[ad_1]
लुधियाना में मॉडल टाउन स्थित गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (GNIMT) के पास आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नेल स्टूडियो में गोली चल गई। स्टूडियो के मालिक ने अपनी ही पूर्व महिला कर्मचारियों को डराने के लिए गोली चला दी थी। ये महिला कर्मचारी अपना बकाया लेने पहुंचे थे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां स्टूडियो मालिक ने बकाया पैसे चुकाकर मामले से अपना पीछा छुड़ाया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया, इसलिए किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। वहीं, लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि दुकान में गोली चलने से हड़कंप मच गया, गोली किसी को भी लग सकती थी। ऐसे मामले में तो पुलिस को खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। जानिए, क्या है पूरा मामला… बकाया लेने पहुंची थीं युवतियां आसपास कारोबार करने वाले लोगों के अनुसार, नेशंस नेल स्टूडियो में आज दोपहर करीब ढाई बजे 3 से 4 युवतियां आईं। ये युवतियां इस स्टूडियो में पहले काम कर चुकी थीं। इनका आरोप था कि स्टूडियो मालिक ने इनसे काम करवाया, लेकिन पैसा नहीं दिया। अपना बकाया पैसा लेने ही ये युवतियां स्टूडियो में आई थीं। इस दौरान इन्होंने स्टूडियो मालिक से बात की। बात में कहासुनी हुई तो स्टूडियो मालिक ने युवतियों को जाने के लिए कहा, लेकिन युवतियां नहीं गईं। वे स्टूडियो मालिक का विरोध करने लगीं। स्टूडियो मालिक ने फायर किया स्टूडियो मालिक ने इसी दौरान अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और युवतियों को डराने के लिए हवा में फायर कर दिया। इससे युवतियां डर गईं और बाहर दौड़ने लगीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने स्टूडियो मालिक से पूछताछ की। फिर युवतियों से भी मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। पुलिस बोली- 2 घंटे तक दोनों पक्षों से पूछताछ की, समझौता कराया मॉडल टाउन थाना के SHO जसविंदर सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों को करीब 2 घंटे तक थाने में बैठाकर रखा और उनसे पूछताछ की गई। हालांकि, किसी पक्ष ने दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं दी। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में समझौते पर राजी हो गए। स्टूडियो के मालिक ने थाने में ही सभी युवतियों का बकाया क्लियर कर दिया, इसलिए युवतियों ने उसके खिलाफ कोई भी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। वहीं, स्टूडियो मालिक को भी युवतियों से कोई शिकायत नहीं थी। इसलिए, दोनों पक्षों को जाने दिया गया। जाना-माना स्टूडियो, सोशल मीडिया पर बड़ी पहुंच बता दें कि लुधियाना स्थित नेशंस नेल स्टूडियो एंड एकेडमी एक जाना-पहचाना नाम है। यहां आधुनिक तकनीक के साथ नेल एक्सटेंशन, नेल आर्ट और कई तरह के स्टाइलिश नेल डिजाइन किए जाते हैं, जिससे ग्राहकों के नाखूनों को आकर्षक और सुंदर रूप दिया जाता है। इसके अलावा इसमें नेल आर्ट ट्रेनिंग के लिए युवक-युवतियां भी आते हैं। सोशल मीडिया पर इसका नेशंस नेल स्टूडियो एंड एकेडमी नाम से पेज है, जिस पर 25 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
[ad_2]
लुधियाना के नेल स्टूडियो में युवतियों पर फायरिंग: मालिक ने अपनी ही पूर्व कर्मचारियों पर गोली चलाई; बकाया मांगने आई थीं, जान बचाकर भागीं – Ludhiana News



