[ad_1]
फरीदाबाद: फरीदाबाद के खेड़ी पुल इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर एक खास अभियान चला. इसमें किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जैजू ठाकुर, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष दीपक शाक्य, अतिरिक्त SHO सुरेश कुमार और रोड सेफ्टी एडवाइजर राजेश सोलंकी सब जुटे रहे. सबने मिलकर लोगों की गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई और सड़क सुरक्षा के नियमों पर खुलकर बात की.
अभियान के दौरान टीम ने लोगों को एक-एक कर रोका और समझाया कि हेलमेट पहनना कितना जरूरी है, सीट बेल्ट क्यों लगानी चाहिए और रिफ्लेक्टर टेप से क्या फायदा मिलता है. कई बार लोग जल्दी या लापरवाही में हेलमेट नहीं पहनते बस हाथ में पकड़े रहते हैं. पुलिस और बाकी टीम ने ऐसे ही लोगों को रोका और लोगो को समझाया ये सब तुम्हारी ही सुरक्षा के लिए है.
रिफ्लेक्टर टेप के फायदे
जैजू ठाकुर ने बताया, रिफ्लेक्टर टेप की सबसे बड़ी बात ये है कि चाहे साइकिल हो या कार, कोई भी गाड़ी हो ये दूर से चमक जाती है. जनवरी-फरवरी में फरीदाबाद और आसपास भारी धुंध छा जाती है ऐसे में हादसे बढ़ जाते हैं. उन्होंने कहा हम नहीं चाहते कि किसी की जान जाए. सब सही-सलामत घर लौटें…बस यही चाहते हैं.
हेलमेट पहनो, गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाओ
उन्होंने ये भी कहा कि थोड़ी सी लापरवाही से बड़ा नुकसान हो सकता है. हेलमेट बहुत लोग चलती बाइक में हाथ में रखते हैं पहनते नहीं. फरीदाबाद पुलिस हर जगह खड़ी है, बार-बार समझाती है कि हेलमेट पहनो. गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाओ. पुलिस कोई परेशान करने के लिए नहीं बल्कि हमारी सुरक्षा के लिए है. उन्होंने साफ कहा अगर किसी का एक नंबर चला गया यानी कोई हादसे में चला गया तो उसका दुख पूरी उम्र रहता है. इसलिए नियमों का पालन जरूरी है.
कोहरे-धुंध के मौसम में सबसे ज्यादा हादसे
अतिरिक्त SHO सुरेश कुमार ने बताया कि कोहरे-धुंध के मौसम में सबसे ज्यादा हादसे होते हैं, क्योंकि गाड़ियां दिखती नहीं. रिफ्लेक्टर टेप इस मुश्किल को काफी हद तक हल कर देता है. हम खुद रुक-रुककर लोगों की गाड़ियों पर टेप लगा रहे हैं, ताकि कोहरे में भी गाड़ी दूर से दिखे और हादसे कम हों. उन्होंने पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग का भी जिक्र किया और कहा सड़क सुरक्षा के लिए लगातार ऐसे अभियान चलते रहेंगे.
अभियान में लोगों ने भी दिखाई दिलचस्पी
अभियान के दौरान लोगों ने भी दिलचस्पी दिखाई. खुद आगे बढ़कर रिफ्लेक्टर टेप लगवाई. कई लोगों ने कहा ऐसे अभियान बार-बार होने चाहिए. इससे सड़क हादसे कम होंगे और लोग जागरूक रहेंगे. टीम ने साइकिल, दुपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों पर भी टेप लगाई.
कुल मिलाकर ये अभियान लोगों के लिए काफी फायदेमंद रहा. पुलिस और समाजसेवी संगठनों ने भी साफ कर दिया नियम डराने या चालान काटने के लिए नहीं बने ये हमारी जान बचाने के लिए हैं. थोड़ा सा ध्यान थोड़ा सा समय और थोड़ी सी जागरूकता…इसी से कई हादसे टल सकते हैं.
[ad_2]




