[ad_1]
चंडीगढ़ सेक्टर-17 में शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार एक बाइक अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकरा गई। हादसे में पिंजौर के रहने वाले 16 साल के किशोर विवेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दोस्त, राजू (17) और राहुल (18) घायल हो गए।
हादसे के समय तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण विवेक की जान चली गई। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त चंडीगढ़ में रात को पार्टी करने के बाद घर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह 4.30 बजे हुआ। तीनों लड़के क्रिकेट स्टेडियम चौक से सेक्टर-22 की ओर जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय बाइक पर तीन लड़के सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रहा था। अधिकारियों के मुताबिक अगर हेलमेट पहन होता तो शायद जान बच सकती थी। हादसे के समय बाइक विवेक चला रहा था और दोनों दोस्त पीछे बैठे थे।
हादसे में फुटपाथ से टकराने के बाद विवेक और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि राजू को हल्की चोटें आईं। इसी बीच वहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पीसीआर गाड़ी पहुंची और तीनों को सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में राहुल को पीजीआई रेफर किया गया जबकि राजू इलाज से पहले ही चला गया।
चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था विवेक
पुलिस जांच में पता चला कि विवेक पिंजौर में डेयरी पर काम करता था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। बाइक उनके दोस्त करण की थी, जो रात में उन्हें चंडीगढ़ लेकर आया था। पुलिस का कहना है कि हादसा पूरी तरह से तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण हुआ।
अमर उजाला चला रहा अभियान…हीरोगीरी हेलमेट लगाने में है
अमर उजाला हीरोगीरी हेलमेट लगाने में है…अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रहा है। इसे लेकर लगातार बिना हेलमेट शहर में बाइक-स्कूटर चलाने वालों की फोटो प्रकाशित करने के साथ पुलिस को भी अलर्ट किया जा रहा है कि ऐसे लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति प्रेरित करें ताकि हादसों में जान बच सके। उधर, एसएसपी ट्रैफिक सुमेर प्रताप सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें। ट्रिपल राइडिंग से बचें और तेज रफ्तार न लें। माता-पिता और परिवार के लोग भी अपने बच्चों को इस नियम के पालन के लिए प्रोत्साहित करें।
बिना हेलमेट बाइक सवारों ने गंवाई थी जिंदगी
बीते 23 अगस्त को सेक्टर-40/41 लाइट पॉइंट पर भी ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट के कारण दो दोस्तों की मौत हो चुकी है। उस हादसे में सेक्टर-56 पलसौरा निवासी 16 वर्षीय विकास और 21 वर्षीय ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि हेलमेट पहनने वाले 18 वर्षीय अंकुश की जान बच गई थी। पुलिस ने बताया कि बाइक पलसौरा चौक से रॉन्ग साइड से आ रही थी और गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को देख चालक बाइक दौड़ा रहा था। इसी दौरान आई-20 कार से टकराकर सभी सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़े।
[ad_2]
चंडीगढ़ में हादसा: फुटपाथ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, किशोर की मौत; पिंजौर से पार्टी करने आए थे तीन दोस्त

