पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: 4 जिलों के DC बदले; नशे से 4 बेटे मरे, 5वां बिस्तर पर; राघव चड्‌ढा का केजरीवाल पर तंज; मरीज को स्ट्रेचर से गिराया – Punjab News Chandigarh News Updates

[ad_1]

.

पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर 13 IAS अफसरों के ट्रांसफर से जुड़ी रही। जिसमें जालंधर और पटियाला समेत 4 जिलों के DC भी बदल दिए गए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पंजाब में 4 जिलों के DC समेत 13 IAS अफसरों का तबादला

पंजाब सरकार ने सोमवार को 13 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसमें 4 जिलों के डीसी बदले गए हैं। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। हिमांशु अग्रवाल को पटियाला का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। जबकि अमित कुमार पांचाल को श्री मुक्तसर साहिब का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वरजीत वालिया अब जालंधर के नए डिप्टी कमिश्नर होंगे। आकाश बंसल को कपूरथला का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

विकास प्रताप को तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त मुख्य सचिव, सुमेर सिंह गुर्जर को रक्षा सेवाएं कल्याण का प्रिंसिपल सेक्रेटरी, जसप्रीत सिंह को उद्योग एवं वाणिज्य निदेशक और अभिजीत कपलीश को खान एवं भूविज्ञान निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कवलप्रीत बराड़ को स्वास्थ्य सचिव के साथ फरीदकोट मंडल और बबीता को कृषि कमिश्नर के साथ फिरोजपुर मंडल के कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हरप्रीत सिंह सूदन अब खेल निदेशक के साथ-साथ PSIEC के प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालेंगे, जबकि जसबीर सिंह-II को सामान्य प्रशासन में अतिरिक्त सचिव और तेजदीप सिंह सैनी को जालंधर का एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नियुक्त किया गया है। आदेश के अनुसार पुनीत गोयल को ट्रेडर्स कमीशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है (पढ़ें पूरी खबर)

2. स्कूलों व सरकारी इमारतों को उड़ाने की धमकी, ईमेल में CM-DGP का भी नाम

चंडीगढ़ और जालंधर के स्कूलों व सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी आज ईमेल से जरिए आई। इसके बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आई और सभी जगह सर्च ऑपरेशन चलाया गया। साथ ही एहतियातन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की गईं। ईमेल में पंजाब के CM भगवंत मान, DGP गौरव यादव, हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

इसके अलावा मोहाली कोर्ट, फिरोजपुर में कोर्ट कांप्लेक्स और अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर के स्टैच्यू को भी खत्म करने की धमकी है। मोहाली कोर्ट को खाली करवा दिया गया है और एंट्री बैन कर दी। हालांकि, ईमेल के जरिए आए दिन मिल रही धमकियों को स्कूलों ने गंभीरता से नहीं लिया। जालंधर के स्कूलों में छुट्टी नहीं की गई। (पढ़ें पूर खबर)

3. जालंधर में दिनदहाड़े गनपॉइंट पर बैंक लूटा

जालंधर में लुटेरों ने PNB में गनपॉइंट पर लूट कर ली। 2 लुटेरे बाइक पर सवार होकर आए और पिस्टल दिखाकर बैंक से कैश लूटकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, लुटेरों ने गन प्वाइंट पर कैशियर से पैसे छीने। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे दो युवक पिस्टल लेकर बैंक में घुसे और कैशियर को धमकाकर नकदी ले गए।

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पैसों से भरा बैग लेकर बैंक से बाहर आते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मुंह ढके हुए हैं, फिर दोनों स्कूटी पर बैठकर चले जाते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। डीसीपी ढिल्लों ने बताया कि ढाई बजे 2 लुटेरों में से एक लुटेरा कैशियर के पास जाता है और सारा कैश देने के लिए कहने लगता है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. दंपती के 4 बेटों की नशे से मौत, 5वां बिस्तर पर, डॉक्टर बोले- नसें नहीं मिल रहीं

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में नशे से दंपती के 4 बेटों की मौत हो गई। 5वां बेटा भी अब इसी वजह से बिस्तर पर पड़ा है। उसे सांस लेने में मुश्किल हो रही है। यहां तक कि डॉक्टर भी अब जवाब दे चुके हैं।

इसे देखते हुए परिवार और मोहल्ले के लोग भड़क गए। उन्होंने प्रदर्शन कर कहा कि यहां के युवाओं को बचाया जाए। पिछले कुछ सालों में यहां 20 के करीब युवकों की मौत हो चुकी है।

कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने भरोसा दिया कि पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर नशा बेचने और सप्लाई करने वालों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं अब सीएम के आदेश पर गांव में एंबुलेंस भेजी गई।

इसके बाद युवक को सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां पर नसें नहीं मिलने के कारण उसे अमृतसर के मेडिकल कॉलेज भेज दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा। (पढ़ें पूरी खबर)

5. खालिस्तानियों ने 100-100 डॉलर देकर जुटाई भीड़, मंदिर के बाहर हिंदू-भारत विरोधी नारे लगाए

कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में खालिस्तानियों ने त्रिवेणी मंदिर के बाहर भारत के खिलाफ नारे लगाए। खालिस्तानियों के जुटने से शहर में 2 घंटे तक तनावपूर्ण माहौल रहा। हिंसक घटना को रोकने के लिए कनाडा पुलिस का भारी बल तैनात रहा।

खालिस्तानियों ने नारे लगाते हुए हरियाणा-दिल्ली और बीकानेर पर अपना हक बताया। वहीं, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शन के लिए ये खालिस्तान समर्थक भाड़े पर लाए गए थे।

एक्स पर एक यूजर दर्शन महाराजा ने लिखा कि खालिस्तानी आतंकियों ने लोगों को जुटाने के लिए 100-100 डॉलर का लालच दिया। इसके चलते 40 से 50 के करीब लोगों को नारे लगाने के लिए उकसाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. दिल्ली-हलवारा फ्लाइट का समय बदला

एयर इंडिया ने दिल्ली और हलवारा के बीच उड़ानों के समय में बदलाव किया है। सुबह की फ्लाइट 7:55 बजे के बजाए अब 8:35 बजे उड़ान भरेगी। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने दी है। उद्यमियों की डिमांड के बाद समय में बदलाव किया गया है।

नए शेड्यूल के अनुसार दिल्ली से हलवारा के लिए AI 481 फ्लाइट सुबह 08:35 बजे रवाना होकर 09:45 बजे पहुंचेगी, जबकि AI 483 दोपहर 12:55 बजे उड़ान भरकर 02:10 बजे हलवारा पहुंचेगी।

वहीं, हलवारा से दिल्ली के लिए AI 482 सुबह 10:25 बजे रवाना होकर 11:40 बजे पहुंचेगी और AI 484 दोपहर 02:40 बजे उड़ान भरकर 03:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका वर्चुअली उद्घाटन किया था। एयर इंडिया कंपनी ने यहां से फ्लाइट की बुकिंग 1 अप्रैल से शुरू कर दी है।

कंपनी की ओर से फ्लाइट बुकिंग लाइव करने के साथ ही यह क्लियर हो गया है कि हलवारा एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट 15 मई को लैंड होगी। फ्लाइट से लुधियाना से दिल्ली तक का सफर 1 घंटा 10 मिनट में पूरा होगा। (पढ़ें पूरी खबर)

7. एम्बुलेंस ड्राइवर ने मरीज को स्ट्रेचर से गिराया

मोहाली के एक बुजुर्ग मरीज को घर से चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित GMCH की इमरजेंसी में ले जाते समय उसे स्ट्रेचर से गिरा दिया। 83 वर्षीय बुजुर्ग के हाथ में पहले से फ्रैक्चर था। इसके बाद उसका जब शुगर लेवल गिर गया तो उसे अस्पताल ले जा रहे थे।

मरीज की बेटी का आरोप है कि स्ट्रेचर पर ले जाते समय एम्बुलेंस ड्राइवर ने लापरवाही बरती। उसने स्ट्रेचर को ठीक से नहीं संभाला। इसके बाद जब मरीज गिर गया तो एम्बुलेंस ड्राइवर ने उसे उसी हाथ से पकड़कर उठाया, जिसमें उसके फ्रैक्चर था। इससे मरीज की हालत गंभीर हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर (DC) को शिकायत देकर मामले में जांच की मांग की है।

उधर, एंबुलेंस ड्राइवर सोनी ने बताया कि वह बुजुर्ग को लेने के लिए गया था। उसने पीछे से स्ट्रेचर को पकड़ा हुआ था और आगे से बुजुर्ग का रिश्तेदार था। बुजुर्ग के रिश्तेदार के एक हाथ में मशीन थी, वह जैसे ही आगे बढ़ रहा था, तो वह अचानक टेढ़ा हो गया और नीचे गिर गया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. राघव चड्‌ढा का अंग्रेजी किताब से केजरीवाल पर तंज

राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) से चल रहे विवाद के बीच बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। राघव चड्‌ढा ने अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन की किताब ‘द 48 लॉज ऑफ पावर’ पढ़ते हुए फोटो शेयर की। राघव चड्‌ढा ने किताब के पहले पन्ने की स्टोरी भी लगाई। जिसमें लिखा कि मैने पहला चैप्टर खोला।

जिस पेज को चड्‌ढा ने शेयर किया है, उसमें किताब में पहला कानून बताया गया है कि अपने मालिक या बॉस से ज्यादा चमकने की कोशिश कभी न करें। हमेशा अपने से ऊपर के लोगों को ऐसा महसूस कराएं कि वे आपसे बेहतर और श्रेष्ठ हैं। उन्हें खुश करने और प्रभावित करने की कोशिश में अपने हुनर या प्रतिभा का जरूरत से ज्यादा प्रदर्शन न करें।

चैप्टर में आगे लिखा- अगर आप ऐसा करते हैं, तो इसका उल्टा असर हो सकता है। उनमें डर और असुरक्षा की भावना पैदा हो सकती है। इसलिए अपने वरिष्ठों को वास्तव में जितने हैं, उससे ज्यादा बुद्धिमान और प्रभावशाली दिखने दें। ऐसा करने से आप आखिरकार शक्ति और सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।

राघव का अब यह सीधा अटैक केजरीवाल पर माना जा रहा है। हाल ही में पूर्व AAP नेता व मशहूर कवि कुमार विश्वास का भी डेढ़ साल पुराना वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने कहा था कि अगला शिकार राघव चड्‌ढा होगा क्योंकि वह ज्यादा चमकने लगा है। राघव की यह क्रिप्टिक पोस्ट उसी से जुड़ी मानी जा रही है (पढ़ें पूरी खबर)

9. PGI के डॉक्टर से 1.10 करोड़ ठगे

चंडीगढ़ PGI के डॉक्टर को शातिर ठगों ने अपने जाल में फंसाकर 1.10 करोड़ रुपए ठग ळिए। डॉ. राकेश प्रभुगौड़ पाटिल ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में इंटरनेट के माध्यम से शेयर मार्केट के बारे में जानकारी लेना शुरू किया था।

इसी दौरान जनवरी 2026 में उन्हें एक वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां ग्रुप के एडमिन और अन्य सदस्यों ने उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया। ठगों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए।

डॉक्टर ने करीब 25 ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1.10 करोड़ रुपए निवेश कर दिए। डॉक्टर के मुताबिक शुरुआत में एप पर मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने बहानों से उनसे और पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. एक ही गांव में शादी करने पर रोक, लव मैरिज भी नहीं होगी

अमृतसर में अदलीवाल की नगर पंचायत ने सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम फैसला लिया। बिना परिवार की सहमति से शादी करने वालों का सामाजिक बहिष्कार होगा। इसके लिए पंचायत और गांव की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास हुआ।

अगर एक ही गांव में लड़का-लड़की अपनी मर्जी से शादी करते हैं, तो उनके परिवार का भी गांव में बहिष्कार किया जाएगा। भले ही माता-पिता शादी के पक्ष में हों, फिर भी गांव वाले उनसे कोई संबंध नहीं रखेंगे।

पंचायत ने यह भी तय किया कि सरपंच, पंच या लंबरदार ऐसे परिवारों की किसी काम में मदद नहीं करेंगे। उनके किसी सरकारी या गैर-सरकारी दस्तावेज पर हस्ताक्षर भी नहीं किए जाएंगे। अगर कोई लड़का या लड़की बिना परिवार की अनुमति के दूसरे गांव में जाकर शादी करता है, तो उसे गांव में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)

[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: 4 जिलों के DC बदले; नशे से 4 बेटे मरे, 5वां बिस्तर पर; राघव चड्‌ढा का केजरीवाल पर तंज; मरीज को स्ट्रेचर से गिराया – Punjab News