[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर पूर्व मंत्री व सीनियर अकाली नेता बिक्रम मजीठिया की 7 महीने बाद जेल से रिहाई की रही। मजीठिया ने जेल से बाहर आते ही CM भगवंत मान और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को घेरा।
चंडीगढ़ की बड़ी खबर कोर्ट के आंख मारने और फ्लाइंग किस के फैसले से जुड़ी रही। विदेश में बसे पंजाबियों से जुड़ी बड़ी खबर कनाडा में 3 पंजाबियों के एक घर में फायरिंग करने का मामला रहा।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1. जेल से बाहर आए मजीठिया, मूंछों को ताव दिया
पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया 7 महीने की कैद के बाद जेल से बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट से उन्हें आय से अधिक संपत्ति के केस में कल (2 फरवरी) को जमानत मिली थी। पंजाब सरकार ने उनकी बेल पर बयानबाजी न करने जैसी कई पाबंदियां लगाने की मांग की थी लेकिन ट्रायल कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। मजीठिया ने बाहर आते ही मूंछों पर ताव देकर कहा कि वह जेल में भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के नाम वाले तकिए गोड्डे थल्ले (घुटनों के नीचे) रखकर सोते थे। मजीठिया ने AAP सरकार पर उनकी हत्या की साजिश का भी आरोप लगाया (पढ़ें पूरी खबर)
2. मजीठिया को क्लीन चिट पर बाबा Vs CM

डेरा ब्यास मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया पर लगाए आरोप गलत करार देने के बाद CM भगवंत मान ने तीखा तंज कसा। मान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अदालतों का भगवान ही रखवाला, जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं। मान ने इसमें नाम तो नहीं लिया लेकिन इसके पीछे बाबा गुरिंदर ढिल्लों की मजीठिया को क्लीन चिट को ही माना जा रहा है। जिसके बाद भाजपा समेत सभी पार्टियों ने मान के बयान पर सवाल खड़े कर माफी मांगने की बात कही (पढ़ें पूरी खबर)
3. PM को गाली देने वाली महिला पर दंगे का केस

PM नरेंद्र मोदी और जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास को गालियां देने वाली महिला पर पुलिस ने दंगे की FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि उसके अपशब्दों से दंगा भड़क सकता था। महिला ने PM मोदी के 1 फरवरी के डेरा बल्लां के दौरे के वक्त एक वीडियो जारी किया था। महिला ने आरोप लगाया था कि PM के लिए सारे रोड और मेडिकल स्टोर बंद कर दिए गए, जिससे वह बीमार बेटी का इलाज नहीं करवा सकी (पढ़ें पूरी खबर)
4. हाईकोर्ट का सरकार को झटका, निगम चुनावों पर रोक लगाई

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने AAP सरकार को झटका देते हुए 9 नगर निगमों और 100 से ज्यादा म्यूनिसिपल कमेटियों के चुनाव का नोटिफिकेशन जारी करने पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि जब तक सरकार वार्डबंदी को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर जवाब दाखिल नहीं करती, तब तक चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती। कोर्ट के ध्यान में आया कि वार्डबंदी की चुनौती की याचिकाओं पर कई नोटिस जारी हुए लेकिन पंजाब के चीफ सेक्रेटरी ने जवाब नहीं दिया। कोर्ट ने कहा कि यह रवैया न्यायिक प्रक्रिया की अवहेलना करने जैसा है (पढ़ें पूरी खबर)
5. कार ने 2 स्कूटियों को रौंदा, फिर बेकाबू होकर ट्रक में घुसी, 4 की मौत

होशियारपुर में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर मुकेरिया शुगर मिल के पास ओवरस्पीड कार ने 2 स्कूटियों को रौंद दिया। फिर बेकाबू होकर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। इससे स्कूटी पर सवार 4 लोगों की मौत हो गई जबकि कार का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों लोग काम करके स्कूटी से अपने घर जा रहे थे (पढ़ें पूरी खबर)
विदेश से
6. पंजाब के 3 युवकों ने कनाडा में की फायरिंग:भागते वक्त पुलिस ने पीछा किया, बाइक को गिराकर पकड़ा, 1 की आंख में चोट लगी

3 पंजाबी युवकों ने फिरौती के लिए कनाडा में एक घर पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद वह फरार होने लगे। कनाडा की पुलिस ने उनका पीछा किया और उनकी बाइक को गिरा दिया और उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान एक आरोपी को आंख में चोट लग गई। तीनों को पकड़कर कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी को सौंप दिया गया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों हरजोत सिंह, तरणवीर सिंह और दयाजीत सिंह के इमिग्रेशन स्टेटस की भी जांच की जा रही है। कनाडा पुलिस ने तीनों की फोटो भी जारी की है (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके
7. चंडीगढ़ कोर्ट ने माना- आंख मारना, फ्लाइंग किस भी छेड़छाड़, अच्छे आचरण की शर्त पर छोड़ा

AI जेनरेटेड फोटो।
चंडीगढ़ कोर्ट ने केस की सुनवाई में माना कि आंख मारना और फ्लाइंग किस जैसे अश्लील इशारे भी छेड़छाड़ के दायरे में आते हैं। कोर्ट ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। हालांकि आचरण सुधारने के लिए 6 महीने का टाइम देते हुए प्रोबेशन पर छोड़ दिया। इस मामले में महिला की शिकायत थी कि वह घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी, इस दौरान आरोपी ने उसे अश्लील इशारे किए और भाग गया (पढ़ें पूरी खबर)
अन्य खबरें…
8. पुलिस कमिश्नर के खिलाफ जमानती वारंट जारी, समन के बाद भी कोर्ट में पेश नहीं हुए

जालंधर की कोर्ट ने NDPS के एक केस में लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिए। कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को कल यानी 4 फरवरी को कोर्ट में पेश होने को कहा है। यह मामला साल 2024 में अफीम तस्करी के केस से जुड़ा है। जिसमें 2 किलो अफीम बरामद हुई थी। जांच के बाद 22 किलो अफीम बरामद की गई थी। ट्रायल कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को समन भेजा था लेकिन वह पेश नहीं हुए (पढ़ें पूरी खबर)
9. हाईवे पर पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, इंस्पेक्टर समेत 6 घायल

फाजिल्का में मलोट हाईवे पर स्कॉर्पियो गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। जिससे उसमें सवार 3 पुलिसकर्मियों समेत 6 लोग घायल हो गए। इनमें मोहाली CIA के इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह और सिरसा के रहने वाले अंग्रेज सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें बठिंडा एम्स रेफर किया गया है। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला। (पढ़ें पूरी खबर)
10. फाजिल्का में हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़

फाजिल्का में पुलिस ने युवक को हनीट्रैप में फंसाने वाली 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को दी कंप्लेंट में एक कार सवार ने बताया कि वह फाजिल्का शहर आ रहा था, तभी एक महिला ने उससे लिफ्ट ली। इसके बाद रतन सिंह नाम के व्यक्ति ने उनकी फोटो खींच ली। इसके बाद उसे धमकाया कि रेप केस दर्ज कराएंगे। इसके बदले में उससे 2 लाख रुपए मांगे। जिसके बाद 50 हजार रुपए वसूल भी कर लिए। पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 4 लोगों पर केस दर्ज किया है।(पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: जेल से निकले मजीठिया का मूंछों पर ताव; कोर्ट ने कहा- फ्लाइंग किस भी छेड़छाड़; PM को गाली पर दंगे का केस – Punjab News


