[ad_1]
करनाल। प्रदेश सहित जिले में पहले चरण में आयोजित सुपर-100 लेवल-1 की परीक्षा का सोमवार को परिणाम जारी कर दिया गया। सुपर-100 के परीक्षा परिणाम में प्रदेश के 2113 और जिले के 86 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। परिणाम के आधार पर करनाल का प्रदेश में 12वां स्थान है। हिसार से सर्वाधिक 200 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास कर प्रदेश में पहला, जींद के 159 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा का कहना है कि प्रदेश के 178 परीक्षा केंद्रों पर 11 फरवरी को आयोजित परीक्षा में जिले में पंजीकृत 2204 विद्यार्थियों में से 1860 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 86 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को सुपर-100 लेवल-2 की परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। सुपर-100 लेवल-2 की परीक्षा दो अप्रैल को आयोजित की जाएगी लेकिन परीक्षा के तीन चरण किए जाने से शेड्यूल में बदलाव संभव है।
कुरुक्षेत्र में आयोजित होगी वर्कशॉप शिक्षा विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को लेवल-2 वर्कशॉप के लिए हरियाणा सुपर-100 कैंपस कुरुक्षेत्र बुलाया जाएगा। तीन दिवसीय इस वर्कशॉप के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा जिसके बाद प्रदेशभर से 400 मेधावी छात्रों को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
पास होने पर नीट व जेईई की मिलेगी नि:शुल्क कोचिंग
सुपर-100 कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान करना है। पहले स्तर के लिए चयनित छात्रों को दूसरे स्तर की परीक्षा देनी होगी जिसमें पास होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग की ओर से नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट और ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन यानी जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी के लिए विशेष कोचिंग कराई जाएगी। तीनों चरण पास करने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी।
[ad_2]
सुपर-100 : 1860 में महज 86 ने पास किया पहला चरण



