पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: शराब महंगी, शादी के बाद दुल्हन की हत्या, पत्रकार हत्याकांड में राम रहीम बरी; नैन्सी ग्रेवाल के मर्डर की प्लानिंग हुई – Punjab News Chandigarh News Updates

[ad_1]

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर राम रहीम का पत्रकार छत्रपति हत्या मामले में बरी होना है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने 7 साल पुराने पंचकूला की स्पेशल CBI कोर्ट के फैसले को पलट दिया, जिसमें राम रहीम को 7 साल कैद की सजा सुनाई थी

वहीं, चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर शराब महंगी होना है। चंडीगढ़ प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के लिए नई एक्साइज पॉलिसी जारी की है। इसके हिसाब से इंडियन मेड शराब 2% तक महंगी होंगी।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. राम रहीम पत्रकार हत्याकांड में बरी, 7 साल पहले उम्रकैद हुई थी

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को बरी कर दिया है। हालांकि, कोर्ट ने 3 आरोपियों कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह और कृष्ण लाल की सजा को बरकरार रखा।

इससे पहले 17 जनवरी 2019 को पंचकूला की स्पेशल CBI कोर्ट ने राम रहीम समेत बाकी सभी आरोपियों को 7 साल कैद की सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ आरोपियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। फैसला सुनाते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि इस हत्याकांड में राम रहीम के साजिशकर्ता होने के पर्याप्त सबूत नहीं हैं। इस वजह से राम रहीम को बरी कर दिया गया।

राम रहीम इससे पहले डेरा मैनेजर रणजीत हत्याकांड में पहले ही हाईकोर्ट से बरी हो चुका है। राम रहीम को साध्वियों के यौन शोषण केस में 10 साल कैद की सजा हुई है। इस वजह से राम रहीम को अभी जेल में ही रहना होगा।

उधर, रामचंद्र के बेटे अंशुल ने कोर्ट के फैसले पर कहा कि सीबीआई ने इस मामले की अच्छी पैरवी की है, सभी सबूत दिए गए। राम रहीम को बाहर निकालना गलत है। हम अब सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

2. चंडीगढ़ में शराब महंगी, डिपार्टमेंटल स्टोर में भी मिलेगी

चंडीगढ़ प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के लिए नई एक्साइज पॉलिसी जारी की है। इसके बाद इंडियन मेड शराब और बीयर की कीमतों में करीब 2% तक बढ़ोतरी हो गई। हालांकि, इंपोर्टेड शराब, वाइन और बीयर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यह नई नीति 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी और 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी। अब 500 रुपए की बोतल करीब 10 रुपए महंगी हो जाएगी, जबकि 2000 रुपए की बोतल अब करीब 40 रुपए बढ़कर 2040 रुपए में मिलेगी।

वहीं, अब डिपार्टमेंटल स्टोर में भी शराब की बिक्री होगी। प्रशासन का तर्क है कि यह बढ़ोतरी महंगाई और कच्चे माल की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. शादी के एक महीने बाद पति ने पत्नी की हत्या

अमृतसर में शादी के एक महीने बाद ही पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मायके वालों का कहना है कि अभी तो रस्में भी ठीक से पूरी नहीं हो पाई थीं, उससे पहले ही बेटी की लाश देखने को मिल गई। बेटी के साथ ससुराल में गलत व्यवहार किया जा रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

4. 15 दिन पहले प्लान हुआ इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल का मर्डर

पंजाबी इन्फ्लुएंसर, सिंगर और नर्स नैन्सी ग्रेवाल के मर्डर को लेकर बहन अलीशा ने कई खुलासे किए हैं। बहन ने बताया कि नैन्सी को जान का खतरा था। उसने बकायादा कनाडा पुलिस को कुछ लोगों के नाम दे रखे थे। नैन्सी ने पुलिस को कहा था कि अगर उसे कुछ हो जाए तो इन लोगों से पूछताछ की जाए।

बहन ने बताया कि करीब 15-20 दिन पहले नैन्सी के एक करीबी दोस्त ने उसे अलर्ट किया था। नैन्सी को बताया कि तुम्हारी कत्ल की प्लानिंग हो रही है। तुम कुछ दिनों के लिए कहीं चली जाओ। इस पर नैन्सी ने कहा था कि मौत मंजूर है, लेकिन चुप नहीं बैठूंगी।

नैन्सी ने दोस्त को कहा था कि वह अपने क्लाइंट नहीं छोड़ सकती। नैन्सी ने पैरालाइज क्लाइंट को बचाने के लिए दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि हमलावर क्लाइंट को नुकसान न पहुंचा पाएं। जिस घर में नैन्सी पैरालाइज मरीज की देखभाल कर रही थी, उसी घर के बाहर उस पर हमला किया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

5. CM भगवंत मान ने पंजाब इंडस्ट्रियल पॉलिसी लॉन्च की

CM भगवंत मान ने लुधियाना में पंजाब इंडस्ट्रयिल पॉलिसी लॉन्च की। इसके लिए उन्होंने लुधियाना में उद्योगपतियों के साथ मीटिंग की। लॉन्चिंग के बाद CM ने कहा कि हम हिस्सा डालने वाले या लाल थैली लेने वाले नहीं हैं। हमारी बस एक ही चाहत है कि आपका बिजनेस बढ़े और यहां के युवाओं को नौकरी मिल जाए।

CM ने कहा- मैं कॉमर्स का स्टूडेंट रहा हूं, इसलिए थोड़ा बहुत जानता हूं। अगर पंजाब को रंगला पंजाब बनाना है तो इंडस्ट्री का रंग जरूरी है। आपके कारण कई घरों के चूल्हे जलते हैं। आप भी अन्नदाता हैं। आज आपको दे रहे हैं, कल महिलाओं को बड़ा तोहफा देंगे।

CM ने आगे कहा- जो पॉलिसी आज हमने दी है, यह इंडस्ट्री के लिए रनवे है। इंडस्ट्री को जितनी उड़ान भरनी है भरे, सरकार आपके साथ है। भारत को विश्व गुरु बनना है तो बिना पंजाब की तरक्की के नहीं बन सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. श्री गुरुग्रंथ साहिब के पवित्र अंग गलियों में बिखरे मिले

अमृतसर के श्री गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की गई। गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र अंग गलियों में बिखरे मिले। सीसीटीवी कैमरों की जांच में यह देखा गया कि कुछ शरारती लोगों ने तार काटकर गुरुद्वारा परिसर में तोड़फोड़ की थी।

इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और शांति की अपील की।

लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। लोगों ने कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और बीच चौराहे पर सजा दी जानी चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)

7. मोस्ट वांडेट गैंगस्टर अमृतपाल सिंह यूरोप में पकड़ा

पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम को पूर्वी यूरोप के मोल्दोवा बॉर्डर पर पकड़ लिया गया है।

यह कार्रवाई इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर की गई, जो पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर जारी करवाया था। इस संबंध में पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की।

पंजाब पुलिस के अनुसार, अमृतपाल सिंह कई आपराधिक मामलों में मोस्ट वांटेड और लंबे समय से विदेश में छिपा हुआ था। उसके खिलाफ पंजाब में हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। अब उसके भारत लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. युवक ने थाने में पिस्तौल लहराया, थानेदार सस्पेंड

तरनतारन के सिटी थाने में एक युवक का पिस्तौल लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना के बाद जिले के एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। साथ ही सिटी थाने के थानेदार बलदेव सिंह को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

यह घटना तरनतारन के सिटी थाने के एक कमरे में हुई। मोहल्ला मुरादपुरा निवासी सुरेश कुमार नामक युवक पिस्तौल के साथ वीडियो बनाता दिखा। लगभग 15 सेकेंड के ये 2 वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

युवक के हाथ में दिख रही पिस्तौल एक पुलिस अधिकारी की बताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पुलिस ‘गन कल्चर’ के खिलाफ सख्त आदेश जारी कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

9. पुलिस विभाग में पुलिस से ही रिश्वत, क्लर्क गिरफ्तार, ASI से 10 हजार रुपये मांगे

विजिलेंस ब्यूरो ने बरनाला में जिला पुलिस प्रमुख कार्यालय के क्लर्क को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यहां बड़ी बात यह है कि रिश्वत के ये 10 हजार रुपए एक पुलिसवाले से ही मांगे गए थे।

बरनाला जिले में तैनात ASI मक्खन सिंह अपनी नौकरी में एक्सटेंशन चाहते थे। इसके लिए उन्होंने आवेदन किया। जिला पुलिस प्रमुख कार्यालय में तैनात क्लर्क दविंदर सिंह के पास वह फाइल थी। आरोप है कि दविंदर सिंह ने फाइल पर हस्ताक्षर कराने के लिए रिश्वत मांगी।

विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह बताते हैं कि ASI ने रिश्वत नहीं दी और विजिलेंस विभाग में शिकायत दी। इसके आधार पर क्लर्क को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

कल का बिग इवेंट…

10. महिलाओं को 1000 रुपए महीना, नया टैक्स नहीं, बजट में और क्या-क्या?

पंजाब सरकार कल (8 मार्च) अपने 5 साल के कार्यकाल का आखिरी बजट पेश करेगी। वित्तमंत्री हरपाल चीमा ढाई लाख करोड़ से ज्यादा का बजट पेश करेंगे। पंजाब में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए AAP सरकार आखिरी बजट को ‘महिलाओं को बिग गिफ्ट’ की थीम पर रखेगी।

वित्तमंत्री के जरिए सरकार चुनाव से पहले महिलाओं से 2022 में किया चुनावी वादा 2026 में पूरा करेगी, जिसमें हर महिला को 1,000 रुपए प्रति महीने देने के लिए बजट रखा जाएगा। 8 मार्च को संडे है, लेकिन उसी दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी है। इसी वजह से AAP सरकार खास तौर पर महिलाओं को फोकस करते हुए छुट्‌टी के दिन बजट पेश कर रही है।

पंजाब में करीब 2.13 करोड़ वोटर हैं, जिनमें से 1.01 करोड़ महिला वोटर हैं, ऐसे में AAP सरकार इन्हें टारगेट करेगी। (पढ़ें पूरी खबर)

(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: शराब महंगी, शादी के बाद दुल्हन की हत्या, पत्रकार हत्याकांड में राम रहीम बरी; नैन्सी ग्रेवाल के मर्डर की प्लानिंग हुई – Punjab News