भारत में आज से दुनिया के सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी इवेंट ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ शुरू होने जा रहा है। ये इवेंट 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। इवेंट में 30 से ज्यादा देशों की 300+ कंपनियां अपने एआई गैजेट्स और तकनीक दिखाएंगी। यहां आम लोग देख सकेंगे कि एआई असल जिंदगी में कैसे काम करता है और भविष्य में AI से खेती, सेहत और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में क्या बदलाव लाने वाला है। समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और बिल गेट्स समेत 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष और 100 से अधिक ग्लोबल सीईओ शामिल होंगे। सुंदर पिचाई से लेकर सैम ऑल्टमैन तक शामिल होंगे इस इवेंट में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों के प्रमुख शामिल हो रहे हैं। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, ओपनएआई) के सैम ऑल्टमैन, एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग और माइक्रोसॉफ्ट-गूगल के अन्य बड़े नाम इसमें हिस्सा लेंगे। इन ग्लोबल नामों के साथ भारत के बड़े बिजनेसमैन भी मंच साझा करेंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, टाटा संस के एन. चंद्रशेखरन, इंफोसिस के नंदन नीलेकणि, भारती एंटरप्राइजेज के सुनील भारती मित्तल, टीसीएस के सीईओ के. कृतिवासन और एचसीएल टेक की रोशनी नादर मल्होत्रा भी शामिल होंगी। PM मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर आ रहे 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में सिर्फ टेक लीडर्स ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर दुनिया के कई ताकतवर देशों के नेता भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज शामिल हैं। इसके अलावा भूटान, श्रीलंका, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और मॉरीशस जैसे देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी इस चर्चा का हिस्सा बनेंगे। कुल 45 से ज्यादा देशों के मंत्री स्तर के प्रतिनिधिमंडल और संयुक्त राष्ट्र (UN) के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान भारत में होंगे। 19 फरवरी को शामिल होंगे पीएम मोदी 16 फरवरी (सोमवार): समिट के पहले दिन की शुरुआत एक्सपर्ट्स और पॉलिसी मेकर्स के बीच ‘राउंडटेबल’ चर्चाओं से होगी।इसी दिन ‘इंडिया एआई एक्सपो’ का उद्घाटन होगा, जहां स्टार्टअप्स और इनोवेशन का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां 300 से ज्यादा भारतीय और विदेशी स्टार्टअप्स अपने ऐसे गैजेट्स दिखाएंगे जो एआई की मदद से चलते हैं। 17 फरवरी (मंगलवार): दूसरे दिन का पूरा फोकस उन क्षेत्रों पर होगा जिनका आम आदमी की जिंदगी से सीधा संबंध है। सरकार खेती, सेहत, शिक्षा,एनर्जी, जेंडर एम्पावरमेंट और दिव्यांगों की मदद के लिए 6 विशेष रिसर्च बुक्स लॉन्च करेगी। ये किताबें बताएंगी कि कैसे एआई की मदद से इन क्षेत्रों में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। 18 फरवरी (बुधवार): दुनिया के टॉप वैज्ञानिक, रिसर्चर और थिंक टैंक अपनी ‘कटिंग-एज’ रिसर्च दुनिया के सामने रखेंगे। टेक कंपनियां और स्टार्टअप्स डेमो देकर दिखाएंगे कि उनकी एआई तकनीक असल में कैसे काम करती है और भविष्य की मशीनें कैसी होंगी। 19 फरवरी (गुरुवार): पीएम मोदी आधिकारिक तौर पर उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे। सुंदर पिचाई , सैम ऑल्टमैन और बिल गेट्स जैसे 100 से ज्यादा ग्लोबल दिग्गज पीएम मोदी के साथ एक मेज पर बैठेंगे। इसमें भारत में एआई सेक्टर में बड़े निवेश और रणनीतिक पार्टनरशिप पर अहम फैसले होंगे। 20 फरवरी (शुक्रवार): GPAI काउंसिल की मीटिंग होगी। सदस्य देशों के प्रतिनिधि एक साथ बैठेंगे ताकि एआई को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जा सके। विदेश मंत्रालय के वीडियो में देखिए समिट की जानकारी आम लोगों के लिए समिट में ये 5 चीजें होंगी खास AI इम्पैक्ट एक्सपो: 70,000 वर्ग मीटर से ज्यादा बड़े एरिया में एक मेगा प्रदर्शनी लगेगी। इसमें 30 से ज्यादा देशों की 300+ कंपनियां अपने एआई गैजेट्स और तकनीक दिखाएंगी। आम लोग देख सकेंगे कि एआई असल जिंदगी में कैसे काम करता है। एजुकेशन और स्किलिंग: छात्रों और युवाओं के लिए ‘YUVAi’ और ‘AI for ALL’ जैसे प्रोग्राम होंगे। इसके जरिए लोग यह सीख सकेंगे कि एआई टूल्स का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई और करियर को बेहतर बनाने के लिए कैसे किया जाए। रोजमर्रा की समस्याओं पर फोकस: एक्सपो में ऐसे एआई मॉडल्स का डेमो होगा जो खेती में फसल की बीमारी पहचानने, अस्पतालों में बेहतर इलाज करने और भाषा अनुवाद को आसान बनाने में मदद करते हैं। स्टार्टअप्स लीडर्स से मुलाकात: देश-विदेश के स्टार्टअप्स अपने अनोखे प्रोडक्ट्स पेश करेंगे। आम लोग इन इनोवेटर्स से सीधे बात कर सकेंगे और समझ सकेंगे कि भविष्य की तकनीक कैसी होगी। एक्सपीरिएंस जोन: समिट में कई ‘थीमैटिक पैवेलियन’ बनाए गए हैं। यहां लोग खुद एआई पावर्ड मशीनों और सॉफ्टवेयर का अनुभव ले सकेंगे, जैसे स्मार्ट हेल्थ मॉनिटरिंग और एआई ट्यूटर।
Source: https://www.bhaskar.com/business/news/india-ai-impact-summit-2026-global-ceos-ai-gadgets-137214509.html



