[ad_1]
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा चुनाव में क्राॅस वोटिंग विवाद पर प्रेसवार्ता करते रामकिशन गुर्जर।
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस विवाद में कांग्रेस ने अपने 4 विधायकों के नाम जारी कर दिए है। इसमें नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी का नाम भी है, जिन्हें अब पार्टी ने शो-कॉज नोटिस जारी किया है।
.
शैली चौधरी का नाम आने पर उनके पति और हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने चुनाव के 12 घंटे के भीतर ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बुधवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता में उन्होंने इस मामले में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के अंदर चल रही कलह को अपने इस्तीफे की वजह बताया।
उन्होंने कहा कि उन्हें काफी दिनों से पार्टी से निकालने की साजिश चल रही थी। कहा कि जो लोग शैली चौधरी पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगा रहे हैं, वे कोई ठोस सबूत पेश करें। गीता भुक्कत पर भी नाम उछाने का आरोप लगाया। गुर्जर ने यहां तक कहा कि जिस परिवार में सदस्य आपस में ही लड़ने लगें, उसका भला नहीं हो सकता और यही स्थिति इस समय कांग्रेस की हो चुकी है। पार्टी में अंदरूनी संघर्ष इतना बढ़ गया है कि कांग्रेस ही कांग्रेस के खिलाफ साजिशों का शिकार हो रही है।
उन्होंने सीएम नायब सैनी के पॉलिटिकल सचिव तरुण भंडारी को लेकर पूछे सवालों पर भी अपनी सफाई दी।
रामकिशन गुर्जर और उनकी पत्नी शैली चौधरी।-फाइल फोटो
क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर रामकिशन गुर्जर ने कही 4 बड़ी बातें…
कांग्रेस में चल रही आंतरिक खींचतान
रामकिशन गुर्जर ने कहा कि हरियाणा राज्य बनने के बाद से उनका परिवार लगातार कांग्रेस से जुड़ा रहा है। पहले उनके पिता चुनाव लड़े और उसके बाद वे स्वयं और उनकी पत्नी शैली चौधरी चुनाव लड़ते रहे। उन्होंने हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ निष्ठा से काम किया, चाहे पार्टी सत्ता में रही हो या विपक्ष में।
उन्होंने पार्टी के अंदर चल रही कलह को अपने इस्तीफे की बड़ी वजह बताया। कहा कि पिछले काफी समय से कांग्रेस में आंतरिक खींचतान चल रही है, जिसका खामियाजा जमीनी कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
जिस पार्टी में मान-सम्मान नहीं, वहां रहना उचित नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि जब नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बने और नारायणगढ़ में कार्यक्रम आयोजित हुआ, तब विधायक होने के नाते शैली चौधरी स्थानीय मुद्दे उठाने मंच पर गईं, लेकिन उसी समय पार्टी के भीतर उन्हें निशाना बनाकर निकालने की साजिश रची गई।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जानबूझकर शैली चौधरी का नाम विवाद में घसीटा गया, जिससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा। गुर्जर ने कहा कि जिस पार्टी में सम्मान नहीं है और जहां नेता एक-दूसरे को नीचे गिराने में लगे हों, वहां रहना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह का माहौल किसी भी नेता का राजनीतिक भविष्य खराब कर सकता है।
गीता भुक्कल ने शैली चौधरी का नाम उछाला
गुर्जर ने कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि भुक्कल ने सोशल मीडिया पर शैली चौधरी के खिलाफ अनर्गल बातें कही हैं। गुर्जर ने सवाल उठाया कि गीता भुक्कल ने किस आधार पर क्रॉस वोटिंग में शैली चौधरी का नाम लिया और क्या वे रिटर्निंग ऑफिसर हैं, जो इस तरह के आरोप लगा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिना सबूत किसी पर आरोप लगाना गलत है। भुक्कल को अपने आरोप साबित करने होंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोई झूठे आरोप लगाएगा तो उनके पास भी जवाब देने के लिए बहुत कुछ है, जिसे वे पहले भी पार्टी हाईकमान के सामने रख चुके हैं।
पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जाती
नारायणगढ़ के विकास को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया, लेकिन पार्टी के अंदर उनकी बात नहीं सुनी जाती, जिसके कारण वे अपने क्षेत्र के लिए अपेक्षित काम नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है और आने वाले समय में अपने समर्थकों के साथ मिलकर क्षेत्रहित में राजनीतिक फैसला लेंगे।
क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर उन्होंने दोहराया कि जिन लोगों ने वोटिंग में गड़बड़ी की है, उनके नाम प्रमाण के साथ सामने लाए जाएं। बिना किसी ठोस आधार के किसी का नाम लेना गलत है। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी में अंदरूनी संघर्ष इतना बढ़ गया है कि कांग्रेस ही कांग्रेस के खिलाफ साजिशों का शिकार हो रही है।

16 मार्च को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान नारायणगढ़ से कांग्रेस विधायक शैली चौधरी विधानसभा गेट से बाहर निकलती दिखीं थी। उनके पीछे सीएम नायब सैनी के पॉलिटिकल सचिव तरुण भंडारी दिखे थे।
तरुण भंडारी उनके पुराने जानकार, जानबूझकर बनाया मुद्दा
गुर्जर ने राज्यसभा चुनाव के दिन की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बीजेपी के ऑब्जर्वर ने शैली चौधरी के वोट पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद कांग्रेस एजेंट्स ने जवाब दिया। करीब पांच मिनट तक उन्हें रोका गया और तीन बार वीडियो रिकॉर्डिंग देखने के बाद ही उन्हें वोट डालने दिया गया।
सीएम नायब सैनी के पॉलिटिकल सचिव तरुण भंडारी के साथ शैली चौधरी की मुलाकात को लेकर भी उन्होंने सफाई दी। गुर्जर ने कहा कि शैली चौधरी बाहर का खाना नहीं खातीं और जब वे कसौली गई थीं तब उन्हें बुखार था। वोट डालने के बाद जब वे वापस लौट रही थीं तो वहां तरुण भंडारी मौजूद थे।
उन्होंने केवल गाड़ी मंगवाने में मदद की और उन्हें गाड़ी तक छोड़ने के लिए साथ चले गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भंडारी पहले कांग्रेस में ही रहे हैं और उनके साथ पुराने संबंध हैं, लेकिन इस सामान्य मुलाकात को गलत तरीके से पेश किया गया। अंत में गुर्जर ने कहा कि जिस परिवार में सदस्य आपस में ही लड़ने लगें, उसका भला नहीं हो सकता, और यही स्थिति इस समय कांग्रेस की हो चुकी है।


——————— ये खबर भी पढ़ें…
हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने पार्टी छोड़ी:विधायक पत्नी भी दे सकतीं इस्तीफा; राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 MLA में नाम

हरियाणा में एक दिन पहले राज्यसभा चुनाव के दौरान हारते-हारते बची कांग्रेस में कलह बढ़ती जा रही है। पार्टी उन 5 विधायकों को नोटिस देने की तैयारी में है, जिन्होंने सोमवार (16 मार्च) को राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग की। (पूरी खबर पढ़ें)
[ad_2]
हरियाणा में क्रॉस वोटिंग विवाद पर रामकिशन की सफाई: बोले- भुक्कल ने शैली का नाम उछाला, सबूत तो दें; CM के सचिव को बताया पुराना जानकार – Haryana News


