[ad_1]
अनाज मंडी तोशाम में बाजरे की खरीद एमएसपी रेट पर न होने के कारण नाराज संडवा के एक किसान ने बाजरे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर खाली कर दी। जिसके कारण तोशाम-सिवानी मार्ग पर जाम लग गया। सूचना के बाद मंडी सचिव मौके पर पहुंची। उन्होंने किसान को समझाकर सड़क से बाजरा उठवाया।’
संडवा निवासी किसान लीलाराम ने बताया कि मंडी में बाजरा 1900 से 1950 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जा रहा है। वहीं, किसान को सरकार 575 रुपये प्रति क्विंटल भावांतर दे रही है। इससे किसान को करीब 300 रुपये प्रति क्विंटल नुकसान हो रहा है। किसान का कहना था कि किसान बाजरा लेकर एमएसपी भाव पर बेचने के लिए मंडी लेकर आते हैं। यहां आने के बाद उनका बाजरा एमएसपी से करीबन 300 रुपये प्रति क्विंटल कम खरीदा जा रहा है। किसान का कहना था कि एक तो वे ट्रैक्टर किराये पर लेकर बाजरा बेचने के लिए मंडी में लाते हैं। वहां आने के बाद कम भाव पर उनका बाजरा खरीदा जाता है, जो किसानों के साथ सरासर धोखा है। नाराज किसान ने दोपहर करीब पौने एक बजे बाजरे से भरी ट्राली अनाज मंडी के बाहर खाली कर दी। जिसकी सूचना के बाद पुलिस व मंडी सचिव मौके पर पहुंची। उन्होंने किसान को समझाया। जिसके बाद करीब 3 बजे किसान बाजरा सड़क से ट्राली में वापस भरा। मंडी सचिव सुदेश कुमारी ने बताया कि किसान ने बिना उनसे मिले व गेट पास कटवाए ही बाजरा सड़क पर खाली कर दिया। जिसके बाद उसको समझाया गया। किसान का गेट पास कटवाकर उसके बाजरे की बोली करवा दी गई है।
[ad_2]
भिवानी के तोशाम में बाजरे की खरीद न होने से परेशान किसान ने सड़क पर उतारा बाजरा



