करनाल में एसीबी की कार्रवाई: वन विभाग का दरोगा डेढ़ लाख रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार, जानें पूरा मामला Latest Haryana News

[ad_1]

असंध में पेड़ काटने के मामले में कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत मांगने वाले वन विभाग के दरोगा चांदवीर सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा चांदवीर को डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, असंध क्षेत्र के किसान सरताज ने अपने फार्म हाउस तक मुख्य सड़क से रास्ता बनाने के लिए कुछ पेड़ कटवाए थे। इसी मामले को लेकर वन विभाग का दरोगा चांदवीर पिछले करीब 15 दिनों से किसान को डरा रहा था। दरोगा ने कार्रवाई का भय दिखाते हुए कहा कि उस पर 15 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। आरोप है कि दरोगा ने मामले को दबाने के बदले सरताज से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी। इसके बाद दोनों के बीच डेढ़ लाख रुपये में सहमती बन गई।

लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। किसान सरताज ने असंध में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में आरोपी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत थमाई तो एसीबी की टीम ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। एसीबी के निरीक्षक सुल्तान सिंह ने बताया कि  आरोपी के खिलाफ करनाल में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।  एसीबी जांच अधिकारी सुल्तान ने बताया कि शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

[ad_2]
करनाल में एसीबी की कार्रवाई: वन विभाग का दरोगा डेढ़ लाख रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार, जानें पूरा मामला