[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर पुलिस की ओर से ऑपरेशन प्रहार 2.0 शुरू करने की घोषणा है। पुलिस इस ऑपरेशन के जरिए नशा तस्करों और अपराधियों पर कड़ा एक्शन लेने की फिराक में है। इसके अलावा पंजाब के शाही इमाम को थप्पड़ मारने का मामला भी सुर्खियों में है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब में दिनभर में क्या कुछ खास रहा..
1. पंजाब पुलिस कल से शुरू करेगी ऑपरेशन प्रहार 2.0
पंजाब पुलिस कल (9 फरवरी) सुबह 8 बजे से ऑपरेशन प्रहार 2.0 शुरू करेगी। यह ऑपरेशन 72 घंटे तक चलेगा। सीनियर अधिकारियों को जिले अलॉट कर दिए गए हैं। ऑपरेशन को लेकर 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में उतरेंगे। डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हमारा लक्ष्य पंजाब को गैंगस्टर और क्राइम फ्री करना है। इससे पहले ऑपरेशन प्रहार का फेज-1 20 जनवरी से शुरू हुआ था। इस दौरान 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया गया। (पढ़ें पूरी खबर)
2. पंजाब के शाही इमाम पर हमला, थप्पड़ मारे

पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी पर हमला किया गया। बाप-बेटों ने उन पर ईंटें बरसाईं। वहीं, एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ भी मारा। इसका वीडियो भी सामने आया है। हमला लुधियाना में जामा मस्जिद के बाहर किया। घटना के पीछे मस्जिद परिसर में बनी दुकानों को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. इंटरनेशनल बॉर्डर से सटे गांव से 125 करोड़ की हेरोइन बरामद

अमृतसर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित गांव घोगा से 125 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की गई है। अमृतसर पुलिस और BSF के चलाए साझा ऑपरेशन में एक घर से पाकिस्तान से आए हथियार भी पकड़े गए। सुरक्षा एजेंसियों के पुख्ता इंटेल के बाद पुलिस और BSF ने एक संदिग्ध घर पर संयुक्त रूप से छापा मारा था। इसी दौरान यहां से 25 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई। (पढ़ें पूरी खबर)
4. गोली लगने के बाद AAP नेता लक्की का नौकर बोला- बचा लो

जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय के हत्याकांड में शामिल नौकर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। अमृतसर रूरल पुलिस और नौकर के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें गोली लगने के बाद पुलिस ने नौकर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान नौकर ने कहा कि एक बार बचा लो। गलती हो गई। दोबारा गलती नहीं करूंगा। नौकर शमिंदर उर्फ शिंगरी ही स्कूटी पर शूटर को लेकर आया था। 6 फरवरी को लक्की की हत्या की गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. ट्यूशन सेंटर में लेडी टीचर पर हमला, पेट में लातें मारीं

लुधियाना में एक ट्यूशन सेंटर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान सेंटर चलाने वाली लेडी टीचर के साथ बदसलूकी की गई। उसे पीटा गया और जातिसूचक शब्द बोले गए। यह आरोप खुद टीचर ने लगाए। उसने कहा कि सेंटर में पढ़ने वाले एक छात्र और उसके परिजन ने मिलकर हमला किया। यह घटना सेंटर में लगे CCTV में भी कैद हुई। पुलिस ने आरोपी छात्र और उसके परिजन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. टूरिस्ट बस-ट्रक की टक्कर, ड्राइवर की टांगें टूटीं

जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर सुबह 4 बजे डबल डेकर टूरिस्ट बस और ट्रक में टक्कर हो गई। होशियारपुर के उच्ची बस्सी में हुए हादसे में बस ड्राइवर की टांगें टूट गईं। वह बस में बुरी तरह फंसा था। बस की बॉडी को कटर से काटकर 2 घंटे बाद उसे बाहर निकाला जा सका। हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं। सभी लोग दिल्ली से जम्मू जाने के लिए डबल डेकर बस में सवार हुए थे। बस कंडक्टर आसिफ ने बताया कि रॉन्ग साइड से अचानक आए ट्रक के चलते ये हादसा हुआ है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. बाजवा ने मंत्री हरभजन को बैंड वाला कहा, चीमा बोले- 24 घंटे में माफी मांगें

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर दिए बयान पर बवाल हो गया है। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाजवा ने जंडियाला गुरु में रैली के दौरान कहा था कि यहां वाला हरभजन सिंह ईटीओ पहले बैंड बजाता रहा है। उसकी बैंड हम बजाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
8. लुधियाना में महिला ने चलती स्कूटी पर किया स्टंट

लुधियाना में चलती स्कूटी पर महिला का स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। यहां ताजपुर रोड पर दयाल पब्लिक स्कूल के पास ट्रैफिक के बीच महिला अपनी स्कूटी पर स्टंट करती नजर आई। कभी वह चलती स्कूटी पर खड़ी हुई तो कभी हैंडल छोड़कर डांस करने लगी। इस बीच PCR गाड़ी के सामने भी महिला खड़ी होकर स्कूटी चलाती रही। पीछे चल रही कार में सवार व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। एक दिन पहले ही ये वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)
9. परिवार पर डिजिटल टोने-टोटके की कोशिश, पार्सल से निकलीं तस्वीरें-काले जादू के मंत्र

होशियारपुर जिले में एक पार्सल ने परिवार की नीद उड़ा दी। परिवार को संदिग्ध पार्सल मिला था, जो उनके नाम पर तो था, लेकिन परिवार के किसी रिश्तेदार ने नहीं भेजा था। जब उसे खोलकर देखा गया तो उसमें से कुछ तस्वीरें निकलीं। साथ ही कागजों पर काला जादू, मंत्र-तंत्र जैसे शब्द लिखे हुए थे। यह पार्सल जब एक पंडित को दिखाया तो उसने दावा किया कि किसी ने परिवार पर टोना-टोटका करने की कोशिश की है। इसके बाद परिवार ने उस सामान को नष्ट कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके..
10. पुलिस चेकिंग के दौरान नकली विजिलेंस अफसरों का ड्रामा, वर्दी फाड़कर भागे

लुधियाना-चंडीगढ़ रोड स्थित मुंडियां कलां चौक पर नकली विजिलेंस अफसरों ने असली ड्रामा किया। दरअसल, चौक पर रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाली गाड़ी रोकी तो गाड़ी में सवार युवकों ने रौब झाड़ते हुए खुद को विजिलेंस अफसर बताया। साथ ही पुलिसकर्मी को वर्दी उतरवा देने की धमकी दी। जब उनसे विजिलेंस का आई कार्ड मांगा गया तो युवकों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी और भाग गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें अगले नाके पर पकड़ लिया और केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब दिनभर, 10 बड़ी खबरें: पुलिस का ऑपरेशन प्रहार 2.0, शाही इमाम को थप्पड़ मारे, ट्यूशन सेंटर में लेडी टीचर की पिटाई – Punjab News

