[ad_1]
मृतक आरती, जिसका शनिवार को झाड़ियों में कंकाल मिला था।
चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में झाड़ियों में मिले कंकाल की पहचान हो गई। घरवालों ने कहा- बेटी का मर्डर किया गया है। वह 11 फरवरी से लापता थी, लेकिन पुलिस उसे ढूंढने के बजाय परिजनों को यह कहकर टालती रही कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गई होगी।
.
परिजनों ने कहा कि आरती 11 फरवरी की सुबह यह कहकर घर से निकली थी कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगी, लेकिन वह नहीं लौटी। इसके बाद सीधा उसकी लाश मिली है।
लड़की के परिवार ने सोशल मीडिया पर कंकाल मिलने का वीडियो देखा और खुद ही इंडस्ट्रियल एरिया थाने पहुंच गए। पुलिस परिवार को जीएमएसएच-16 की मॉर्चरी ले गई, जहां अंगूठी और मौके से मिले कपड़ों के आधार पर पहचान की गई।
मृतका का नाम आरती (21) है, जो बापूधाम की रहने वाली थी। हालांकि मृतक का कंकाल अभी तक उसके परिजनों को नहीं सौंपा गया है।
5 पॉइंट में जानिए पूरा मामला…
- 11 फरवरी को लापता हुई थी आरती: आरती के भाई विनोद और मां ने सेक्टर-26 थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 11 फरवरी को आरती लापता हुई थी, लेकिन पुलिस ने शुरुआत में उसे ढूंढने की बजाय यह कहकर मामला टाल दिया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गई होगी।
- 5 दिन बाद केस दर्ज किया: परिवार के अनुसार, 12 फरवरी को जब वे थाने पहुंचे तो जांच अधिकारी ने उन्हें 2-3 दिन इंतजार करने को कहा। गुमशुदगी की रिपोर्ट भी 17 फरवरी को दर्ज की गई। इस बीच परिवार खुद ही आरती की तलाश करता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
- वीडियो को देख खुद थाने पहुंचे परिजन: उन्होंने बताया कि बाद में सोशल मीडिया पर कंकाल मिलने का वीडियो देखने के बाद वे खुद इंडस्ट्रियल एरिया थाने पहुंचे। वहां से पुलिस उन्हें जीएमएसएच-16 की मॉर्चरी ले गई, जहां अंगूठी और कपड़ों के आधार पर आरती की पहचान हुई।
- पुलिस ने सीसीटीवी चेक नहीं किए: परिवार का यह भी आरोप है कि उन्होंने पहले ही पुलिस को बताया था कि आरती को ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट के पास एक पिकअप गाड़ी में देखा गया था, लेकिन पुलिस ने न तो सीसीटीवी फुटेज चेक किए और न ही उसकी फोटो अन्य थानों में भेजी।
- लावारिस मानकर अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी: उन्होंने कहा कि अगर वे खुद वीडियो देखकर थाने न पहुंचते, तो पुलिस 72 घंटे बाद कंकाल को लावारिस मानकर अंतिम संस्कार कर देती। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
थाना प्रभारी बोले- जांच कर रहे
मामले में इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम ने बताया कि मामले में जांच के लिए सीएफएसएल रिपोर्ट भेजी गई है, वहां से रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है और लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
****************
ये खबर भी पढ़ें:
चंडीगढ़ में महिला का कंकाल मिला: निगमकर्मी ने घास काटते समय खोपड़ी देखी, पास में चप्पल पड़ी थी; हाथ-पैर गल चुके

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में एक महिला का कंकाल मिला है। इसे घास काटते समय नगर निगम के माली ने इसकी खोपड़ी देखी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)
[ad_2]
थोड़ी देर में आऊंगी कहकर निकली….झाड़ियों में मिला कंकाल: चंडीगढ़ में लड़की के परिजन बोले-मर्डर हुआ; पुलिस कहती रही- मर्जी से गई होगी, आ जाएगी – Chandigarh News


