[ad_1]
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु
होली के बाद तेजी से बढ़ती गर्मी से आपको थोड़ी राहत चाहिए तो मेरे पास एक सुझाव है। हैरी स्टाइल्स का स्टाइल आपके दिल को सुकून पहुंचा सकता है। मुम्बई में अधिकतम तापमान सिर्फ एक दिन में 5 डिग्री बढ़कर इस साल के अधिकतम स्तर 38.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
ऐसे में बुधवार को होली मनाने वालों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा थी कि अगले दिन ऑफिस में क्या पहनकर जाएं। मिलेनियल्स इसका सहज जवाब देते हैं, जो हैरी स्टाइल्स का स्टाइल स्टेटमेंट फॉलो करते हैं।
सोच रहे हैं कि यह व्यक्ति कौन है? तो बता दूं कि 32 साल के हैरी एडवर्ड स्टाइल्स एक इंग्लिश सिंगर, सॉन्ग-राइटर और एक्टर हैं। उनकी शोमैनशिप, आर्टिस्ट्री और चटखीले फैशन का लोकप्रिय संस्कृति पर गहरा असर है।
वे कई कारणों से मिलेनियल्स के बीच लोकप्रिय हैं। पिछले वीकेंड हुए ब्रिट अवार्ड्स में बीते तीन साल में अपने पहले रेड कार्पेट अपीयरेंस में हैरी ने एक क्रिस्प व्हाइट शर्ट और टाई के साथ एक आकर्षक पिनस्ट्राइप सूट पहना।
हालांकि करीब से देखें तो शर्ट कतई सफेद नहीं, बल्कि हल्की मिंट ग्रीन थी। लेकिन कैमरे पर दूर से सफेद लग रही थी। टाई क्लासिक स्ट्राइप वाली थी और काले रंग का हाई-वेस्टेड, वाइड लेग्ड ट्राउजर (थोड़ा-सा बेल बॉटम स्टाइल) बेहद करीने से सिला गया था, जिस पर हल्की सफेद धारियां थीं। जब वे सीढ़ियां चढ़ रहे थे तो कमर तक लहराते जैकेट के निचले हिस्से इतने आकर्षक थे कि कम फैशन माइंडेड लोगों के लिए भी इसे अनदेखा करना मुश्किल था।
इन दिनों जब आप टीवी पर ज्यादातर युद्ध से जुड़ी खबरें देख रहे हैं तो आपने देखा होगा कि कई राजनेता सफेद शर्ट पर ग्रे, काली या नीली जैकेट पहनते हैं। लेकिन बढ़ती गर्मी में रोजाना ऑफिस जाने वाले मेरे और आपके जैसे लोग सिर्फ सिम्पल व्हाइट शर्ट और ऐसी ट्राउजर पहन सकते हैं, जो बहुत चुस्त न हो। याद रखिए, मुम्बई और दिल्ली में आर्मी क्लब्स और यूएस क्लब्स भी शाम को बिना जैकेट के टक-इन की हुई फुल स्लीव सफेद शर्ट अलाउ करते हैं, लेकिन टी-शर्ट में शायद ही एंट्री मिले।
महिलाओं के लिए पॉकेट और आकर्षक वेस्टलाइन वाली फॉक ड्रेस लोकप्रिय हो रही हैं। वजह यह है कि ऐसी वेस्टलाइन डिजाइन पहनने वाले के बेहतर फीचर्स को हाइलाइट करती है। मसलन, ऑवरग्लास शेप दिखाना, चौड़ी कमर को पतली दिखाना या लंबी-पतली शारीरिक बनावट दिखाना।
ऐसे डिजाइन अकसर बैलेंस बनाने के लिए होते हैं, जैसे कमर को ज्यादा उभारना या कर्व्स जैसा दिखाना। इन ड्रेसेस में सबसे महत्वपूर्ण होता है कि टेलर कटिंग कैसे करता है और वेस्टबैंड्स व सिलाई को कैसे लगाता है, ताकि पहनने वाले के नेचरल बॉडी शेप को बेहतर दिखाया जा सके।
इन नए फैशन में एक एक्सेसरी जरूर होनी चाहिए- पॉकेट्स। कई डिजाइनर्स ने मुनाफा बढ़ाने के लिए इस छोटे फीचर को लंबे समय नजरअंदाज किया। लेकिन अब उन्हें समझ आया है कि महिलाओं को पॉकेट चाहिए, ताकि अपनी निजी चीजें छिपाकर रख सकें।
वास्तव में दुनिया भर में पॉकेट वाली ड्रेसेस ने डिजाइनर्स को बिना पॉकेट वाली ड्रेसेस की तुलना में ज्यादा मुनाफा दिया है। फेमिनिनिटी के साथ मॉडर्निटी का मेल अब महिलाओं की समर ड्रेसेस का नया बजवर्ड बन गया है।
यदि आपने पिछले हफ्ते हुए मिलान फैशन वीक को देखा तो गौर किया होगा कि फ्रंट बेंच पर बैठे कई लोगों ने अपने डार्क ग्लासेस कभी नहीं उतारे। टी20 खेल रहे हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी एहसास दिलाते हैं कि देर शाम तक भी डार्क ग्लासेस पहनना ठीक है।
2025-26 में महिलाओं के बीच सबसे पॉपुलर ट्रेंडिंग डार्क ग्लास बोल्ड, ओवरसाइज्ड और रेट्रो-इंस्पायर्ड हैं, जो फंक्शनैलिटी को हाई फैशन एस्थेटिक्स से जोड़ते हैं। स्क्वायर, बटरफ्लाई और राउंड शेप जैसे बड़े फ्रेम आज बेहद चलन में हैं, जो 1970 के दशक का ग्लैमरस लुक देते हैं। पुरुषों के लिए ये अक्सर मोटे, ‘चंकी’ एसीटेट मटेरियल से बनते हैं।
फंडा यह है कि बदलते फैशन को समझना और उसे वर्कप्लेस पर अपनाना आपको आत्मविश्वासी और अधिक प्रोडक्टिव बनाता है। साथ ही फैशनेबल भी बनाए रखता है।
[ad_2]
एन. रघुरामन का कॉलम: पुरुषों में व्हाइट शर्ट और महिलाओं में पॉकेट ड्रेस लोकप्रिय हो रही हैं


