[ad_1]
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद उठे सियासी बवंडर के बीच उकलाना से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने भाजपा पर कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने का आरोप लगाया है। विधायक सेलवाल का आरोप है कि कांग्रेस विधायकों को 25-25 करोड़ रुपये तक का प्रलोभन दिया गया। उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश भी की गई। उन्होंने दावा किया कि उन्हें स्वयं भी 25 करोड़ रुपये का ऑफर मिला था। मतदान के दिन सुबह कुछ विधायकों को बार-बार कॉल करके दबाव बनाने की कोशिश की गई। मजबूर होकर अपने मोबाइल फोन तक बंद करने पड़े।
उकलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव गाजूवाला में शादी समारोह में पहुंचे कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने के लिए हर चाल चली। चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से हॉर्स ट्रेडिंग की गई। भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को कई तरह के प्रलोभन दिए। उनके मोबाइल पर बार-बार कॉल की जा रही थी। क्रॉस वोटिंग के सवाल पर जवाब देते हुए विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को मतदान प्रक्रिया की पूरी ट्रेनिंग दी थी। इसके बावजूद कुछ विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया।
पार्टी के अधिकृत एजेंटों ने अपनी आंखों से पांच विधायकों को गद्दारी करते हुए देखा है। इन पांच विधायकों के खिलाफ कांग्रेस हाईकमान की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। पार्टी के साथ धोखा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। इसके अलावा उन्होंने यह भी दावा किया कि चार अन्य विधायकों के वोट रद्द हुए हैं, जिसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध 28 वोट के साथ विजयी रहे। निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के वोटों की गिनती नहीं हुई, क्योंकि नियमों के अनुसार तीसरे उम्मीदवार के वोट गिनने का प्रावधान नहीं है। सतीश नांदल को 27 वोट मिलने की बात पूरी तरह गलत है।
[ad_2]
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग मामला: MLA नरेश सेलवाल का आरोप, कांग्रेस विधायकों को 25-25 करोड़ के प्रलोभन दिए




