[ad_1]
लुधियाना के होटल पार्क प्लाजा के मालिक और कांग्रेस के पूर्व विधायक जसबीर सिंह उर्फ जस्सी खंगूड़ा को सोमवार को कोर्ट से बड़ा झटका लगा। लुधियाना के सेशन कोर्ट ने खंगूड़ा को साल 2008 के एक मामले में दोषी करार देते हुए 2 साल की कैद की सजा सुनाई है। हालांकि, सजा के ऐलान के बाद ही उन्हें कोर्ट से बेल भी मिल गई। उनके लीगल एडवाइजर का कहना है कि पूर्व विधायक की सजा के खिलाफ हायर कोर्ट में अपील करेंगे। यह मामला डेहलों थाने में दर्ज सरकारी कर्मचारियों के साथ बदतमीजी और ड्यूटी में बाधा डालने से जुड़ा है। इसमें खंगूड़ा पर आरोप था कि उन्होंने ब्लॉक समिति चुनाव के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की थी। लीगल एडवाइजर बोले- हायर कोर्ट में अपील करेंगे जस्सी खंगूडा के लीगल एडवाइजर केके शर्मा ने पूर्व विधायक को दोषी ठहराने और उन्हें दो साल की सजा मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह मामला तब का है जब खंगूड़ा विधायक थे। उस समय ब्लॉक समिति चुनाव के दौरान मामला हुआ था। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने जस्सी खंगूड़ा को दो साल की सजा सुनाई है। केके शर्मा का दावा है कि सजा मिलने के बाद उनकी तरफ से बेल लगाई गई और उन्हें तुरंत बेल मिल गई है। उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई। अब वह जल्द ही सजा के खिलाफ हायर कोर्ट में अपील करेंगे। क्या था पूरा मामला जानकारी के अनुसार, यह विवाद 2008 में हुए ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान शुरू हुआ था। लुधियाना के डेहलों इलाके में मतदान हो रहा था। इसी दौरान जस्सी खंगूड़ा मतदान स्थल पर पहुंचे। उन्हें चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने रोक दिया। इसके बाद जब वोटिंग संपन्न हो गई तो चुनाव अधिकारी बैलेट बॉक्सेज को गाड़ी में रखने लगे। चुनाव अधिकारी का आरोप था कि पूर्व विधायक ने उन्हें बैलेट बॉक्स ले जाने से रोका। उन्होंने आरोप लगाया कि खंगूड़ा ने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों के साथ न केवल बदतमीजी की, बल्कि सरकारी काम में बाधा भी डाली। इसके बाद पुलिस ने संबंधित अधिकारियों की शिकायत के आधार पर धारा 353, 341, 332 के तहत डेहलों थाने में मामला दर्ज किया था। हालांकि, वह केस खत्म हो गया था। इसके बाद साल 2017 में रिटर्निंग अफसर फकीर सिंह ने कोर्ट में केस दायर किया था। आज (16 मार्च, 2026) इस मामले की अंतिम सुनवाई के दौरान लुधियाना के एडिशन सेशन जज बरिंदर सिंह रमाणा की कोर्ट ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर जस्सी खंगूड़ा को दोषी पाया और 2 साल की सजा सुनाई। जानिए, जसबीर सिंह उर्फ जस्सी खंगूड़ा के बारे में… कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने जस्सी खंगूड़ा लुधियाना के एक प्रमुख राजनीतिज्ञ और व्यवसायी हैं। वह पहले ब्रिटिश नागरिक थे। उन्होंने 2006 में भारत लौटकर अपनी नागरिकता छोड़ी और राजनीति में कदम रखा। इसके बाद 2007 में कांग्रेस के टिकल पर चुनाव लड़कर वह लुधियाना के किला रायपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बन गए। यह सीट पहले शिरोमणि अकाली दल का गढ़ मानी जाती थी। इसके बाद कांग्रेस ने 2012 के चुनाव में खंगूड़ा को दाखा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह हार गए। इसके बाद साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (AAP) जॉइन की थी। हालांकि, जब उन्हें लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला तो वह मई 2024 में AAP छोड़कर फिर से कांग्रेस में वापस आ गए। 5-स्टार होटल के मालिक, NRI समुदाय में पकड़ वह लुधियाना के पहले 5-स्टार होटल, होटल पार्क प्लाजा (Hotel Park Plaza) के मालिक और प्रमोटर हैं। उन्होंने मैक्रो डेयरी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (MDVL) की शुरुआत की, जो एक बड़े स्तर का डेयरी प्रोजेक्ट है। उन्हें पंजाब के उन शुरुआती नेताओं में गिना जाता है जिन्होंने जनता से संवाद करने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी ढंग से उपयोग करना शुरू किया था। मई 2024 में कांग्रेस में वापसी के बाद वह लुधियाना और पंजाब कांग्रेस में एक सक्रिय रणनीतिकार की भूमिका निभा रहे हैं। वह विशेष रूप से NRI समुदाय और लुधियाना के औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं।
[ad_2]
लुधियाना में पूर्व कांग्रेस MLA को 2 साल की सजा: सरकारी काम में बाधा डालने के दोषी; लीगल एडवाइजर बोले- हायर कोर्ट जाएंगे – Ludhiana News

