India’s Forex Reserve: ईरान पर Israel और United States के संयुक्त हमले के बाद Middle East में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. जवाबी कार्रवाई में Iran ने Bahrain, Qatar और Kuwait समेत कई देशों को निशाना बनाया है. इसके साथ ही ईरान ने वैश्विक तेल व्यापार के अहम समुद्री मार्ग Strait of Hormuz को बंद कर दिया है, जहां से दुनिया के कई देश खाड़ी देशों से तेल आयात करते हैं. इस कदम से वैश्विक ऊर्जा बाजार में हलचल मच गई है.
विदेशी करेंसी ऑल टाइम हाई
इन तनावपूर्ण हालातों के बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 4.88 अरब डॉलर बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है. यह जानकारी Reserve Bank of India (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में दी.
इससे पिछले सप्ताह देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.11 अरब डॉलर घटकर 723.60 अरब डॉलर रह गया था. इससे पहले 13 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 725.72 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था.
तनाव के बीच राहत
आरबीआई के मुताबिक, 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 56.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 573.12 अरब डॉलर हो गईं. डॉलर में व्यक्त इन परिसंपत्तियों में भंडार में रखी गई अन्य प्रमुख मुद्राओं जैसे Euro, British Pound Sterling और Japanese Yen के मूल्य में उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है.
केंद्रीय बैंक ने बताया कि समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.14 अरब डॉलर बढ़कर 131.63 अरब डॉलर हो गया. इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.87 अरब डॉलर हो गया. आंकड़ों के अनुसार, इसी अवधि में International Monetary Fund (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार भी 15.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.87 अरब डॉलर हो गया.
ये भी पढ़ें: यूएस-ईरान वॉर के भारत के ऊपर हो रहे ये 5 बड़े साइड इफैक्ट्स, अब आगे क्या होगा?
Source: https://www.abplive.com/business/india-forex-reserve-jumps-4-88-billion-dollar-and-reach-all-time-high-amid-us-iran-war-3098041



