पायलट पर निशाना? ‘कुछ लोग कार्यकर्ताओं को भड़का रहे’, बोले गहलोत- जानते भी हो मान-सम्मान क्या होता है..


स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजस्थान के शहीद स्मारक पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा तिरंगा फहराया गया। झंडा फहराए जाने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और अन्य लोगों से मुखातिब हुए। इस दौरान सीएम ने कुछ ऐसा कहा जिसे लेकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनके निशाने पर अपने ही पार्टी के एक और दिग्गज नेता सचिन पायलट थे। अपने भाषण में सचिन पायलट का नाम लिये बना अशोक गहलोत ने कहा कि कुछ लोग पार्टी कार्यकर्ताओं को भड़का रहे हैं।

अशोक गहलोत ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि कार्यकर्ताओं की अपेक्षाएं भी होती हैं। बोर्ड में आ जाऊं, कॉरपोरेट बन जाऊं, या कुछ और बन जाऊं। कांग्रेस में कुछ बाते ऐसी रही हैं कि कई बार ऐसा सिस्टम बन जाता है कि मैं कर नहीं पाता। वो सिस्टम बनता है अच्छे के लिए। जिसके बाद महामंत्री फैसला करते हैं कि बोर्ड में कौन-कौन आए। मुख्यमंत्री या प्रदेश अध्यक्ष एकतरफा फैसला कर सकता है। तो कार्यकर्ताओं को न्याय नहीं मिल पाता। असली कार्यकर्ता कौन है वो रिपोर्ट हमारे पास आए फिर हम बनाएंगे। 

कुछ लोग हमारे नेता कार्यकर्ताओं को भड़काते हैं। कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान होना चाहिए। जुमला हो गया है। अरे, कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान आपने कभी किया है क्या, जानते भी हो क्या कि मान-सम्मान क्या होता है? हम तो मान-सम्मान पाते-पाते ही कार्यकर्ता से नेता बने हैं।’

पीएम मोदी पर निशाना

बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। गहलोत ने कहा कि आज प्रधानमंत्री जी बोले लाल किले की प्राचीर से कि 75 साल में सफ़र तय किया हमने, यहां तक पहुंचे हैं… तो सफ़र के भागीदार कौन थे? मुसाफिर कौन थे? उसके कर्ता-धर्ता कौन थे, उनका नाम क्यों नहीं लेते हो आप लोग फिर?

सीएम ने आगे कहा, ‘ये आप राजनीति कर रहे हो, ये राजनीति करना आपके, न देश के हित में है और मैंने कहा कि इनकी अंतर्आत्मा खुद जो है पश्चाताप करेंगे आने वाले वक्त के अंदर ये, वरना पब्लिक खुद पश्चाताप करवा देगी इनको क्योंकि सच्चाई, सच्चाई ही होती है, सच्चाई का विकल्प कुछ नहीं होता है, ये मेरा मानना है।’

सीएम ने कहा कि रोजगार और महंगाई बहुत बड़ा मुद्दा है, उससे ध्यान भटकाने के लिए ये लोग कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। आज लोगों की कमर तोड़ रही महंगाई और बेरोजगारी से हाहाकार मचा हुआ है। उस पर ध्यान देना चाहिए इन लोगों को।

केजरीवाल ने गांधी जी की फोटो हटाई- गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। सीएम गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी और अरविंद केजरीवाल एक ही तरह के लोग हैं। लोग इनके झांसे ना आए। सीएम ने कहा कि केजरीवाल राष्ट्रीय नेता बनना चाहता है।

करोड़ो रुपये खर्च करते हैं। केजरीवाल गांधीजी की फोटो हटा देते हैं। पहले बीजेपी भी गांधीजी को नहीं अपनाती थी। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने तो गांधी जी को ऑफिशियल हटा दिया है। केजरीवाल ने दिल्ली में गांधीजी की तस्वीर के सामने आमरण अनशन किया था। आज गांधीजी की तस्वीर को हटा दिया है। ऐसे लोग दोहरे चरित्र वाले होते हैं।

.


What do you think?

DA वृद्धि: इस राज्य ने सरकारी कर्मचारियों के लिए 3% DA वृद्धि की घोषणा की

महिंद्रा भारत में लॉन्च करेगी पांच इलेक्ट्रिक एसयूवी, नामों की घोषणा: विवरण यहां