[ad_1]
मेलानिया ट्रम्प पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘मेलानिया’ ब्रिटेन में फ्लॉप हो गई है। लंदन में शुक्रवार को स्क्रीनिंग के लिए सिर्फ एक टिकट बिका है, जबकि शाम 6 बजे की स्क्रीनिंग के लिए दो टिकट बिके हैं। लंदन के व्यू थिएटर्स में कुल 28 शेड्यूल्ड स्क्रीनिंग्स के लिए अभी तक कोई टिकट नहीं बिका है। यह फिल्म अमेरिकी प्रथम महिला मेलानिया ट्रन्प के जीवन की झलक दिखाती है। अमेजन ने डॉक्यूमेंट्री को ब्रिटेन के 100 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज किया। निर्माताओं को इसके हिट होने की उम्मीद थी। फिल्म 30 जनवरी को थिएटर्स में आएगी। यह अमेरिका में करीब 1,400-2,000 थिएटर्स और दुनियाभर में 27 देशों में 5,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होगी। अमेजन स्टूडियोज ने इस फिल्म के राइट्स 40 मिलियन डॉलर यानी लगभग 340 करोड़ रुपये में खरीदे थे, इसके अलावा कंपनी ने वैश्विक मार्केटिंग पर 35 मिलियन डॉलर (321 करोड़ रुपये) खर्च किए हैं। ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने से 20 दिन पहले की कहानी इस डॉक्यूमेंट्री में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद डोनाल्ड ट्रम्प और मेलानिया ट्रम्प की व्हाइट हाउस में वापसी की कहानी है। फिल्म में शपथ ग्रहण से पहले के 20 दिनों की झलक दिखाई गई है। मेलानिया ट्रम्प ने बताया कि उन्हें इस डॉक्यूमेंट्री का विचार 2024 का चुनाव जीतने के बाद आया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके जीवन को करीब से समझने का मौका देगी। मेलानिया ने न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में कहा, यह फिल्म अमेरिका के लिए एक अहम दौर को दिखाती है। पहली बार लोग शपथ ग्रहण से पहले के 20 दिन एक आने वाली प्रथम महिला की नजर से देख पाएंगे। डॉक्यूमेंट्री में मेलानिया का निजी जीवन भी दिखाया डॉक्यूमेंट्री में मेलानिया ट्रम्प के निजी और सार्वजनिक जीवन को दिखाया गया है। इसमें बिजनेसवुमन, पत्नी और मां की भूमिका निभाने के साथ-साथ परिवार को दोबारा व्हाइट हाउस शिफ्ट कराने की जिम्मेदारी भी दिखाई गई है। करीब दो घंटे की इस फिल्म के ट्रेलर में मेलानिया कहती हैं, “हर कोई जानना चाहता है, तो ये रहा।” एक सीन में शपथ ग्रहण के दिन मेलानिया कैपिटल बिल्डिंग में खड़ी नजर आती हैं और कैमरे की ओर देखते हुए कहती हैं, “हम फिर से यहां हैं।” जनवरी 2025 के एक सर्वे के मुताबिक, करीब 40% अमेरिकी लोगों की उनके बारे में कोई राय नहीं थी। हालांकि रिपब्लिकन समर्थकों में उनकी लोकप्रियता ज्यादा है। डॉक्यूमेंट्री से मेलानिया की छवि को फायदा एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह डॉक्यूमेंट्री मेलानिया की छवि को बेहतर बना सकती है। इतिहासकार कैथरीन सिबली के मुताबिक, “यह फिल्म अमेरिकी जनता के सामने मेलानिया की छवि को नए तरीके से पेश करने की कोशिश है।” मेलानिया ट्रम्प ने कहा कि वह प्रथम महिला की पारंपरिक जिम्मेदारियां निभाने पर गर्व महसूस करती हैं, जैसे राजकीय भोज, ईस्टर एग रोल और क्रिसमस सजावट। इसके साथ ही वह समाज पर सकारात्मक असर डालना भी चाहती हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी है। उनकी पहल पर ‘टेक इट डाउन एक्ट’ पास हुआ, जिसके तहत बिना अनुमति निजी तस्वीरें ऑनलाइन डालना अपराध है। इसके अलावा उन्होंने फोस्टर बच्चों के लिए ‘बी बेस्ट’ अभियान के तहत कई योजनाएं शुरू कीं।
[ad_2]
मेलानिया ट्रम्प की डॉक्यूमेंट्री ब्रिटेन में फ्लॉप: लंदन प्रीमियर में सिर्फ 1 टिकट बिका, अमेजन ने ₹340 करोड़ में राइट खरीदे थे




