[ad_1]
जालंधर में AAP विधायक के घर के बाहर जमा भीड़ और अधिकारी से बात करने की कोशिश करती मीडिया। इनसेट में रमन अरोड़ा की फोटो।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस टीम ने सुबह 8.45 बजे अरोड़ा के अशोक नगर स्थित घर पर रेड की। जिस वक्त विजिलेंस टीम पहुंची, विधायक अरोड़ा कहीं जा रहे थे।
.
विजिलेंस ने घर के नजदीक मंदिर के मोड़ से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम उन्हें घर में ले गई। जिसके बाद अंदर छानबीन चल रही है। विधायक का केस कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए ATP से जुड़ा हुआ है।
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक विधायक पर आरोप है कि जालंधर नगर निगम के जरिए उन्होंने लोगों को नोटिस भिजवाए। फिर रुपए लेकर नोटिसों को रफा-दफा करा दिया। इस मामले में FIR भी दर्ज की जा चुकी है।
अरोड़ा पर एक्शन की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी थी। कुछ दिन पहले ही अरोड़ा की सिक्योरिटी वापस ले ली गई थी।
AAP नेता एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन सन्नी आहलूवालिया ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि रमन अरोड़ा को अरेस्ट कर लिया गया है। हालांकि सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि अभी अरेस्ट नहीं किया है।
हैरानी की बात है कि 4 दिन पहले विधानसभा की नई कमेटियां गठित की गई थीं। इसमें रमन अरोड़ा को भी पब्लिक अंडरटेकिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया था।
ATP की गिरफ्तारी से जुड़ा विधायक का केस विजिलेंस सूत्रों के अनुसार बीते दिनों जालंधर सेंट्रल हलके से विधायक रमन अरोड़ा के करीबी नगर निगम के बिल्डिंग ब्रांच के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ को गिरफ्तार किया गया था। विजिलेंस को इनपुट मिले कि रिश्वत के खेल में विधायक रमन अरोड़ा भी शामिल हैं। विजिलेंस ने एटीपी से पूछताछ की और करीब एक महीने तक दस्तावेज और दूसरे सबूत जुटाए। जिसके बाद पहले एटीपी और अब विधायक पर विजिलेंस की रेड की गई है।
जालंधर में पकड़ा गया एटीपी सुखदेव वशिष्ठ।
विधायक की सुरक्षा हटाई थी कुछ दिन पहले सरकार ने रमन अरोड़ा की सिक्योरिटी हटाई थी। अरोड़ा के साथ 12 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। अरोड़ा ने खुद सिक्योरिटी हटाए जाने की पुष्टि की थी। सुरक्षा हटाए जाने के बाद से पंजाब की राजनीति में चर्चा थी कि जल्द रमन अरोड़ा पर सरकार कार्रवाई कर सकती है। तब रमन अरोड़ा ने कहा था- मुझे नहीं पता कि सुरक्षा क्यों हटाई गई, मगर मैं आम आदमी पार्टी का ईमानदार नेता हूं। सरकार ने जो फैसला लिया, मुझे मंजूर है।

आम आदमी पार्टी ने पोस्टर जारी कर कहा कि चाहे अपना हो या बेगाना, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंजाब पुलिस के DCP नरेश डोगरा से विधायक का विवाद पंजाब में फरवरी 2022 में विधानसभा चुनाव होने के लगभग 7 महीने बाद सितंबर में 2 दुकानदारों के बीच हुए झगड़े को सुलझाने के दौरान विधायक रमन अरोड़ा का डीसीपी नरेश डोगरा के साथ विवाद हो गया था। इस विवाद ने राज्य में खासी सुर्खियां बटोरीं। क्योंकि एक निजी संस्थान के ऑफिस में रमन अरोड़ा के समर्थकों द्वारा डीसीपी रैंक के अधिकारी से मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए थे। बाद में दोनों में समझौता हो गया था।
दिल्ली चुनाव में हार के बाद एक्शन में AAP सरकार
दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग और 8 फरवरी को रिजल्ट आया था। जहां 10 साल बाद आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर हो गई। दिल्ली के बाद पंजाब अकेला राज्य है, जहां आम आदमी पार्टी की सरकार है। पंजाब में 2027 में चुनाव होने हैं, इसे देखते हुए AAP यहां एक्शन मोड में नजर आ रही है। विधायक रमन अरोड़ा पर विजिलेंस रेड से पहले सरकार 3 बड़ी कार्रवाई कर चुकी है।
- 17 फरवरी 2025 को श्री मुक्तसर साहिब के डिप्टी कमिश्नर राजेश त्रिपाठी को सस्पेंड किया गया था। उनके खिलाफ विजिलेंस जांच हुई थी।
- 17 फरवरी को ही विजिलेंस चीफ वरिंदर कुमार को पद से हटाया गया था। वरिंदर कुमार पर आरोप था कि उनके कार्यकाल में कई नेताओं पर केस दर्ज हुए थे, लेकिन अदालत में केस कमजोर पड़ने से आरोपी बाहर आ गए थे। उनकी जगह 1995 बैच के जी नागेश्वर राव को इस पद पर लगाया गया था।
- इसके बाद सरकार ने राव को भी पद से हटा दिया। 26 मार्च को उनकी जगह IPS अधिकारी एसपीएस परमार को विजिलेंस प्रमुख लगाया गया था। मगर, ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले के आरोपियों पर उचित कार्रवाई न होने की वजह से उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। उनकी जगह 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी ADGP एनआरआई प्रवीण कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पहले भी 2 विधायकों पर हो चुकी कार्रवाई…
- 24 मई 2022 को AAP सरकार ने उस समय के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को अरेस्ट किया था। उन्हें कैबिनेट से भी बर्खास्त कर दिया गया था। CM भगवंत मान ने तब कहा था कि सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1% कमीशन मांग रहे थे। सिंगला ने पिछले चुनाव में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को हराया था।
- 23 फरवरी 2023 को रिश्वत के मामले में बठिंडा ग्रामीण के विधायक अमित रतन को गिरफ्तार किया गया था। रतन को विजिलेंस यूनिट ने चंडीगढ़ स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। विधायक पर आरोप था कि उन्होंने एक सरपंच से रिश्वत ली थी। हालांकि अब वह जमानत पर बाहर हैं।
[ad_2]
पंजाब में भ्रष्टाचार केस में AAP विधायक गिरफ्तार: घर पर सुबह से विजिलेंस रेड जारी; नोटिस भिजवा सेटिंग कर वसूली के आरोप में FIR – Jalandhar News