[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर बिजली की दरों में कटौती की रही, जिसमें फ्री में मिलने वाली 600 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत के बाद भी कम बिल आएगा। इसके अलावा कारोबारियों और दुकानदारों को भी घटे रेटों का फायदा मिलेगा।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब में बजट से पहले बिजली सस्ती
पंजाब सरकार ने बजट पेश करने से पहले ही बिजली की दरों में कटौती कर दी है। इस कटौती का लाभ 1 अप्रैल से पंजाब भर के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। पंजाब सरकार ने नए रेट जारी करते हुए बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में डेढ़ रुपए प्रति यूनिट तक की कमी की गई है।
सरकार अभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट फ्री बिजली देती है। 2 महीने का बिलिंग सर्किल के चलते 600 यूनिट मुफ्त होते हैं। ऐसे में नई बिजली दरों के बाद 600 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत करने वाले यूजर्स का बिल भी अब कम आएगा।
पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमिशन ने बताया कि कमर्शियल उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट कम किए गए हैं। इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है। इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली दरों को 5 रुपए प्रति यूनिट कर दिया गया है। जो कि देश में सबसे कम है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. खालिस्तान के खिलाफ बोलने पर हुई नैन्सी ग्रेवाल की हत्या

पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या खालिस्तान के खिलाफ बोलने पर की गई। गैंगस्टर आकाश हरिके और सुक्खा संधू ने नैन्सी की हत्या का जिम्मा लिया है। एक पोस्ट कर कहा कि वो धर्म के खिलाफ बोलती थी, इसलिए उसे निपटा दिया। हालांकि, दैनिक भास्कर इस पोस्ट में किए दावे की पुष्टि नहीं करता।
नैन्सी की मंगलवार (3 मार्च) की रात को कनाडा के विंडसर में घर में चाकू मारकर हत्या की गई थी। नैन्सी की मां छिंदरपाल कौर ने कहा कि बेटी किसी घर में नर्सिंग केयर करने गई थी। जैसे ही वह बाहर निकली तो उस पर 2 लोगों ने हमला कर दिया। उसके पेट में 20 बार चाकू मारे गए। कनाडा की पुलिस से हुई बातचीत में पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने नैंसी की जुबान (जीभ) भी काट दी थी।
नैन्सी 2018 में कनाडा जाने के साथ ही विवादों में रही। हर किसी पर विवादित टिप्पणियां नैन्सी की मौत का कारण बन गईं। खासकर कनाडा के गुरुद्वारों में खालिस्तानियों के कब्जे के वीडियो डालने से नैन्सी कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई। नैंसी की मां ने बताया कि खालिस्तानी चाहते थे कि वो उनके साथ काम करे। विवादित टिप्पणियों पर माफी मांगे। लेकिन नैन्सी ने ऐसा करने से मना कर दिया था। मां ने कहा कि जंग न होती तो शायद मैं वहां होती और बेटी जिंदा होती। (पढ़ें पूरी खबर)
3. दिनदहाड़े 8 गोलियों मारकर सरपंच की हत्या

मोगा के बाघा पुराना में सरपंच हैप्पी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया। सरपंच हैप्पी सुबह 11 बजे थार गाड़ी में जिम पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हमलावर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में आए और उन्होंने सरपंच पर अचानक ताबड़तोड़ फयरिंग कर दी। इस दौरान उन्हें 8 गोलियां लगीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी मौके पर पहुंचे, उन्होने कहा कि घटना को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. पंजाब बजट सेशन में गवर्नर ने स्पीकर को टोका

पंजाब विधानसभा का बजट सेशन शुक्रवार (6 मार्च) से शुरू हो गया। पहले दिन गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने अभिभाषण दिया, उनकी स्पीच में कुल 146 पॉइंट थे। जिन्हें उन्होंने 1 घंटा 4 मिनट में पूरा किया है। गवर्नर के भाषण से पहले जैसे ही राष्ट्रगान संपन्न हुआ। लेकिन जब वंदे मातरम् नहीं हुआ तो गवर्नर ने स्पीकर को टोकते हुए कहा- स्पीकर साहब वंदे मातरम् शुरू या आखिर में जरूर होना चाहिए, यह केंद्र का फैसला है।
गवर्नर के अभिभाषण के दौरान सदन में कांग्रेस ने नारेबाजी की, वे गवर्नर के रोकने पर भी नहीं माने। इसके बाद दोपहर 2 बजे फिर से सदन की कार्रवाई शुरु हुई, जिसमें कई हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। इसमें टेक्सला टीवी के संस्थापक राजा सिंह ओबेरॉय, एचके दुआ समेत कई हस्तियां शामिल हैं। AAP विधायक सुखविंदर सिंह सुखी ने स्पीकर से मांग रखी कि ईरान में मारे गए लोगों के लिए शोक प्रस्ताव रखा जाए।
इसके बाद सदन को 8 मार्च सुबह 10 बजे तक स्थगित कर दिया गया।उधर, सेक्टर-15 में कांग्रेस दफ्तर के पास AAP सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस ने उनपर पानी की बौछारें छोड़ी।
इसके बाद पुलिस ने पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वडिंग, बलबीर सिंह सिद्धू समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। इन सभी को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन 11 में ले जाया गया। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा ने गिरफ्तारी नहीं दी, वह अपनी गाड़ी में बैठकर दूसरी सड़क से चले गए। (पढ़ें पूरी खबर)
5. फौजी ने माता-पिता को गोलियां मारीं

बठिंडा में छुट्टी पर घर आए एक फौजी ने अपने माता-पिता पर फयरिंग कर दी। एक गोली मां के चेहरे को छूते हुए निकल गई, जबकि पिता के बाजू में गोली लगी। इसके बाद पिता को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।
दरअसल, सेना में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात फौजी हरप्रीत सिंह हाल ही में छुट्टी पर अपने घर आया था। गुरुवार की रात उसका माता-पिता से उसका झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ता गया और फौजी हरप्रीत ने पहले तो माता-पिता को खूब पीटा।इसके बाद भी उसका गुस्सा ठंडा नहीं हुआ तो उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों को गोली मार दी।
गोली मारने के बाद भी उसने अपने पिता दलजीत सिंह की पिटाई की। आवाज सुनते ही परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. पंजाब पुलिस में 3,298 कांस्टेबल पदों पर भर्ती

पंजाब पुलिस में 3298 कांस्टेबल के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च से शुरू होंगे और 30 मार्च रात 11:55 बजे लास्ट डेट रहेगी। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद पुलिस विभाग भर्ती की आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा। पुलिस के अनुसार, कुल 3298 पदों में से 2522 पद जिला पुलिस कैडर के होंगे, जबकि 766 पद सशस्त्र पुलिस कैडर के लिए निर्धारित किए गए हैं।
भर्ती से संबंधित आधिकारिक लिंक जल्द ही अपडेट किया जाएगा, जिसमें सभी नियम व शर्तें, योग्यता और शारीरिक मापदंड की पूरी जानकारी दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस विभाग ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद यहां आने वाली शिकायतों और सुझावों को सुना जाएगा।
कंट्रोल रूम से संपर्क के लिए 02261306246 नंबर जारी किया गया है। इसके अलावा आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया जाएगा। उम्मीदवार क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे भर्ती के आधिकारिक लिंक पर पहुंचकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
7. लॉरेंस गैंग ने कारोबारी से मांगी 20 करोड़ की फिरौती

चंडीगढ़ में कारोबारी से गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के नाम पर 20 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। विदेशी नंबरों से वॉट्सऐप कॉल आई, बदमाश ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। सेक्टर-36डी के रहने वाले कारोबारी लोहित बंसल ने बताया कि 1 जनवरी से 14 फरवरी के बीच उन्हें कई बार वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर कारोबारी ने इसकी शिकायत सेक्टर-36 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत और कॉल डिटेल के आधार पर हैरी बॉक्सर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. महिला बोली- बाबा ने रेप किया, बच्चे हुए

अमृतसर में एक बाबा पर महिला से रेप करने के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। महिला ने कहा कि बाबा पिछले कई सालों से उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाता रहा और उससे बच्चों का भी जन्म हुआ है। महिला ने कहा कि बाबा ने उस पर भूत-प्रेत का असर बताकर फंसाया था। उस समय बाबा पंजाब पुलिस में था, रिटायर्ड होने के बाद अब बच्चों का हक मांगा तो उसने एक्सटॉर्शन का केस करवा दिया, जिससे वह 3 महीने जेल में रही।
वहीं बाबा भी सामने आया है और महिला के सभी आरोपों को साजिश बताते हुए खुद को बेगुनाह बताया है। बाबा ने कहा कि महिला कई सालों से उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। साले पर दर्ज केस रद्द करवाने के लिए एक वकील इस महिला का इस्तेमाल कर रहा है। बाबा ने कहा कि यह मामला कोई नया नहीं है, बल्कि 2008 से ही महिला उन्हें परेशान कर रही है। अब एक नामी वकील इस महिला को उकसाकर उनके चरित्र पर दाग लगाने की कोशिश कर रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. MLA के PA पर शराब चोरी का आरोप, बोले-मैंने नहीं ड्राइवर ने किया

लुधियाना में MLA के PA पर शादी समारोह के बीच में शराब की बोतलें चुराने का आरोप लगा। दावा किया गया कि शादी के रिसॉर्ट से उन्होंने शराब की बोतलें उठाकर अपनी कार की डिक्की में रख ली, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि शराब की बोतल उठाकर लाने वाला रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार का पीए है।
यह वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक हाकम सिंह ठेकेदार का पीए सामने आया। उसने कहा कि शराब की बोतल उठाकर लाने वाला वो नहीं है बल्कि ड्राइवर है। पीए का कहना है कि वो वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
वीडियो में कुछ लोग शराब की बोतल लेकर आने वाले को पीट भी रहे हैं। हालांकि, मान चंदन नामक आईडी से शेयर हुई इस वीडियो की दैनिक भास्कर पुष्टि नहीं करता है। (पढ़ें पूरी खबर)
10. सैलून संचालक की दोनों हाथों की हथेलियां काटी

चंडीगढ़ के मौलीजागरां के विकास नगर में सैलून संचालक पर कुछ युवकों ने तलवारों से हमला कर दिया। हमले में युवक के दोनों हाथों की हथेलियां कट गईं। उसे गंभीर हालत में सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया । गयाघायल की पहचान मोहम्मद गुफरान के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में मोहम्मद गुफरान ने बताया कि उसका विकास नगर में सैलून है। साल 2025 में दिवाली पर भी इन युवकों ने उस पर हमला किया था।
मोहम्मद गुफरान ने कहा कि विकास नगर इलाके में 10 से 15 युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमलावर तेजधार हथियारों और तलवारों से लैस थे। उन्होंने उसके दोनों हाथों पर लगातार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी दोनों हथेलियां कट गई हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: बिजली सस्ती; सरपंच की 8 गोलियां मार हत्या; महिला बोली- बाबा ने रेप किया; नैन्सी ग्रेवाल की हत्या की वजह सामने आई – Punjab News


