सोनीपत में कोहरा बना मुसीबत, दृश्यता घटने से थमी रफ्तार Latest Sonipat News


जिले में घने कोहरे ने शनिवार को भी जनजीवन को प्रभावित किया। तडक़े से ही कोहरे की चादर वातावरण में छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। सुबह सात बजे तक दृश्यता मात्र पांच मीटर रही। आठ बजे यह बढकऱ 20 मीटर तक पहुंची, जबकि साढ़े नौ बजे तक भी दृश्यता केवल 50 मीटर के आसपास ही बनी रही। इसके चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और सफर जोखिम भरा हो गया।

घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर देखने को मिला। हाईवे पर हादसों से बचने के लिए वाहन चालक कतार में बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। कई स्थानों पर चालकों ने एहतियातन अपने वाहन सडक़ किनारे रोक दिए। कोहरे के कारण सुबह के समय स्कूल, दफ्तर और अन्य जरूरी कामों से निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रैफिक पुलिस ने पहले से जारी अपनी सलाह को दोहराते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि कोहरे में वाहन चलाते समय लो बीम लाइट का प्रयोग करें, गति नियंत्रित रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ओवरटेक से बचें। प्रशासन के अनुसार मौसम में नमी अधिक होने के कारण आने वाले दिनों में भी कोहरे की समस्या बनी रह सकती है, ऐसे में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बेहतर उपाय है।

सोनीपत में कोहरा बना मुसीबत, दृश्यता घटने से थमी रफ्तार