[ad_1]
चंडीगढ़ में मोबाइल हैकिंग के जरिए बैंक खाते से 69,598 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सीबीआई ने सेक्टर-29 निवासी प्रमोद कुमार की शिकायत पर रमेश हलदर, मिंटू और अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार प्रमोद कुमार का खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में है, जो उनके मोबाइल नंबर से लिंक है। 8 फरवरी 2026 को उन्हें व्हॉट्सएप पर एक निमंत्रण कार्ड के साथ एपीके (APK) फाइल भेजी गई। यह मैसेज उनके एक परिचित के नंबर से आया था। प्रमोद ने उस समय फाइल नहीं खोली। 3 दिन बाद नंबर पर फिर आया मैसेज तीन दिन बाद उसी नंबर से दोबारा ऐसा ही मैसेज आया। इस बीच परिचित ने बताया कि उसका मोबाइल नंबर हैक हो चुका है और उसने साइबर क्राइम सेल दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई है। उसी दिन प्रमोद के खाते से दो ट्रांजेक्शन के जरिए 69,598 रुपये निकाल लिए गए। इसमें 49,999 रुपये और 19,599 रुपये शामिल हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी को ओटीपी, पिन या बैंकिंग पासवर्ड साझा नहीं किया और न ही उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया। डिजिटल ट्रेल की जांच शुरू बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि 19,599 रुपये रमेश हलदर और 49,999 रुपये मिंटू नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर किए गए। प्रमोद का कहना है कि वह इन लोगों को नहीं जानते। सीबीआई के अनुसार प्राथमिक जांच में सामने आया है कि व्हॉट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच बनाई गई। फिलहाल आरोपितों के खातों और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है। सीबीआई ने मामला दर्ज कर साइबर फ्रॉड के इस नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है।
[ad_2]
चंडीगढ़ में वाट्सएप पर APK फाइल भेज मोबाइल हैक: खाते से 69 हजार उड़ाए, CBI की 2 पर FIR, 3 दिन बाद नंबर पर फिर आया मैसेज – Chandigarh News


