आईडीएफसी बैंक घोटाला मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन कटोदिया को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पाया गया कि 250 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सावन ज्वेलर्स के द्वारा रिभव रिषी, अभय कुमार, अभिषेक सिंगला, स्वाति सिंगला व अन्य आरोपियों की विभिन्न कंपनियों से प्राप्त की है।
इन कंपनियों/फर्मों में पैसा सरकारी खातों से गैर कानूनी तरीके से ट्रांसफर किए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन के द्वारा मुख्य आरोपियों के लिए कैश कन्वर्जन का काम किया गया व इसके लिए भारी कमीशन प्राप्त किया। आरोपी के द्वारा इन फर्मों/कंपनियों के नाम सोने के आइटम्स बेचे हुए दिखाए गए। आरोपी राजन ने इस मामले में धोखाधड़ी की शुरुआत से ही षड्यंत्र रचने में अहम भूमिका निभाई तथा पूर्व योजना के तहत अपराध को अंजाम देने में सक्रिय योगदान दिया।
इस मामले में यह 12वीं गिरफ्तारी है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद कल न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा हो सके। जांच में यह भी सामने आया है कि सावन ज्वेलर्स को अनधिकृत तरीके से पैसा तीन फर्मों से मिला है।