सोनीपत। घने कोहरे व यातायात नियमों की अनदेखी के चलते नेशनल हाईवे-344पी पर गांव ककरोई के समीप सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में ईको वैन चालक की मौत हो गई जबकि दो महिलाओं समेत 11 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और एक ट्रक विपरीत दिशा से हाईवे पर चढ़ आया।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज के गांव चटिया निवासी उमेश वर्तमान में परिवार सहित दिल्ली के होलंबी कलां में रहते हैं। वह गांव रतनगढ़ स्थित मास मॉडस्टो फैक्टरी में नौकरी करते हैं। उनके साथ बवाना जेजे कॉलोनी निवासी चंदन, फहीम, सौरभ, अकरम, मकसूद, रिहान, जोगेंद्र, ममता, ज्योति, सन्नी व नीरज भी फैक्टरी में कार्यरत है।
इनमें से उमेश समेत दस फैक्टरी कर्मी ईको वैन में आ रहे थे। दो अन्य बाइक पर सवार थे। ईको उमेश चला रहे थे। जब वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे बवाना होते हुए नेशनल हाईवे-344पी के रास्ते बड़वासनी की तरफ आ रहे थे तो हाईवे पर घना कोहरा था। इसी दौरान बड़वासनी से एक ट्रक चालक कोहरे में विपरीत दिशा से हाईवे पर चढ़ गया।
गांव ककरोई के सामने उमेश की ईको वैन सामने से गलत दिशा से आए ट्रक में टकरा गई। हादसे में ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी दस लोग घायल हो गए। इसी दौरान उनके पीछे बाइक पर चल रहे दो अन्य कर्मी भी हादसे का शिकार हो गए।
राहगीरों की मदद से हादसे में घायल सभी 12 सदस्यों को नागरिक अस्पताल सोनीपत में लाया गया, जहां पर उमेश को मृत घोषित कर दिया। अकरम को रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उन्हें दिल्ली स्थित अस्पताल में ले गए। अन्य घायलों को उपचार दिया गया। इसके बाद वह परिजनों के साथ चले गए।
हादसे की सूचना के बाद एसआई नीरज टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने मामले में उमेश के भाई वीरू के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मशक्कत के बाद घायलों को निकाला बाहर
हादसे के बाद ईको वैन का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। वैन में आगे की सीट पर बैठे चालक व एक अन्य अंदर ही फंस गए थे। साथियों ने मशक्कत के बाद लोहे की रॉड से गाड़ी के आगे के हिस्से को तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
हाईवे पर मचा हड़कंप, ट्रक चालक भाग निकला
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। हादसे के बाद वाहनों की कतार लग गई थी। पुलिस ने वाहनों को मशक्कत से निकाला।
चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने बताया कि उमेश के पास चार बेटियां हैं। वह फैक्टरी में नौकरी करने के साथ अपनी ईको वैन चलाते थे। उनकी बेटियों की उम्र दो से नौ साल के बीच बताई गई है।
हादसे में ईको वैन चालक की मौत हुई है। पुलिस ने चालक के भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया था, उसकी तलाश जारी है।
– इंस्पेक्टर अशोक, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत
फोटो :24: सोनीपत के गांव ककरोई के पास एनएच-344पी पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ईको वैन को क्रेन

फोटो :24: सोनीपत के गांव ककरोई के पास एनएच-344पी पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ईको वैन को क्रेन

फोटो :24: सोनीपत के गांव ककरोई के पास एनएच-344पी पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ईको वैन को क्रेन
जानलेवा कोहरा : विपरीत दिशा से आए ट्रक में टकराने से ईको चालक की मौत, 11 घायल




