सोनीपत: अपराध नियंत्रण की नई रणनीति, पुलिस ने हॉट स्पॉट चिह्नित कर शुरू की कार्रवाई Latest Sonipat News


अपराध पर अंकुश लगाने और नशाखोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोकथाम के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अब उन सभी स्थानों को हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित कर रही है, जहां बिना किसी कारण भीड़ एकत्रित होती है या शाम होते ही नशा करने वालों का जमावड़ा लग जाता है। इन स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त, औचक जांच और विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उच्च पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान कर वहां संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करें। अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध, नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसना है। पुलिस प्रशासन ने उन दुकानदारों पर भी कार्रवाई का निर्णय लिया है, जो बिना किसी लाइसेंस के अपनी दुकानों में लोगों को बैठाकर शराब परोसते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल दुकानदारों पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहर थाना पुलिस की रातभर कार्रवाई

इसी अभियान के तहत रात को शहर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में कई स्थानों पर गश्त की। टीम ने दुकानों के अंदर जाकर भी जांच की कि कहीं बाहर से आए लोग शराब या अन्य नशा पदार्थों का सेवन तो नहीं कर रहे। सूचना के आधार पर पुलिस ने जींद रोड बाइपास के निकट एक कन्फेक्शनरी दुकान पर कार्रवाई की। यहां दुकानदार दलसेर शराब ठेके के पास दुकान चलाता है और बिना परमिट लोगों को बैठाकर शराब पिलाता था। जांच के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

सोनीपत: अपराध नियंत्रण की नई रणनीति, पुलिस ने हॉट स्पॉट चिह्नित कर शुरू की कार्रवाई