सोनीपत: खरखौदा क्षेत्र को प्रस्तावित गोहाना जिले में शामिल करने का विरोध, लोगों ने किया पैदल मार्च Latest Sonipat News


हरियाणा में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच खरखौदा क्षेत्र को प्रस्तावित गोहाना जिले में शामिल करने के विरोध में स्थानीय लोगों ने शहर में प्रदर्शन किया। खरखौदा संघर्ष कमेटी के बैनर तले विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने पैदल मार्च निकालते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कमेटी की मांग है कि खरखौदा व आसपास के गांवों को सोनीपत जिले में ही रखा जाए। यह क्षेत्र प्रशासनिक और जनसुविधाओं की दृष्टि से सोनीपत करीब है जबकि गोहाना जाने में लोगों को अधिक दूरी तय करनी पड़ती है।
संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने अपने प्रदर्शन के दौरान कहा कि इस मुद्दे पर वह पहले भी कई बार सरकार को अवगत करा चुके हैं। 19 मार्च, 22 मार्च, 30 मार्च, 15 जून और 25 जून को ज्ञापन सौंपकर और सांकेतिक धरने देकर आंदोलन चलाया गया। इसके बाद 22 अक्तूबर को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री निवास पर जाकर और 30 अक्तूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय धरना देकर भी अपनी आवाज को बुलंद किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नायब तहसीलदार अचिन कुमार से आग्रह किया कि गांवों की जनभावनाओं को अनदेखा न किया जाए। खरखौदा के पास जिला बनने की पूरी क्षमता है, ऐसे में यदि राज्य सरकार नए जिले घोषित करती है तो सबसे पहले खरखौदा को ही जिला बनाया जाना चाहिए। इस मौके पर विकेश दहिया, वेदप्रकाश, इंद्रजीत राणा सोहटी, देशपाल रोहणा, सिकंदर , रणबीर, हंसराज व रमेश भी मौजूद रहे।

सोनीपत: खरखौदा क्षेत्र को प्रस्तावित गोहाना जिले में शामिल करने का विरोध, लोगों ने किया पैदल मार्च