जोरहाट में BJP-AGP उम्मीदवारों ने किया नामांकन, स्वास्थ्य-पानी-विकास के वादों पर गरमाई सियासत Politics & News

[ad_1]

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

असम के जोरहाट जिले में सोमवार (23 मार्च, 2026) को उस समय राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और असम गण परिषद (AGP) के उम्मीदवारों ने जिला उपायुक्त कार्यालय में चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान उम्मीदवारों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और क्षेत्र के समग्र विकास को अपनी प्राथमिकता बताई.

नामांकन दाखिल करने वालों में जोरहाट से भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी, मरियानी से भाजपा उम्मीदवार रूपज्योति कुर्मी, तिताबर से भाजपा उम्मीदवार धीराज गोवाला और टियोक से AGP उम्मीदवार विकास सैकिया शामिल रहे.

जनता के समर्थन से हासिल करेंगे जीतः गोस्वामी

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव लड़ेंगे और जनता के समर्थन से जीत हासिल करेंगे. उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य क्षेत्र का समग्र विकास है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है.

उन्होंने कहा कि स्थानीय मेडिकल कॉलेज को उन्नत बनाने के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई है, ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था में मौजूद कमियों को दूर किया जा सके. उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों का इलाज आम लोगों के लिए आर्थिक बोझ बन जाता है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं.

पेयजल संकट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी से गांवों तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 300 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की गई है. साथ ही, असम कृषि विश्वविद्यालय के आसपास और शहरी वार्डों में जल आपूर्ति सुधार का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे इस साल पूरा करने का लक्ष्य है. उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में शुरू हुए कुछ विकास कार्य समय की कमी के कारण अधूरे रह गए, जिन्हें दोबारा मौका मिलने पर पूरा किया जाएगा.

हम क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्धः धीराज गोवाला

तिताबर से भाजपा उम्मीदवार धीराज गोवाला ने भी जिला उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया. उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का भारी समर्थन मिल रहा है और वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी.

जमीनी स्तर पर निरंतर मेहनत से मिलती है सफलताः रूपज्योति

मरियानी से भाजपा उम्मीदवार रूपज्योति कुर्मी ने नामांकन के बाद कहा कि राजनीति में सफलता केवल ईश्वर के भरोसे नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर निरंतर मेहनत से मिलती है. उन्होंने कहा कि जनता के साथ मजबूत जुड़ाव ही उनकी असली ताकत है. कुर्मी ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद 10,000 से अधिक समर्थक स्वेच्छा से उनके साथ पहुंचे, जो जनता के भरोसे का संकेत है.

उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बना हुआ है. जबकि रायजोर दल की उम्मीदवार डॉ. ज्ञानश्री बोरा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है, लेकिन नामांकन के दिन ही जमीनी समर्थन स्पष्ट दिखाई दे रहा है.

जनता की सभी समस्याओं का होगा समाधानः विकास सैकिया

जबकि टियोक से AGP उम्मीदवार विकास सैकिया ने भी अपना नामांकन दाखिल किया और क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनता की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया. जोरहाट और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी दलों की सक्रियता के बीच चुनावी मुकाबला आने वाले दिनों में और भी तेज होने की संभावना है.

यह भी पढ़ेंः ‘भारत के पास 53 लाख मीट्रिक टन का तेल रिजर्व मौजूद’, तेल-LPG संकट पर संसद में क्या बोले PM मोदी?

[ad_2]
जोरहाट में BJP-AGP उम्मीदवारों ने किया नामांकन, स्वास्थ्य-पानी-विकास के वादों पर गरमाई सियासत