महिला::: होली पर हर्बल रंगों के प्रयोग की सलाह, त्वचा व बालों की सुरक्षा पर जोर Latest Haryana News

[ad_1]

– विशेषज्ञों ने बताए आसान घरेलू उपाय, एलर्जी वाले लोग बरतें अतिरिक्त सावधानी

फोटो- 34, 35

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा। होली के त्योहार पर रंगों के बढ़ते प्रयोग को देखते हुए चिकित्सकों, त्वचा विशेषज्ञों व हर्बल प्रोडक्ट्स विशेषज्ञों ने लोगों से हर्बल रंगों का उपयोग करने की अपील की है। खुले में बिकने वाले रंगों की गुणवत्ता का सही अंदाजा नहीं होता। इनमें मिलावट या हानिकारक केमिकल हो सकते हैं, जो त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में सुरक्षित और प्राकृतिक रंगों का चयन करना बेहतर रहेगा।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि होली खेलने से पहले त्वचा और बालों की सुरक्षा के उपाय जरूर कर लें। रंग खेलने से पहले शरीर पर नारियल या सरसों का तेल अच्छी तरह लगा लें। इससे त्वचा पर एक परत बन जाती है और रंग सीधे त्वचा के संपर्क में नहीं आता। जिन लोगों को रंगों से एलर्जी की समस्या रहती है, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और संभव हो तो रंगों से दूरी बनाए रखें।

बालों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। बालों में सरसों या नारियल का तेल लगाने से रंगों का असर कम होता है और बाद में रंग आसानी से निकल जाता है। सूखे बालों पर रंग जल्दी चिपक जाता है, इसलिए पहले से तेल लगाना फायदेमंद माना जाता है। छोटे बच्चों के बालों में भी तेल लगाकर ही उन्हें रंग खेलने दें।

आंखों में रंग जाने पर तुरंत पानी से धोएं

होली खेलने के दौरान आंखों का भी विशेष ध्यान देना चाहिए। अक्सर आंखों में रंग जाने पर एलर्जी, खुजली, लालीपन, आंखों में पानी जैसी समस्याएं आ सकती हैं। ऐसे में आंखों में रंग चला जाए तो तुरंत साफ पानी से धोएं और रगड़ें नहीं। किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या होने पर स्वयं उपचार करने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लें।

चेहरे पर वैसलीन लगाना बेहतर

चेहरे की त्वचा सबसे अधिक संवेदनशील होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि होली खेलने से पहले चेहरे पर वैसलीन या मॉस्चराइजर की हल्की परत लगा लें। इससे रंग सीधे त्वचा के रोमछिद्रों में नहीं जाता। आंखों और होंठों के आसपास विशेष ध्यान रखें, क्योंकि ये हिस्से अधिक संवेदनशील होते हैं।

होली खेलने के बाद ऐसे करें देखभाल

होली के बाद त्वचा की देखभाल भी बेहद जरूरी है। रंग छुड़ाने के लिए कठोर या रगड़कर सफाई करने के बजाय हल्के हाथों से सफाई करें। दही और मुल्तानी मिट्टी का लेप लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और रंग भी धीरे-धीरे निकल जाता है। इसके बाद हल्के, सॉफ्ट साबुन का प्रयोग करें। विशेषज्ञों ने ग्लीसरीन युक्त साबुन उपयोग करने की सलाह दी है, जिससे त्वचा की नमी बनी रहती है। इसके बाद रोज वॉटर और फिटकरी को मिक्स करके हल्का स्प्रे भी उपयोगी माना गया है। इससे त्वचा को राहत मिलती है और जलन कम होती है। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले यदि त्वचा अत्यधिक संवेदनशील है तो चिकित्सक से परामर्श लेना बेहतर रहेगा।

कोट्स

होली खेलने से पहले नारियल का तेल अपने चेहरे व बालों में जरूर लगाएं। इससे केमिकल वाले रंगों से बचत होगी। वहीं, अगर किसी को पहले से ही रंगों से एलर्जी है तो वह रंगों से दूरी ही रखे।

– नीलम, जय हर्बल्स, सिरसा।

बॉक्स

होली खेलने के बाद ग्लीसरीन युक्त साबुन का प्रयोग कर सकते हैं। दही व मुल्तानी मिट्टी का लेप चेहरे पर लगाएं, इससे काफी फायदा मिलेगा। वहीं फिटकरी व रोज वाॅटर को मिक्स करके इसका स्प्रे चेहरे पर करें। इससे चेहरे पर ठंडक मिलेगी।

– विमल, सत्त हर्बल्स, सिरसा।

[ad_2]
महिला:::
होली पर हर्बल रंगों के प्रयोग की सलाह, त्वचा व बालों की सुरक्षा पर जोर