[ad_1]
Last Updated:
Haryana Weather Today: हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब मौसम साफ होने जा रहा है, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा 40°C तक पहुंच सकता है, जबकि 11-12 अप्रैल को हल्की बारिश के बाद फिर से गर्मी बढ़ने के आसार हैं.
अंबाला: हरियाणा में आज से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है और अब एक बार फिर से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा. क्योंकि हरियाणा में बुधवार को भी कई जिलों में बादल छाए रहे और करनाल व कुरुक्षेत्र में तो दोपहर बाद जमकर ओले गिरे. इसी तरह यमुनानगर और जींद में सुबह तेज बारिश हुई, जबकि पंचकूला में बूंदाबांदी हुई और नारनौल व गुरुग्राम में रातभर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा. लेकिन अब मौसम विभाग ने साफ तौर पर बताया है कि आज से मौसम साफ होने लगेगा और पूरे हरियाणा में किसी भी तरह की कोई चेतावनी नहीं है.
कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी चंडीगढ़ की मानें तो हरियाणा के भिवानी जिले में कल यानी 8 अप्रैल को तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि सुबह के समय महेंद्रगढ़ जिले में तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला. वहीं हरियाणा में आज सुबह का तापमान 14°C है, और हवा, नमी व अन्य मौसम की स्थितियों जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए यह 12°C जैसा महसूस हो सकता है, क्योंकि सुबह अंबाला जिले का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
वहीं मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 9 अप्रैल को हरियाणा राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और दिन में तेज धूप के कारण तापमान 36-38°C तक पहुंच सकता है. इसी तरह सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी, जबकि 10 अप्रैल को गर्मी में हल्की बढ़ोतरी होगी. ऐसे में कुछ इलाकों में हल्की धूल भरी हवाएं चल सकती हैं और तापमान 37-39°C के बीच रहने की संभावना है.
कई जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना
वहीं 11 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल सकता है और बादल छाने के साथ कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसी तरह 12 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी. वहीं 13 अप्रैल को मौसम फिर साफ होने लगेगा और दिन में धूप तेज रहेगी व तापमान दोबारा बढ़कर 36-38°C तक पहुंच सकता है. वहीं 14 अप्रैल को गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ेगी. अधिकतम तापमान 38-40°C तक जा सकता है, जबकि कुछ इलाकों में लू जैसे हालात शुरू हो सकते हैं. ऐसे में 15 अप्रैल को तेज गर्मी बनी रहेगी, हालांकि शाम के समय हल्की हवाएं चलने से कुछ राहत मिल सकती है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें
[ad_2]



