[ad_1]
.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर एक प्रॉपर्टी डीलर की 12 गोलियां मारकर हत्या है। प्रॉपर्टी डीलर की हत्या चंडीगढ़ में हुई, लेकिन वह पंजाब के मुल्लांपुर का रहने वाला था। जिम से निकलते समय गाड़ी में उसे गोलियां मारी गईं।
वहीं, चंडीगढ़ से सबसे बड़ी यहां के सेक्टर 22 स्थित मोबाइल मार्केट में आग से जुड़ी है। फायर ब्रिगेड की 30 से ज्यादा गाड़ियां आग पर काबू पहुंचीं। इसके बाद भी आग जलती रही।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. प्रॉपर्टी डीलर की 12 गोलियां मारकर हत्या, गाड़ी की सीट पर लुढ़की लाश
चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में बुधवार को एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह जिम से निकलकर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठ रहा था कि तभी बाइक पर आए हमलावरों ने उस पर 12 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने के बाद वह ड्राइविंग सीट पर ही लुढ़क गया।
साथी उसे तुरंत फॉर्च्यूनर गाड़ी में ही डालकर PGI के लिए रवाना हो गए, लेकिन सूत्रों के मुताबिक खून ज्यादा बह गया था। ऐसे में अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। प्रॉपर्टी डीलर के पेट, छाती और बाजू पर गोलियां लगीं।
पुलिस टीम ने मौके से 12 खाली खोल बरामद हुए हैं। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जमा किए।
प्रॉपर्टी डीलर की पहचान चरणप्रीत सिंह (31) के रूप में हुई है। वह गांव कुब्बाहेड़ी (मुल्लांपुर) के रहने वाले थे। जहां यह घटना हुई, उससे मात्र दो या तीन मिनट की दूरी पर चंडीगढ़ प्रशासन व चंडीगढ़ एसएसपी का दफ्तर है। प्रॉपर्टी डीलर को पहले भी धमकियां मिल चुकीं थीं। (पढ़ें पूरी खबर)
2. पार्क प्लाजा होटल तोड़ने पर बवाल, हिरासत में लिए BJP नेताओं को जमानत

जालंधर में सिविल लाइंस स्थित होटल पार्क प्लाजा के कुछ हिस्से को गिराने पर बवाल हो गया। कार्रवाई के दौरान विरोध करने वाले भाजपा नेताओं को सुबह साढ़े 9 बजे सेशन कोर्ट में पेश किया गया। इनमें पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल शामिल रहे।
कोर्ट में करीब 3 घंटे सुनवाई चली। इसके बाद सभी 30 नेताओं को जमानत दे दी गई। इसके बाद जैसे ही कार्यकर्ता कोर्ट की ओर बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई।
इससे पहले भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा जालंधर पहुंचे और कोर्ट रोड पर धरना दिया। पूर्व विधायक केडी भंडारी सहित भाजपा नेताओं ने सड़क जाम कर दी। इस दौरान उनकी पुलिस से भी बहस हुई।
जानकारी के अनुसार, कल (17 मार्च) को होटल पार्क प्लाजा पर नगर निगम की टीम ने कोर्ट से ऑर्डर आते ही शाम साढ़े 6 बजे के करीब जेसीबी मशीन चला दी थी। होटल के सामने वाले छज्जे और दो पिल्लर को गिरा दिया गया था। नगर निगम ने होटल के कुछ हिस्से को अवैध बताया। (पढ़ें पूरी खबर)
3. मोबाइल मार्केट में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 33 गाड़ियां काबू पाने में लगी

चंडीगढ़ के सेक्टर 22 स्थित मोबाइल मार्केट में आज भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह मार्केट मोबाइल शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों के लिए प्रसिद्ध है, जहां रोजाना हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए 33 गाड़ियां लगाई गईं। वहीं, नगर निगम ने घटनास्थल पर पानी के टैंकर पहुंचाए। आग लगने के समय भी मार्केट में भारी भीड़ मौजूद थी।
दमकल कर्मियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर, आसपास के पूरे इलाके को खाली करा दिया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. पूर्व पार्षद के भतीजे को गोली लगी, पिस्टल चेक करते वक्त फायर हुआ

अमृतसर में पूर्व कांग्रेस पार्षद लखनपाल के भतीजे को गोली लग गई। पुलिस जांच में सामने आया कि घायल युवक के चाचा के बेटे के पास लाइसेंसी हथियार है। युवक उसी पस्टल को हाथ में लेकर चेक कर रहा था, तभी अचानक उससे गोली चल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि, इससे पहले पुलिस ने बताया था कि युवक अपनी बहन के साथ घर के बाहर खड़ा होकर कुत्तों को खाना खिला रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार एक अज्ञात हमलावर आया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली के पेट में लगी।
एसीपी शिव दर्शन ने कहा कि शुरुआत में परिवार ने घबराहट में अज्ञात हमलावर द्वारा गोली चलाने की बात कही थी, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि यह किसी बाहरी व्यक्ति की हरकत नहीं, बल्कि हादसावश चली गोली का मामला है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. बछड़े को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटा, लातें-डंडे मारे, हिंदू संगठन भड़के

पठानकोट में बछड़े को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटने का वीडियो सामने आया है। व्यक्ति ट्रैक्टर से उसे कहीं छोड़ने ले जा रहा है, लेकिन बछड़ चल नहीं पता है, तो वह डंडे व लातों से मारता है।
इसके बाद भी जब बछड़ा नहीं चलता है, तो व्यक्ति उसे करीब 400 मीटर तक घसीटा ले गया। इससे बछड़ा गंभीर घायल हो गया। आखिर में आरोपी व्यक्ति बछड़े को खेतों में लावारिस छोड़ कर भाग जाता है।
घटना 17 मार्च शाम पंगोली-सुजानपुर रोड की है। इसके 5 वीडियो सामने आए हैं। इसके बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पुलिस को मामले की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सुजानपुर थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान परशोतम लाल के नाम से हुई, जो गांव वड्डा भनवाल का रहने वाला है। वहीं, पुलिस अब मामले जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. सिंगर दिलजीत ने दिल-लुमिनाटी टूर ने 943 करोड़ रुपए कमाए, 114 करोड़ टैक्स भरा

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल-लुमिनाटी इंडिया टूर-2024 ने पंजाबी म्यूजिक के इतिहास में कमाई का रिकॉर्ड तोड़ा दिया। दिल-लुमिनाटी टूर ने 943 करोड़ रुपए कमाए। इसका खुलासा मार्च 2026 में आई सोशियो इकोनॉमिक इम्पैक्ट रिपोर्ट में हुआ। इस टूर से 114 करोड़ रुपए टैक्स मिला, जबकि 1.2 लाख लोगों को रोजगार मिला।
अर्न्स्ट एंड यंग (EY) की ताजा सोशियो इकोनॉमिक रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंकड़ा भारतीय कलाकार के लाइव टूर का नया बेंचमार्क है। रिपोर्ट में बताया गया है कि टूर के दौरान 3.2 लाख से ज्यादा दर्शकों ने शो देखे। दिल्ली का शो तो रिकॉर्ड 55 हजार दर्शकों के साथ देश का सबसे बड़ा शो बना।
EY रिपोर्ट के अनुसार, टिकट बिक्री और स्पॉन्सरशिप से 276 करोड़ का डायरेक्ट रेवेन्यू मिला। जबकि होटल, ट्रैवल, खान-पान, शॉपिंग और लोकल सर्विसेज में फैंस के खर्च से 553 करोड़ रुपए आए। टैक्स में 111 करोड़ GST और बाकी लोकल परमिशन फीस शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. कनाडा में पंजाबी युवक की हत्या, गर्दन में गोली मारी

कनाडा में पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एडमॉन्टन शहर के पास लेड्यूक इलाके में हमलावरों ने हाईवे-2 पर उसकी कार को घेरा। इसके बाद उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मृतक की पहचान बीरइंदर सिंह (22) के रूप में हुई है, जो स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। पुलिस के अनुसार, वह ओंटारियो में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद हाल ही में अल्बर्टा प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था। घटना 14 मार्च को हुई।
बीरइंदर माता-पिता का इकलौते बेटा था। दोस्तों ने बीरइंदर के पार्थिव शरीर को भारत भेजने के लिए गो फंड मी पेज बनाया था, जिसके जरिए जरूरी फंड जुटा लिया गया है, ताकि उनके माता-पिता आखिरी बार अपने बेटे का चेहरा देख सकें। (पढ़ें पूरी खबर)
8. PU में फायरिंग करने वाले चकमा देकर भागे, पुलिस को भनक तक नहीं लगी

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार शाम सोपू नेता पर हुई फायरिंग के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए। हमलावर घटना के बाद से फरार हैं और अभी तक पुलिस को उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी स्टूडेंट्स की तरह पिट्ठू बैग लेकर कैंपस में दाखिल हुए। इससे साफ है कि एंट्री पॉइंट पर चेकिंग में चूक हुई। यूनिवर्सिटी के सुरक्षा अधिकारियों ने भी माना है कि हमलावर आसानी से अंदर घुसने में कामयाब रहे।
जांच एजेंसियों को शक है कि हमलावर प्रोफेशनल थे और किसी खास व्यक्ति को टारगेट करने आए थे। वारदात के बाद भागने का तरीका भी प्लानिंग को दर्शाता है। आरोपी पहले चोरी की स्कूटी पर आए, जिसे घटना से पहले ही छोड़ दिया।
इसके बाद उन्होंने एक कपल से बुलेट बाइक छीनी और फरार हो गए। बाद में उस बाइक को डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड के पास छोड़ दिया। आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागे। (पढ़ें पूरी खबर)
9. सिंगर सुनंदा शर्मा लाइव शो में भड़कीं, युवक से बोलीं- मैं शो खराब नहीं करना चाहती

पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव शो के दौरान एक युवक ने ऑडियंस के बीच से इशारे किए। सुनंदा पहले गाना गाती रहीं, लेकिन जब युवक अपनी हरकतों से नहीं रुका तो उन्होंने गाना बीच में ही रोक दिया।
गुस्से में सुनंदा शर्मा ने उसे चेतावनी देते हुए कहा कि अभी शो अच्छा चल रहा है, इसलिए अभी छोड़ रही हूं, मैं शो खराब नहीं करना चाहती। नहीं तो…! इतना कहकर उन्होंने उसे घूरा और फिर दोबारा गाना शुरू कर दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह कार्यक्रम 13 मार्च को एमिटी यूनिवर्सिटी, झारखंड में हो रहा था, जहां बड़ी संख्या में छात्र उनके गानों पर झूम रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद फैंस सुनंदा के सपोर्ट में उतर आए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
10. UK में कौर-टू-खान मूवमेंट, सिख लड़की को मुस्लिम बनाने के 10 हजार पाउंड

ब्रिटेन में कौर-टू-खान मूवमेंट चल रहा है। सिख लड़कियों को फंसाकर उन्हें मुसलमान बनाया जा रहा है। इसके लिए यूके में पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग सक्रिय है। इंग्लैंड में रहने वाले पंजाबी नवदीप सिंह ने एक युवती का वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें युवती ये सभी दावे कर रही है। हालांकि, दैनिक भास्कर उस युवती के दावों की पुष्टि नहीं करता।
युवती ने वीडियो में दावा किया कि यूके में ग्रूमिंग गैंग को कौर (सिख लड़की) से खान (मुस्लिम) बनाने पर 10 हजार पाउंड दिए जा रहे हैं। युवती का कहना है कि पाकिस्तानी मूल की ग्रूमिंग गैंग सोची-समझी साजिश के तहत गैर-मुस्लिम लड़कियों, खासकर सिख लड़कियों को निशाना बना रहे हैं।
युवती का दावा है कि अलग-अलग धर्म की लड़कियों को फंसाने के रेट भी अलग हैं। सिख लड़की को फंसाकर मुस्लिम बनाने पर युवक को 10,000 पाउंड (करीब 11 लाख रुपये) मिलते हैं। वहीं, हिंदू या ईसाई लड़की के धर्म परिवर्तन कराने पर 5,000 पाउंड (करीब साढ़े 5 लाख रुपये) का इनाम दिया जाता है। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: प्रॉपर्टी डीलर की 12 गोलियां मारकर हत्या, दिलजीत के टूर से ₹114 करोड़ टैक्स आया; सिंगर सुनंदा शर्मा भड़कीं – Punjab News

