चंडीगढ़ के स्कूल की 24 महिला स्टाफ कर्मियों से छेडछाड़: शिकायत के 2 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं; बदसलूकी और धमकाने के लगाए आरोप – Chandigarh News Chandigarh News Updates

[ad_1]


चंडीगढ़ के एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 24 महिला स्टाफ कर्मियों ने अपने ही एक पुरुष सहकर्मी के खिलाफ छेड़छाड़, बदसलूकी और डराने-धमकाने की शिकायत दी है। हैरानी की बात यह है कि शिकायत को दो महीने से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अब तक जिसके खिलाफ शिकायत है उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है और वह आज भी स्कूल में ड्यूटी कर रहा है। महिलाओं ने 12 फरवरी को स्कूल की इंटरनल कमेटी (ICC) को लिखित शिकायत दी थी। यह कमेटी कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न के मामलों की जांच के लिए बनाई जाती है। इसके बावजूद आरोपी को न तो ट्रांसफर किया गया और न ही छुट्टी पर भेजा गया। वह उसी जगह काम कर रहा है, जहां शिकायत करने वाली महिलाएं भी मौजूद हैं। महिला कर्मचारियों ने मांग की है कि मामले की तुरंत जांच हो और उन्हें सुरक्षित माहौल दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे कानूनी कदम उठाएंगी। महिलाओं ने लगाए ये आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है, गालियां देता है और धमकाता है। वह महिला स्टाफ के बहुत करीब आकर असहज करता है और अपमानजनक टिप्पणियां करता है। महिलाओं का कहना है कि यह सब एक-दो बार नहीं, बल्कि बार-बार हो रहा है, जिससे काम का माहौल खराब और डर वाला बन गया है। एक घटना का भी जिक्र किया गया है, जिसमें आरोपी ने आक्रामक तरीके से व्यवहार किया और महिला स्टाफ के करीब आकर उन्हें परेशान किया, जिससे वे काफी घबरा गईं। अलग कमेटी बनने पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि स्कूल की ICC के अलावा शिक्षा विभाग ने अलग से एक और कमेटी बना दी है, जिसमें अन्य स्कूलों के प्रिंसिपल और एक वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इस पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब स्कूल में पहले से कमेटी बनी हुई है, तो दूसरी कमेटी की क्या जरूरत है। नियमों के मुताबिक, ऐसे मामलों की जांच स्कूल की ICC ही करती है। जिला स्तर की कमेटी तभी बनती है जब स्कूल में ICC न हो या शिकायत स्कूल के मालिक/प्रबंधन के खिलाफ हो। फिलहाल, दो महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी मामला जांच में ही है और जिस पर आरोप है वो बिना किसी कार्रवाई के स्कूल में काम कर रहा है।

[ad_2]
चंडीगढ़ के स्कूल की 24 महिला स्टाफ कर्मियों से छेडछाड़: शिकायत के 2 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं; बदसलूकी और धमकाने के लगाए आरोप – Chandigarh News