्टेशन पर किसानों का बंद शुरू होने से पहले ही पुलिस के अधिकारी पहुंच गए। पुलिस बारीकी से नजर रखे हुए थी।
तस्वीर 2… किसानों ने हाईवे जाम किया

मोहाली में किसानों ने चंडीगढ़-खरड़ हाईवे जाम कर दिया। यहां पर किसानों ने बीच सड़क पर अपनी बाइकें और कारें खड़ी कर दीं।
तस्वीर 3…रेलवे ट्रैक पर बैठ किसानों ने ट्रेन रोकी

शंभू रेलवे स्टेशन पर बैठकर किसानों ने ट्रेन रोकी। इस दौरान उन्होंने पाठ भी किया। कई किसान नेता अपने हाथों में किसान संगठन के झंडे लिए दिखे।
तस्वीर 4…जालंधर में पेट्रोल पंप बंद

जालंधर नेशनल हाईवे पर परागपुर स्थित पेट्रोल पंप बंद रहा। यहां पर कई लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे, लेकिन उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
तस्वीर 5… अमृतसर के बाजार में पसरा सन्नाटा

अमृतसर के लॉरेंस रोड पर अमूमन चहल-पहल रहती है, लेकिन आज बंद के कारण पूरा बाजार बंद रहा और यहां पर सन्नाटा पसरा रहा।
तस्वीर 6… ठंड के बावजूद सड़क पर बैठे किसान

फरीदकोट में किसानों ने सड़क पर बैठकर जाम लगाया। ठंड के बावजूद किसान हाथों में झंडे लिए सड़क पर बैठे नजर आए।
तस्वीर 7…163 ट्रेन रद्द होने के कारण ट्रैक पर खड़ी रहीं ट्रेनें

पंजाब में बंद के चलते रेलवे ने 163 ट्रेन रद्द कर दीं, जिसकी वजह से कई ट्रेनें स्टेशन के अंदर ही खड़ी नजर आईं। इस दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास भी सन्नाटा पसरा रहा।
तस्वीर 8… रेलवे स्टेशन पर इंतजार करते यात्री

कई लोगों को बंद की जानकारी नहीं थी। ऐसे में काफी संख्या में लोग लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए थे। ट्रेनें न चलने की वजह से रेलवे स्टेशन के बाहर लोगों की भीड़ दिखी।
तस्वीर 9…रेलवे स्टेशन से लौटे यात्री

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन न आने की वजह से यात्री परेशान नजर आए। कई देर इंतजार करने के बाद वे वापस लौट गए। आखिर में उन्हें पास में होटल लेना पड़ा।
तस्वीर 10… महिलाओं ने भी किया प्रदर्शन

गुरदासपुर में बंद के समर्थन में सड़क पर बैठे किसानों के साथ कई बुजुर्ग महिलाएं भी नजर आईं। यहां पर बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
तस्वीर 11… यहां नहीं दिखा बंद का असर

बंद के बावजूद लुधियाना का सबसे मशहूर चौड़ा बाजार खुला रहा, यहां पर आम दिनों की तरह ही लोगों की आवाजाही रही। हालांकि, रोजाना जैसी भीड़ नहीं थी।
तस्वीर 12… दूल्हे ने उठाया किसान यूनियन का झंडा

जालंधर में धन्नोवाली फाटक पर दूल्हे की गाड़ी पहुंची। धरना लगा हुआ देख वह गाड़ी से बाहर आया और किसान मजदूर एकता का झंडा हाथों में लेकर किसान जिंदाबाद कहा। इसके बाद वह गाड़ी में बैठकर रवाना हो गया।
तस्वीर 13… झेलम एक्सप्रेस को रोका गया

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर झेलम एक्सप्रेस को रोका गया है। ये ट्रेन पुणे से जम्मू जानी थी। ट्रेन शाम 4 बजे जम्मू के लिए रवाना हुई।
तस्वीर 14…जाम में BSF की गाड़ियां फंसी

गुरदासपुर में किसानों ने सुबह से जम्मू-अमृतसर नेशनल हाईवे बंद किया हुआ था। दोपहर को यहां किसानों ने BSF की गाड़ियों को रोक लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाकर वहां से BSF की गाड़ियों को निकलवाया।
तस्वीर 15… किसानों और पुलिस के बीच बहस

जालंधर के धन्नोवाली फाटक पर किसानों और पुलिस के बीच काफी देर तक बहस हुई। हालांकि कुछ ही देर बाद मामला शांत हो गया। इस दौरान कुछ किसान बहस को शांत कराते भी नजर आए।
तस्वीर 16… गोल्डन गेट के बाहर नारेबाजी

अमृतसर में स्थित गोल्डन गेट के बाहर सुबह से ही काफी संख्या में किसान मौजूद थे। 4 बजे से पहले यहां पर किसान नारेबाजी करने लगे।
तस्वीर 17… किसानों ने जाम खोला मैट उठाई

4 बजे किसानों ने जाम खोल दिया। जालंधर की धन्नोवाली फाटक पर जाम कर बैठे किसानों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग मैट उठाते नजर आए।
[ad_2]
17 तस्वीरों में पंजाब बंद: बसों के इंतजार में थके यात्री, किसानों-पुलिस में बहस, बारात ले जा रहे दूल्हे ने यूनियन का झंडा उठाया – Punjab News