हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले गैंगस्टर सोमबीर मोटा को हरियाणा एसटीएफ द्वारा अमेरिका से डिपोर्ट करवाकर वापस भारत लाया गया है। सोमबीर पर रोहतक, दिल्ली समेत हरियाणा में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हरियाणा एसटीएफ की पुलिस पिछले काफी समय से सोमबीर की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान इसके फर्जी पासपोर्ट की जानकारी मिलने पर सोमबीर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया था। एजेंसियों के माध्यम से इसे बीते दिनों अमेरिका में पकड़ लिया गया। कानूनी कार्रवाई के बाद उसे मंगलवार को भारत मे डिपोर्ट करवाया गया और मंगलवार की रात को एसटीएफ टीम में दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया।
सोमबीर मोटा रोहतक के कुख्यात गैंगस्टर अनिल छिपी का भाई है और वह वर्ष 2009 से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उसने हत्या, फिरौती रंगदारी, समेत अन्य वारदातों को अपने साथियों के साथ अंजाम दिया। बताया जाता है कि दोनों भाई लॉरेंस गिरोह से जुड़े हुए हैं और साथ में कई साल तक आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया।