[ad_1]
वाह रे हैवी ड्राइवर… चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कार रेलवे प्लेटफॉर्म पर दौड़ने लगी। हिमाचल नंबर की ऑल्टो कार में दो युवक सवार थे। हिमाचल नंबर एचपी 22 ई 4924 की ऑल्टो कार को प्लेटफॉर्म में देख लोगों के होश फाख्ता हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1 पर मंगलवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 2 बजे हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार अचानक स्टेशन परिसर में घुस गई और प्लेटफार्म नंबर-1 तक पहुंच गई। कार प्लेटफार्म और रेलवे ट्रैक के बीच फंस गई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह प्लेटफार्म इन दिनों निर्माण और नवीनीकरण के कार्य के कारण बंद था जिससे बड़े नुकसान से बचाव हो गया।
कार में दो युवक सवार थे एक ड्राइवर और एक सवारी। सवारी को सुबह 2:17 बजे चलने वाली संपर्क क्रांति ट्रेन पकड़नी थी लेकिन देर होने के कारण दोनों जल्दी में स्टेशन पहुंचे। आरपीएफ थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि ड्राइवर विशाल धीमान ने सड़क से कार स्टेशन की ओर मोड़ दी जहां आमतौर पर ट्रेनों में लोडिंग-अनलोडिंग का काम होता है। अंधेरा होने के कारण प्लेटफार्म नंबर-1 स्पष्ट दिखाई नहीं दिया और कार अनियंत्रित होकर प्लेटफार्म और ट्रैक के बीच फंस गई।
प्लेटफार्म नंबर-1 स्टेशन का सबसे व्यस्त प्लेटफार्म है जहां बड़ी संख्या में ट्रेनों का आगमन और प्रस्थान होता है। अगर प्लेटफार्म बंद नहीं होता, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारी पहुंचे। लोगों की मदद से कार को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और बाद में वाहन को स्टेशन परिसर से बाहर खड़ा कराया गया। आरपीएफ ने ड्राइवर की लापरवाही के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही थी कि युवक नशे में था हालांकि नशे की पुष्टि नहीं हुई है।
[ad_2]
हिमाचल के हैवी ड्राइवर: चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशन में घुसा दी कार; प्लेटफॉर्म पर ट्रैक के बीच फंसी, देखें Video


