पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: CM को घातक केमिकल देने का दावा; निहंगों ने वेटर पीटे; 2 बच्चे लेकर प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका; मनचले की धुनाई – Punjab News Chandigarh News Updates

[ad_1]

.

पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर फोर्टिस अस्पताल में भर्ती CM भगवंत मान की हत्या से जुड़ी धमकी की रही। जिसमें खालिस्तानी संगठन ने अस्पताल को बम से उड़ाने और CM को जहरीला केमिकल देने का दावा किया। पुलिस 6 घंटे तक हाई अलर्ट पर रही, मगर धमकी झूठी निकली।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पंजाब CM को घातक केमिकल पोलोनियम देने का दावा

मोहाली के स्कूलों को धमकी भरी ई-मेल भेजकर स्कूलों के साथ फोर्टिस अस्पताल को भी उड़ाने की धमकी दी गई। इसी फोर्टिस अस्पताल में पंजाब के CM भगवंत मान सोमवार दोपहर बाद भर्ती हुए थे। धमकी भरी मेल में ब्लास्ट का टाइम मंगलवार दोपहर 1.11 बजे दिया गया था लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। खालिस्तान नेशनल आर्मी नामक संगठन की भेजी यह धमकी झूठी निकली। इस धमकी की मेल में दावा किया गया था कि CM भगवंत मान को भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने पोलोनियम से संक्रमित किया है।

अगर वह बच गए तो बेअंत जैसा हाल करेंगे। फोर्टिस अस्पताल से CM भगवंत मान की लाश ही निकलेगी। पंजाब के दिवंगत पूर्व CM बेअंत सिंह को दिलावर सिंह नाम के कॉन्स्टेबल ने चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम से उड़ाया था। पोलोनियम दुर्लभ रेडियोएक्टिव पदार्थ है, जो अत्याधिक विषैला होता है।

हालांकि CM को पोलोनियम से संक्रमित कब, कहां और कैसे किया गया, इसको लेकर थ्रेट मेल में कोई जिक्र नहीं था। मोहाली के SP सिटी दिलप्रीत सिंह ने कहा कि सुबह साढ़े 7 बजे स्कूलों को मेल आई थी, जिसमें स्कूल और अस्पताल उड़ाने की धमकी दी गई थी। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला (पढ़ें पूरी खबर)

2. पटियाला में तेजधार हथियार से महिला की हत्या

पटियाला में तेजधार हथियार से महिला की हत्या कर दी गई। मृतका रमनदीप कौर के परिजनों ने कहा कि हमें पहले उसके घर से झगड़े का फोन आया। इसका पता चलते ही उसके पति गुरमीत सिंह को फोन किया। मगर, उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद हम पुलिस थाने गए तो पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है।

मृतका के भाई सिमरन सिंह ने बताया कि रमनप्रीत कौर की शादी सात साल पहले हुई थी और उनके घर में पहले भी घरेलू कलह होती रहती थी। उनकी मौसी ने जानकारी दी कि वे सभी कल शाम एक शादी से लौटे थे। शाम करीब 7 बजे उन्हें फोन आया कि रमनप्रीत के घर झगड़ा हो गया है। इसके बाद हम कॉल करते रहे लेकिन किसी ने उसके घर में फोन नहीं उठाया।

घनौर के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका शाहबाद की रहने वाली थी और उसकी शादी यहां हुई थी। डीएसपी चीमा के अनुसार, मृतका के भाई सिमरन सिंह के बयानों के आधार पर उसके पति गुरमीत सिंह, देवर, मामा और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है (पढ़ें पूरी खबर)

3. नवजोत सिद्धू बोलीं- मैं ₹40 लाख, पति ₹25 लाख रोज कमाते

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर अपने बयान से राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि मैं पहले 40 लाख रुपए महीना कमा रही थी। मेरे पति नवजोत सिंह सिद्धू एक दिन का 25 लाख के करीब कमाते थे। हम सब कुछ छोड़कर राजनीति में आए, क्योंकि हमें पंजाब की सेवा करनी थी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अच्छी और समझदारी की बातें करते हैं, लेकिन उनकी बातों और काम में फर्क है। वे राहुल गांधी से सिर्फ एक बार मिलना चाहती हैं, ताकि उन्हें बता सकें कि पंजाब में उनकी पार्टी बर्बाद हो रही है। डॉ. सिद्धू ने कहा कि टिकट पहले ही बेच दिए गए हैं।

अगर उन्हें अपने नीचे हो रही चीजों का पता नहीं है, तो वे उस कुर्सी के लायक नहीं हैं। अगर उनके पास टाइम नहीं तो फिर हम भी फालतू नहीं हैं। नवजोत कौर ने ये बातें कल (16 फरवरी) तमिलनाडु के कोयंबटूर में कही। करीब 15 दिन पहले डॉ. सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ी थी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. चंडीगढ़ के गुरुद्वारे में निहंगों का हंगामा, वेटरों को पीटा

चंडीगढ़ में गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में निहंग, गुरुद्वारा साहिब में काम कर रहे वेटरों को पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में निहंग कभी वेटरों के सिर पर तो कभी पैरों पर मारते हैं। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि वेटरों के पास से तंबाकू, बीड़ी और जर्दा मिला था।

वहीं दूसरे वीडियो में निहंग, गुरुद्वारा कमेटी की चेयरपर्सन के साथ बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में गुरुद्वारा साहिब की कमेटी का कहना है कि निहंग गुंडों की तरह गुरुद्वारा परिसर में घुसे थे। कमेटी के अनुसार, यह पूरी घटना गुरुद्वारा साहिब की छवि खराब करने की कोशिश है।

कमेटी ने यह भी बताया कि वेटरों को पीटने वालों में से एक निहंग पहले करीब दो साल तक गुरुद्वारा में सेवा कर चुका है। हम गुरुद्वारे में नशा नहीं बिकवाते। (पढ़ें पूरी खबर)

5. DGP-CS की रैली में मौजूदगी पर विवाद

मोगा में AAP सरकार की रैली में डीजीपी गौरव यादव और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के संबोधित करने पर घमासान मच गया है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सवाल उठाए हैं। मजीठिया ने कहा कि डीजीपी और मुख्य सचिव ने आम आदमी पार्टी की स्टेज पर जाकर राजनीतिक रैली को संबोधित किया, जो सेवा नियमों के खिलाफ है।

वहीं गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि मोगा में नशा विरोधी मुहिम के नाम पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई गंभीर संवैधानिक अनियमितताओं के संबंध में मैंने PMO को विस्तृत लिखित शिकायत भेजी है। रैली में पार्टी झंडों का खुला प्रदर्शन, पक्षपातपूर्ण नारेबाजी, अरविंद केजरीवाल की मुख्य उपस्थिति और भगवंत मान सहित अन्य नेताओं के स्पष्ट राजनीतिक वक्तव्य यह दर्शाते हैं कि सरकारी मंच का योजनाबद्ध तरीके से राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया गया।

बीत कल AAP ने किल्ली चाहलां में नशे के खिलाफ रैली की थी। इसमें पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान समेत अन्य नेता पहुंचे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

6. फाजिल्का में प्रेमी के पास पहुंची कर्नाटक की महिला

कर्नाटक की महिला अपने 2 बच्चों को साथ लेकर प्रेमी के साथ रहने के लिए फाजिल्का के अबोहर पहुंच गई। दोनों की ऑनलाइन गेम के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों को प्यार हो गया। महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने पर कर्नाटक पुलिस उसे तलाशते हुए अबोहर पहुंची।

हालांकि, महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताते हुए कर्नाटक लौटने से इनकार कर दिया। महिला ऑनलाइन गेम खेलते वक्त अबोहर के राम नगर के रहने वाले युवक के संपर्क में आई थी। कुछ समय बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।

योजना के तहत महिला कर्नाटक से दिल्ली पहुंची, जहां युवक उसे लेने के लिए पहले से मौजूद था। इसके बाद दोनों अबोहर आ गए। अबोहर पहुंचने के बाद वे राम नगर में पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। (पढ़ें पूरी खबर)

अन्य बड़ी खबरें…

7. ट्यूशन पढ़कर लौट रहे 2 छात्रों की मौत

फरीदकोट में सड़क हादसे में 2 छात्रों की मौत हो गई। दोनों 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। उनकी उम्र 17 साल थी। वह गांव झोटीवाला के रहने वाले थे। हरसांझ सिंह ननिहाल में रहते धीरज के साथ हर रोज फरीदकोट में ट्यूशन पढ़ने आता था।

सोमवार शाम भी दोनों ट्यूशन के बाद गांव वापस जा रहे थे। जब वे फरीदकोट के सादिक रोड पर छावनी के पास पहुंचे, तो छावनी के गेट के पास सामने से आ रहा सैना का ट्रक अचानक छावनी गेट की ओर मुड़ गया।

इसी दौरान उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। इससे दोनों ट्रक के नीचे आ गए। हरसांझ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरज को गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया। जहां से उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां उसने दम तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. रुरल ओलिंपिक में 11 साल बाद बैलगाड़ियों की दौड़

लुधियाना के किला रायपुर ग्रामीण ओलिंपिक में 11 साल बाद आज बैलगाड़ियों की दौड़ हुई। दोपहर 12 बजे कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने इसका उद्घाटन किया। इसके बाद पहले राउंड में 28 बैलगाड़ियों की रेस 7 चरणों में करवाई गई है। हर राउंड की विजेता बैलगाड़ी कल सेकेंड राउंड में हिस्सा लेगी।

लोगों ने कहा कि वे 11 साल से इस दौड़ का इंतजार कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में करीब 72 बैलगाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। यह दौड़ 19 फरवरी तक चलेगी। दौड़ में पहले नंबर पर आने वाले बैलगाड़ी मालिक को ढाई लाख, दूसरे नंबर पर 1.90 लाख और तीसरे नंबर पर 1.30 लाख रुपए दिए जाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 2014 में किला रायपुर गेम्स में बैलगाड़ियों की दौड़ बंद कर दी गई थी। बाद में पंजाब सरकार ने विधानसभा में बिल पास कर इस दौड़ को फिर से शुरू करने का रास्ता साफ किया। कमेटी यह दौड़ एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया, पंजाब सरकार और कोर्ट के आदेशों के अनुसार करवा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. बठिंडा में लुटेरों और पुलिस में मुठभेड़, 5 गिरफ्तार

बठिंडा में मंगलवार को पुलिस और लुटेरों में मुठभेड़ हो गई। इसमें लुटेरे नीरज उर्फ काला समेत 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। काला को बाएं पैर में गोली लगी। जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया है।

एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि परसराम नगर स्थित एक बिल्डिंग में कुछ लोग ड्रग्स का सेवन और सप्लाई कर रहे हैं। ये आरोपी रेलवे स्टेशन से आने वाले उन लोगों को भी शिकार बनाते थे, जो अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए आते थे।

सूचना मिलने पर टीम ने बिल्डिंग पर छापा मारा। इस दौरान नीरज उर्फ काला ने अपनी देसी कट्टे से पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पहले हवा में फायरिंग की, लेकिन जब नीरज ने दोबारा गोली चलाई, तो पुलिस ने उसके बाएं पैर में गोली मार दी, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। (पढ़ें पूरी खबर)

10. जालंधर में युवती को छेड़ने वालों की पिटाई

जालंधर में अपने पिता के साथ जा रही युवती से 3 युवकों ने छेड़छाड़ की। पिता ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे आसपास के लोग इकट्‌ठे हो गए। इसी दौरान वहां से व्यक्ति का भाई भी बाइक पर गुजर रहा था।

व्यक्ति के भाई वरुण ने बताया कि 3 युवक भाई के साथ हाथापाई कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने और अन्य लोगों ने मिलकर तीनों को पकड़ लिया। लोगों ने उनकी पिटाई की। इसका वीडियो भी सामने आया है।

भीड़ को देखकर युवकों ने माफी मांगनी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों के पहचान पत्र (दस्तावेज) जांचे और बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: CM को घातक केमिकल देने का दावा; निहंगों ने वेटर पीटे; 2 बच्चे लेकर प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका; मनचले की धुनाई – Punjab News