[ad_1]
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले से वैलेंटाइन डे की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. थाना छपरा क्षेत्र के भंभोल गांव में 34 वर्षीय महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है, जिसके पति फौज में हवलदार हैं और इस समय जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं.
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब साढ़े 11 बजे की है. मोनिका अपने कमरे में सो रही थी, तभी दो युवक छत के रास्ते घर में घुसे. कमरे में पहुंचते ही आरोपियों ने उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए. चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे.
इलाज के दौरान महिला की मौत
गंभीर रूप से घायल मोनिका को तुरंत जगाधरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों के मुताबिक अधिक खून बहने और गर्दन की नस कटने से उसकी जान गई.
जेठ के बेटे पर हत्या का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस वारदात को मोनिका के जेठ के बेटे ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी अंबाला जिले के गांव कल्हेड़ी से भंभोल गांव पहुंचे थे. हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
मृतका की नानी ने दावा किया कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने आरोपी को मोनिका पर वार करते देखा. उन्होंने बताया कि शोर मचाने पर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया.
पति जम्मू में तैनात, मायके में रह रही थी मोनिका
मोनिका की शादी करीब 10 साल पहले अंबाला के गांव कलरेड़ी निवासी जसबीर सिंह से हुई थी. उसके पति सेना में हवलदार हैं और फिलहाल जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं. पिता की तीन साल पहले मौत के बाद मोनिका अपने सात वर्षीय बेटे के साथ मायके में मां के पास रह रही थी.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घर के पास नाली से एक चाकू बरामद हुआ है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है. पुलिस ने उसे जांच के लिए भेज दिया है.
थाना छपरा के SHO वेदपाल ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपियों की तलाश जारी है.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है.
[ad_2]



