[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर होली सेलिब्रेशन के दौरान हंगामे की रही। जालंधर में 2 पक्षों में झड़प हो गई। वहीं अमृतसर की यूनिवर्सिटी में पुलिस ने युवाओं पर लाठियां बरसाईं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. होली पर बवाल, कुर्सियां-डंडे चले, पुलिस ने लाठियां चलाईं
पंजाब में होली पर कई जगह झपड़ हुई। जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें भी आईं हैं। वहीं पुलिस ने हुडदंग मचाने वालों पर सख्त एक्शन लिया। मोहाली के डेराबस्सी के दादपुर में पहले मारपीट हुई, फिर जमकर कुर्सियां और डंडे चले।
इससे पहले जालंधर के पीपीआर मार्केट में 2 पक्षों में झड़प हो गई। थाना डिविजन-7 पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया, उनके पास से एक तलवार बरामद की गई।
सुबह के वक्त अमृतसर की GNDU यूनिवर्सिटी में कुछ युवाओं ने हुडदंग किया तो पुलिस ने लाठियां चलाकर खदेड़ दिया। वहीं दुर्ग्याणा मंदिर में पहुंचे कुछ युवाओं में झगड़ा हो गया। इस दौरान जमकर लात घूंसे चले।
उधर, लुधियाना के गोविंद गोधाम में रासलीला हुई। जिसमें भारी भीड़ जुटी और जमकर होली का जश्न मनाया। इसके साथ ही अबोहर के आलमगढ़ स्थित खाटू श्याम में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला मनाया, जिसमें शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को संभालने के लिए यहां करीब 5000 जवान तैनात किए गए हैं और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी गई। (पढ़ें पूरी खबर)
2. चंडीगढ़ में सुखना लेक और PU से युवाओं को खदेड़ा

चंडीगढ़ पुलिस ने होली पर हुडदंग मचाने वाले लोगों पर सख्त एक्शन लिया। पहले सुखना लेक से सभी लोगों को हटाया गया था। लेकिन इसी बीच सेक्टर-15 के मार्केट और पंजाब यूनिवर्सिटी में युवाओं की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस ने लाठियों का हल्का बल प्रयोग करके उन्हें खदेड़ दिया। जिससे माहौल गरमा गया।
वहीं सेक्टर-10 के DAV कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने हंगामा कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमें होली खेलने के लिए बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने कहा कि जो PG में लड़कियां रह रही हैं। उन्हें 9 से 12 बजे तक होली खेलने के लिए समय दिया गया था। यह पहली बार नहीं हर साल नियम ऐसे ही होते हैं।
शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसएसपी कंवरदीप कौर खुद फील्ड में मौजूद रहीं। उन्होंने अलग-अलग नाकों पर पहुंचकर ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं और लगातार हालात की जानकारी लेती रहीं। बताया जा रहा है कि सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में युवा यहां होली मनाने पहुंचे थे, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
3. मोहाली में श्मशान की राख से होली, जानवरों की हडि्डयां फेंकी

पूरे देश में आज रंगों की होली खेली जा रही है। लेकिन मोहाली के करीब 30 हजार आबादी वाले गांव सोहाना की होली बिल्कुल अलग है। करीब 200 साल से यहां श्मशान की राख और पशुओं की हडि्डयों से होली मनाने की परंपरा है।
हालांकि ये राख कौन फेंकता है, हडि्डयां कौन टांग देता है, इसके बारे में आज तक पता नहीं चला। एक बार तो केंद्रीय सुरक्षा बल CRPF के जवानों को भी इसका पता नहीं चला।
हैरत की बात ये है कि इस अनोखी होली को लेकर कोई लिखित इतिहास मौजूद नहीं है। लेकिन लोग पुरानी मान्यता को आगे चला रहे हैं। मौजूदा वक्त में अब यह चर्चित के साथ विवादित होली भी बन गई है।
पुलिस होली के दिन अलर्ट रहती है ताकि कोई विवाद न हो। अब तक किसी तरह की औपचारिक शिकायत सामने नहीं आई है। ग्रामीणों के मुताबिक होली से एक रात पहले कुछ लोग घरों और दुकानों के बाहर हड्डियां टांग देते हैं। सड़कों पर पशुओं के अवशेष फैले मिलते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. पंजाब में महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह, इसी बजट में ऐलान

पंजाब में चुनावी साल में वोट बैंक पर पकड़ मजबूत बनाने के लिए AAP सरकार 8 मार्च को पेश होने वाले बजट में महिलाओं के लिए 1000 रुपए प्रतिमाह का ऐलान करेगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस वाले दिन ही बजट पेश किया जा रहा है।
सरकार का तर्क है कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। ताकि वे छोटे-मोटे खर्चों के लिए आत्मनिर्भर बन सकें। पैसे हर महीने दिए जाएं या तीन महीने के हिसाब से, इस पर विचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सरकार की योजना के मुताबिक इस स्कीम का लाभ आयकर दाता (टैक्स पेयर) महिलाओं को नहीं मिलेगा। इसी तरह से अपना कारोबार करने वाली महिलाओं को भी इस योजना की सम्मान राशि नहीं मिलेगी।
सरकार की ओर से यह भी दावा किया जा रहा है कि योजना के लिए बजट में अलग से प्रावधान किया जाएगा। वित्तीय भार को संतुलित रखने के लिए अन्य मदों में पुनर्संरचना की जा सकती है। वित्त विभाग के अधिकारी लाभार्थियों की संभावित संख्या और कुल वार्षिक खर्च का आकलन कर रहे हैं। अनुमान है कि 40 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. कनाडा में सिख सांसद ने संपत्ति की जानकारी छिपाई

कनाडा में पंजाबी मूल के लिबरल पार्टी के सांसद रणदीप सिंह सराय पर सरकार ने सख्त कार्रवाई की गई। कैनेडियन मीडिया रिपोर्ट्स मे मुताबिक रणदीप सिंह सराय को कनफ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट एक्ट का दोषी पाया गया और उन पर 200 डॉलर का जुर्माना लगाया गया। इस मामले में अधिकतम जुर्माना 500 डॉलर है।
रणदीप सिंह सराय पर आरोप है कि उन्होंने सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट नियुक्त होने पर अपनी संपत्ति को सार्वजनिक नहीं किया। नियम के मुताबिक उन्हें 60 दिन के भीतर अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया।
रणदीप सहाय सत्ताधारी लिबरल पार्टी के सरे सेंटर बीसी से सांसद हैं। वो पार्टी के दसवें सांसद बन गए हैं जिनके खिलाफ कनफ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री रहे जस्टिन ट्रूडो पर भी इस तरह की कार्रवाई हो चुकी है।
विपक्ष का आरोप है कि एथिक्स कमिश्नर ने रणदीप सराय पर जो 200 डॉक्टर का जुर्माना है वो बेहद कम है। इस कानून के तहत अधिकतम जुर्माना 500 डॉलर है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. लुधियाना में छठी क्लास की छात्रा ने किया सुसाइड

लुधियाना में छठी क्लास की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा स्कूल से परीक्षा देकर घर लौटी और उसके कुछ देर बाद कमरे में चले गई। कमरे में उसने पंखे पर फंदा लगाया। परिवार को तब पता चला जब देर शाम तक छात्रा कमरे से बाहर नहीं आई और उन्होंने दरवाजा खटखटाया।
अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब खिड़की से झांक कर देखा तो अंजलि का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और बच्ची को फंदे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान ढंडारी खुर्द निवासी अंजलि (13) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंजलि मंगलवार को अपनी परीक्षा देकर घर लौटी थी तब वह बिल्कुल सामान्य लग रही थी।
अंजलि के 4 भाई-बहन है। पिता फैक्ट्री में काम करते हैं और मां गृहिणी हैं। बेटी की मौत के बाद से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई यही चर्चा कर रहा है कि आखिर इतनी छोटी बच्ची ने ऐसा कदम क्यों उठाया। (पढ़ें पूरी खबर)
7. लुधियाना में BMW कार की टक्कर से इकलौते बेटे की मौत

लुधियाना के फुलावल चौक पर देर रात सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार BMW कार ने बाइक सवार 24 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लाल जी (24) के रूप में हुई है। वह पेशे से माली था और काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था।
मृतक लाल जी मोती बाग कॉलोनी का रहने वाला था। माता-पिता का इकलौता बेटा था। पूरे घर का खर्च वही उठाता था। परिजनों ने रोते हुए बताया कि लाल जी के पिता काम करने में असमर्थ हैं क्योंकि उनके हाथ में रॉड डली हुई है।
वह रात करीब 11:30 बजे अपनी शिफ्ट खत्म कर घर जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक BMW कार सवार युवक पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर घर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार तेज थी। जिसके कारण बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना दिया। इससे ट्रैफिक ठप रहा। करीब 2 घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया (पढ़ें पूरी खबर)
8. तरनतारन में मुठभेड़, 2 बदमाशों को गोली लगी

तरनतारन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें 2 बदमाशों को गोली लगी। दोनों आरोपी AAP के सरपंच हरबिंदर सिंह के मर्डर केस में वाटेंड थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये आरोपी गांव घरका के मंड एरिया में घरका से सुल्तानपुर जाने वाली सड़क के पास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी की।
जब पुलिस ने आरोपियों को बाहर आने के लिए कहा, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। घायल आरोपियों को तुरंत सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया। उनकी पहचान गुरदेव सिंह बाबा निवासी श्री खडूर साहिब और मनप्रीत सिंह मन्ना निवासी वरपाल के रूप में हुई है।
18 फरवरी को सरपंच हरबिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यहां सिद्धू फार्म में उनके चचेरे भाई की शादी थी। इसी में दोपहर करीब ढाई बजे हमलावर बराती बनकर अंदर घुसे। इस बीच जब सरपंच स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस करने के बाद सोफे पर बैठे तो भीड़ में से एक युवक निकला और उनके पेट और सिर में 4 गोलियां मार दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान जब चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा किया तो उन्होंने उसके पैर में गोली मार दी। जर्मनजीत को इलाज के लिए अमृतसर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी भाग निकले। जानकारी के मुताबिक एक आरोपी के पास एके-47 जैसा हथियार था। (पढ़ें पूरी खबर)
9. हरियाणा पुलिस के SI ने पंजाब में ढूंढी गुम लड़की

हरियाणा पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर ने परिवार से बिछड़ी बिहार की बच्ची को 10 साल बाद पंजाब में ढूंढकर परिवार से मिला दिया। बच्ची हरियाणा के सोनीपत से गुम हुई थी। फिर वह पंजाब पहुंची। जहां 10 साल तक वह पटियाला के बाल घर में रही। वहीं रहकर उसने पढ़ाई की।
बेटी के गुम होने से पिता को ऐसा सदमा लगा कि उनकी मौत हो गई। हालांकि सब इंस्पेक्टर को जब इसका पता चला तो उसने परिवार की तलाश शुरू कर दी। आखिर में 7 साल की उम्र में गुम हुई बेटी 17 साल की उम्र में फिर से मां और परिवार से मिल गई।
जब उसकी मां को बुलाया गया तो 4 महिलाओं के बीच उसने अपनी मां को पहचाना और उसके गले जा लगी। जिसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर लड़की को उसके घर भेज दिया गया। हाल ही में उसकी उम्र 17 साल हुई तो उसे जालंधर के गांधी वनीता आश्रम में शिफ्ट कर दिया गया था।
रूपा की मां शांति ने बताया कि 2015 में उनके पति ललित राम पूरे परिवार के साथ पूर्णिया, बिहार से दिल्ली आए। वह सोनीपत में कुंडली के पास रहने लगे। उनके दो बेटे व एक बेटी है। बेटी सात साल की थी। बाहर खेल रही थी और अचानक गायब हो गई थी। पुलिस ने 17 मई 2015 को बच्ची के गुम होने की एफआईआर दर्ज की। (पढ़ें पूरी खबर)
10. हिमाचल पुलिस का पंजाब के बाइकर्स पर एक्शन

पंजाब के बाइकर्स हिमाचल पुलिस के टारगेट पर आ गए हैं। 2 दिन में पुलिस ने 950 से ज्यादा बाइकर्स के चालान काट दिए हैं। हिमाचल पुलिस का कहना है कि पंजाब से बड़ी संख्या में बाइकर्स बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट वाली बाइक, ट्रिपल राइडिंग और तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।
इस वजह से एक तरफ ट्रैफिक जाम लग रहा है तो दूसरी तरफ हादसे का भी खतरा बना हुआ है। लोकल लोग भी इनका विरोध कर रहे हैं। लाहौल स्पीति की कांग्रेस MLA अनुराधा बाली ने तो सीधे चेतावनी तक दे डाली कि घूमने आइए तो स्वागत है। लेकिन गंदगी फैलाओगे तो बख्शेंगे नहीं। उन्होंने पुलिस से इन पर सख्त कार्रवाई के लिए भी कहा है।
पुलिस का कहना है कि बिलासपुर जिले से लेकर कुल्लू, मंडी और लाहौल स्पीति में पिछले 3-4 दिन से बाइकर्स की काफी तादाद हो गई है। ये बाइकर्स कुल्लू में मणिकर्ण साहिब के दर्शन करने के बाद मनाली और अटल टनल रोहतांग पहुंच जाते हैं। लोकल लोगों की शिकायत है कि ये बिना देखे ओवरटेक करते हैं। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं है और ट्रिपल राइडिंग भी की जा रही है।
एक वायरल वीडियो में बाइकर्स झुंड में आगे बढ़ते दिखे। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर तो 2 युवक एक खराब बाइक को दूसरी बाइक पर रखकर ले जाते नजर आए। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: होली खेलते वक्त कुर्सियां-डंडे चले, तलवारें लहराई; पुलिस ने लाठियां मारीं; छठी क्लास की छात्रा ने किया सुसाइड – Punjab News


