विदेशी मुद्रा भंडार मामले में देश को राहत; फॉरेक्स रिजर्व रिकॉर्ड स्तर पर, जानें डिटेल Business News & Hub

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

India Forex Reserves: भारत के लिए विदेशी मुद्रा भंडार के मोर्चे पर राहत भरी खबर सामने आ रही है. आंकड़ों की बात करें तो, 30 जनवरी को खत्म हुए सप्ताह में देश का फॉरेक्स रिजर्व 14.36 अरब डॉलर बढ़कर 723.77 अरब डॉलर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है.

इससे पहले वाले सप्ताह में भी देश के विदेशी भंडार में 8.05 अरब डॉलर की बढ़ोतरी देखने को मिली थी. जिसके बाद यह 709.41 अरब डॉलर तक पहुंच गया था. इसकी जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से दी गई है. वहीं, इससे पहले सितंबर 2024 में विदेशी मुद्रा भंडार 704.89 अरब डॉलर के लेवल पर पहुंच गया था. 

सोने के भंडार में मजबूत बढ़त

ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश के गोल्ड रिजर्व में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. आरबीआई के मुताबिक, सोने का भंडार 14.59 अरब डॉलर बढ़कर 137.68 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. इसके अलावा, विशेष आहरण अधिकार यानी एसडीआर में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है. यह 21.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.95 अरब डॉलर के आंकड़े पर पहुंच गया है.

भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 30 जनवरी को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 49.3 करोड़ डॉलर घटकर 562.39 अरब डॉलर पर आ गई. इन परिसंपत्तियों में डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य विदेशी मुद्राओं के मूल्य में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल रहता है.

कमजोर होकर बंद हुआ रुपया

शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने हालात का असर भारतीय रुपये पर भी देखने को मिला. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर बनी अनिश्चितता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपया डॉलर के मुकाबले दबाव में रहा. कारोबार के अंत में यह 31 पैसे गिरकर 90.65 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

यह भी पढ़ें: नियमित निवेश और धैर्य की ताकत; SIP कैसे बदल सकता है आपकी आर्थिक किस्मत, जानें स्मार्ट इन्वेस्टमेंट का तरीका


Source: https://www.abplive.com/business/india-forex-reserves-hit-record-high-gold-reserve-rises-rupee-weakens-january-2026-know-the-details-3085865