[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर सिंगर गिप्पी ग्रेवाल से जुड़ी है। सिंगर को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से फोन आया, जिसमें उनसे कहा गया कि इग्नोर करोगे तो गोलियां संभाल नहीं पाओगे।
वहीं, चंडीगढ़ से बड़ी खबर हाईकोर्ट से आई है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने एक केस की सुनवाई करते हुए फैसला सुनाया कि यदि बच्चा उसकी मां की कस्टडी में है तो उसे गलत नहीं ठहराया जा सकता। असल में मां ही बच्चे की सही अभिभावक है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को धमकी, कहा- गोलियां संभाल नहीं पाओगे
पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भारी कॉल आई है। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि हां गिप्पी, गोल्डी बराड़ बोल रहा हूं। गिप्पी मैंने तुम्हें थोड़े दिन पहले भी मैसेज भेजा था। अभी तक तेरा कोई रिप्लाई नहीं आया।
उसने आगे कहा- मैं पाने ऐले को भी मैसेज छोड़ा था। तुम दोनों से मुझे बात करनी है। तुम दोनों से काम है। वैसे इग्नोर न करो। बहुत बुरी हो जाएगी। मैसेज इग्नोर कर सकते हैं, लेकिन जो गोलियों के बर्स्ट आने हैं, आपकी साइड वह इग्नोर नहीं होंगे। ठीक है? कहीं मोहाली में तेरी फिल्म बनानी पड़ जाए। फिल्में तू बना रहा है, कहीं तेरी न बनानी पड़ जाए।
डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि पुलिस के पास अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत आती है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)
2. AAP विधायक अनमोल गगन मान के पति को 2 साल की सजा

मोहाली जिले के खरड़ से AAP की विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही और उनके 2 पार्टनरों को सजा सुनाई गई। डेराबस्सी कोर्ट ने साढ़े 3 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में 2-2 साल की सजा सुनाई है।
अदालत ने शाहबाज सिंह सोही के अलावा उनके साझेदार जतिंदर सिंह और नश्तर सिंह को भी दोषी ठहराया। यह मामला हाउसिंग प्रोजेक्ट कंपनी मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डर्स से संबंधित है।
30 नवंबर 2018 को यह याचिका जीरकपुर के सरपंच और पार्षद रहे जसपाल सिंह के छोटे भाई कमलजीत सिंह ने दर्ज करवाई थी। शिकायत में खरड़ एमएलए अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह साही, जतिंदर सिंह, नश्तर सिंह को आरोपी बनाया था।
याचिका के अनुसार, तीनों आरोपी मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डर्स में पार्टनर थे और राजपुरा में सिल्वर सिटी नाम से प्रोजेक्ट बनाने की योजना बना रहे थे। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को प्रोजेक्ट में कुछ प्लॉट देने का वादा करके निवेश के लिए तैयार किया। (पढ़ें पूरी खबर)
3. विवाद के बाद संजय दत्त-नोरा फतेही का गाना यूट्यूब से हटाया

अप्रैल में रिलीज होने वाली फिल्म केडी: द डेविल के गाने सरके चुनर तेरी सरके को लेकर विवाद हो गया है। जिसके बाद इसे यूट्यूब से हटा दिया गया। चंडीगढ़ काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन एवं पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट वासु रंजन शांडिल्य ने मंगलवार को चंडीगढ़ के एसएसपी को शिकायत दी है।
उन्होंने कहा कि गाने में डबल मीनिंग बोल हैं। इसके साथ आपत्तिजनक सीन दिखाए गए हैं। यह न सिर्फ समाज की शालीनता के खिलाफ है, बल्कि खासकर बच्चों और कम उम्र के युवाओं के मन पर बुरा असर डाल सकता है। यह सार्वजनिक शालीनता के लिए अपमानजनक है।
इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए हैं, जबकि इसके गीतकार रकीब आलम हैं। पुलिस से उन्होंने मांग की है कि वायरल हो रहे अश्लील गाने के मामले में तुरंत BNS की धारा 294, 296, 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 व 67A के तहत FIR दर्ज की जाए और गाना सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाए। क्योंकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अश्लीलता को बढ़ावा देना कानूनन अपराध है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. CM मान बोले- बिजली बिल में राहत दी, विरोधियों के पास अब कोई मुद्दा नहीं

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी में सरकार के 4 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशाल समागम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और विरोधियों पर तीखे प्रहार किए।
समागम से पहले मुख्यमंत्री मान ने धूरी में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक नए सरकारी अस्पताल का भी उद्घाटन किया, जिसे स्वास्थ्य क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम बताया जा रहा है।
संगरूर जिले के हलका धूरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए हर वादे को जमीनी स्तर पर सच कर दिखाया है। उन्होंने अपनी प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा पूरी तरह लागू हो चुका है, जिससे लाखों परिवारों का आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जल्द ही लोगों को बिजली बिलों में एक अलग से कट (राहत) भी देखने को मिलेगी।
महिलाओं को 1000 और 1500 रुपए देने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है, जो जल्द ही धरातल पर दिखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधियों के पास अब बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। जो काम अधूरे रह गए हैं, उन्हें आने वाले एक साल के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूर खबर)
5. हाईकोर्ट का फैसला- मां के पास बच्ची रहना गैरकानूनी नहीं

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में साफ कहा है कि अगर बच्ची अपनी मां के साथ रह रही है, तो इसे गैरकानूनी नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने 6 महीने की बच्ची की कस्टडी लेने के लिए पिता द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया।
जस्टिस रूपिंदरजीत चाहल ने कहा कि मां ही बच्चे की असली अभिभावक होती है। जब तक कोर्ट कोई अलग आदेश नहीं देता, तब तक बच्चा मां के पास रहना बिल्कुल सही है और इसे गलत नहीं माना जाएगा।
हाईकोर्ट ने कहा कि कुछ लोग बच्चे को अपने पास लाने के लिए हैबियस कॉर्पस याचिका लगा देते हैं, लेकिन यह सही तरीका नहीं है। यह याचिका सिर्फ तब लगती है, जब किसी को गलत तरीके से रोका गया हो। (पढ़ें पूरी खबर)
6. बहू ने सास को जमीन पर पटका, बालों से खींचकर लाई

मानसा में बहू ने सास की पिटाई कर दी। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें बहू सास को कमरे से बालों से खींचकर बाहर लाकर पटकते हुए दिख रही है। इसके बाद सास को थप्पड़ भी मारा। सास ने बहू पर गहने चुराने का भी आरोप लगाया है।
हालांकि, बहू ने आरोपों को नकार दिया है। फिलहाल, दोनों सरदूलगढ़ के अस्पताल में भर्ती हैं। सास के सिर पर चोट आई है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ससुर ओम प्रकाश ने बताया कि उनकी बहू स्माइल उनके साथ अक्सर झगड़ा करती है। उनका बेटा उनके साथ रहना चाहता है, लेकिन बहू उनसे अलग रहने की जिद करती है। इसके लिए उनके और बहू के परिवार के बीच कई बार बैठकें भी हुईं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. कपिल शर्मा ने नवजोत सिद्धू के लिए मांगे वोट, शो के प्रमोशन के लिए आए थे

पूर्व क्रिकेटर व पंजाब कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पिछले काफी समय से राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। वहीं, राज्य में इलेक्शन अभी दूर हैं, लेकिन जब वह पंजाब में अपने शो के प्रमोशन के लिए पहुंचे तो कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा ने उनके लिए मंच से वोट मांग लिए।
इसे सुनकर सिद्धू भी खुद को ठहाके लगाने से नहीं रोक पाए। कपिल शर्मा का कहना था कि वहां जुटी भीड़ को देखकर लग रहा था कि किसी रैली में आए हो।
दरअसल, सिद्धू, कपिल शर्मा और अन्य स्टार कास्ट एक मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे। इस दौरान कपिल शर्मा जब स्टूडेंटस को संबोधित करने लगे तो सिद्धू भी उनके साथ थे। इस दौरान कपिल ने मजाकिया अंदाज में कहा, “इस बार वोट आप नवजोत सिद्धू को ही डालना।” यह सुनकर सिद्धू भी हंस पड़े।
इसके बाद कपिल शर्मा ने सिद्धू को गले लगाया। फिर उन्होंने कहा- मुझे सच में लगा जैसे किसी रैली में आ गए हों। यहां का जोश देखकर मजा आ गया। जो भी काम करने आए हैं, उसे दिल लगाकर करें। (पढ़ें पूरी खबर)
8. LPG संकट की आशंका, डिस्ट्रीब्यूटर्स बोले- सप्लाई और दावों में अंतर

चंडीगढ़ में फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ पंजाब ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रदेश में एलपीजी (रसोई गैस) सप्लाई को लेकर गंभीर चिंता जताई है। फेडरेशन ने कहा कि जमीनी स्तर पर सप्लाई की स्थिति और सरकारी दावों में बड़ा अंतर है, जिससे लोगों में घबराहट बढ़ रही है।
फेडरेशन के प्रेजिडेंट एस गुरपाल सिंह मान ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने की खबरों के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू सिलेंडर पर करीब 260 रुपए और 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी। अचानक बढ़ी कीमतों और स्पष्ट जानकारी की कमी से उपभोक्ताओं में गैस की कमी का डर फैल गया।
फेडरेशन ने बताया कि शहरों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही गैस बुकिंग की शर्त लगा दी गई है। जबकि, आधिकारिक तौर पर कमी से इनकार किया जा रहा है। ऐसे में ये पाबंदियां लोगों को और ज्यादा भ्रमित कर रही हैं।
कुछ दिनों के लिए बुकिंग सिस्टम बंद रहने से स्थिति और बिगड़ गई। इससे लंबित बुकिंग बढ़ गई। जबकि, बॉटलिंग प्लांट से सप्लाई मांग के मुकाबले कम मिल रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. रेस्टोरेंट मालिक ने हलाल मीट न बेचने का बोर्ड लगाया, 100 लोगों ने हमला किया

लंदन के हाई-प्रोफाइल इलाके हैमरस्मिथ में पंजाबी रेस्टोरेंट मालिक और पाकिस्तानी मुस्लिमों में हलाल मीट को लेकर विवाद हो गया। 16 साल से रेस्टोरेंट चला रहे हरमन कपूर ने कहा कि हलाल मीट बेचने से मना करने पर पाकिस्तानियों के 100 लोगों के ग्रुप ने हमला कर दिया।
उन्होंने कहा- मुझे हलाल मीट बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। अपने बिजनेस को बचाने के लिए मुझे दुनियाभर के सिखों से मदद मांगनी पड़ रही है।
हरमन के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने 14 मार्च को रेस्टोरेंट पर एक बोर्ड लगा दिया। इस पर साफ लिख दिया कि उनके रंगरेज रेस्टोरेंट में हलाल मीट नहीं मिलेगा।
हरमन के पोस्टर लगाने के बाद रेस्टोरेंट पर पाकिस्तानियों की भीड़ जमा हो गई। यहां तोड़फोड़ की कोशिश की गई। हरमन ने कहा कि उन पर हमला किया गया। उन्होंने गातरे से डिफेंस किया। उनके घर को भी कट्टरपंथियों ने निशाना बनाया।
हरमन ने कहा कि पुलिस ने भी कट्टरपंथियों का साथ दिया। आरोपियों को अरेस्ट करने के बजाय उल्टा उन्हें ही अरेस्ट कर लिया, लेकिन पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
हरमन ने बताया कि 2010 में खोला उनका रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर है। उनका रेस्टोरेंट रंगरेज पंजाबी स्वाद के लिए मशहूर है। लेकिन उन्होंने कभी हलाल मीट नहीं बेचा। (पढ़ें पूरी खबर)
10. AI वीडियो में गोल्डन टेंपल में बेअदबी, कंकाल को जूता पहन परिक्रमा में दिखाया

अमृतसर के गोल्डन टेंपल से जुड़ा बेअदबी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो सामने आया है। इसमें एक कंकाल को पगड़ी पहनाकर गोल्डन टेंपल की परिक्रमा में दिखाया गया है। उसे जूते भी पहनाए गए हैं। यही नहीं, वह लंगर हॉल में भी जूते समेत ही लंगर खाता नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सिख समुदाय इसका कड़ा विरोध कर रहा है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी वीडियो को लेकर जांच शुरू कर दी है। SGPC मेंबर गुरचरण ग्रेवाल ने वीडियो मंगवाते हुए कहा कि इसे देखकर फिर आगे फैसला लिया जाएगा।
गोल्डन टेंपल में इस तरह से बेअदबी कर सिख समुदाय की भावनाएं आहत करने का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले AI वीडियो बनाकर गाड़ी समेत एक युवक को परिक्रमा में दिखाया गया। वहीं, एक मुस्लिम युवक ने गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में थूककर रील बनाई थी।
एसजीपीसी सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि यह वीडियो हमारे ध्यान में आया है। इस मामले की जांच एसजीपीसी की AI जांच कमेटी द्वारा की जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये वीडियो इंस्टाग्राम पर 5 दिन पहले पोस्ट किया गया। अब तक इसे 7 लाख लोग देख चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को धमकी, AAP MLA के पति को सजा; विवाद के बाद संजय दत्त-नोरा फतेही का गाना हटाया – Punjab News


