संसोधित : प्रॉपर्टी डीलर ने दो गोली पहले खुद चलाई, फिर कॉक कर फुफेरे भाई को दी थी


पानीपत। हरि नगर में बुधवार रात जन्मदिन पार्टी में एक नहीं बल्कि तीन गोलियां चली थीं। इनमें दो गोलियां प्रॉपर्टी डीलर विजय ने खुद चलाई थी, जबकि तीसरी बार विजय ने अवैध पिस्टल कॉक कर फुफेरे भाई सुमित को दी। पहली बार हाथ में पिस्टल पकड़ने वाले फुफेरे भाई ने जैसे ही गोली चलाई तो वह सीधा विजय के पेट के ऊपर जा लगी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने फुफेरे भाई सुमित पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को डॉ. संजीव गुप्ता और डॉ. अनिल के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के दौरान अंदर धंसी गोली को निकाला गया। मामले की जांच सीआईए-2 को सौंपी गई है, जो गहराई से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दीवार में भी दो गोलियां धंसी मिली हैं। उन्हें बरामद कर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ा दी है।

हरि नगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि सात जून को शाम पौने आठ बजे उसके बड़े बेटे के पास गंगाराम कॉलोनी निवासी करण का फोन आया। उसने बताया कि वह, विजय उर्फ पहलवान, सुमित, निंजा, दीपू व एक अन्य युवक के साथ विजय के प्रॉपर्टी डीलर वाले दफ्तर में जैन चौक पर बैठे थे। विजय जन्मदिन मना रहा था। विजय की सुमित के साथ कहासुनी हो गई। इसके चलते सुमित ने तैश में आकर उस पर फायर कर दिया। इस सूचना पर वह सामान्य अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उसे बेटे को मृत घोषित कर दिया। पिता का कहना है कि सुमित आठवीं कक्षा से उनके पास पढ़ रहा है। वे ही उसकी परवरिश कर रहे हैं। सुमित के मन में कोई भी ऐसी मंशा नहीं थी। यह हंसी-हंसी में गोली चली है। उन्होंने पुलिस से भी अपील की है कि इसमें किसी और को नाजायज तंग न किया जाए। हालांकि पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर सुमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया और जांच को आगे बढ़ाया।

सुरेश कुमार काबड़ी फाटक के पास मछली मार्केट में मछली बेचते हैं। उनके दो बेटे हैं। दोनों ही अविवाहित हैं। उनका भांजा सुमित छह माह से उनके पास काम करता था। वह अशोक विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। उसके बेटे ने छह माह पहले ही प्रॉपर्टी का काम शुरू किया था।

पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि कहासुनी के बाद गोली चली। फिलहाल जांच की जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। जिस हथियार से गोली चली वह अवैध है।

– नरेंद्र कुमार, प्रभारी, पुराना औद्योगिक थाना

.


What do you think?

Karnal News: युवती के खाते से उड़ाए लाखों रुपये

Karnal News: जलभराव वाले 29 स्थल चिह्नित, पाइप से तत्काल होगी निकासी