राजस्थान में लंबित मांगों को लेकर संघर्षत उपेन यादव ने कहा कि ना मुकदमों से डरूंगा और ना ही लाठियों से डरूंगा। सच की लड़ाई के लिए जान भी चली जाए तो पीछे नहीं हटूंगा। उपेन यादव ने कहा कि युवाओं के हक के लिए जेल में 8 दिन तक अत्याचार सहन किए है। युवा बेरोजगारों के लिए अंतिम समय तक संघर्ष करूंगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर उपेन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उपेन यादव को जमानत मिल गई है। उपेन यादव ने कहा कि पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का षड्यंत्र फेल हो गया है। हमें न्यायालय से न्याय मिला है। अब आर-पार की लड़ाई होगी। उपेन यादव ने जमानत मिलने के बाद ट्वीट कर लिखा- प्रदेश के युवा बेरोजगारों की मांग को दबाने के साथ-साथ मुझे लंबे समय तक जेल में रखने का संघर्ष था। लेकिन डोटासरा का षड्यंत्र असफल हो गया है।
युवाओं ने जयपुर में किया था प्रदर्शन
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के अध्यक्ष उपेन यादव के नेतृत्व के नेतृत्व में युवाओं ने जयपुर में प्रदर्शन किया था। इस दौरान उपेन यादव और उनके साथियों की पुलिस ने पिटाई की। बाद में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बेरोजगारों की मांगों को लेकर उपेन यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से भी मिला था। उपेन यादव के अनुसार जो मांगे है। उनका समाधान नहीं हो पा रहा है। इसलिए बेरोजगार आक्रोश रैली निकालनी पड़ी।
बेरोजगारों की प्रमुख मांगे
राज्य सरकार द्वारा पहले बजट में 6000 पदों पर टेक्निकल हेल्पर भर्ती निकालने की घोषणा की थी लेकिन हाल ही में राज्य सरकार द्वारा 1512 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसलिए राज्य सरकार अपने बजट घोषणा को जल्द पूरा करें। और टेक्निकल हेल्पर भर्ती में 6000 पद किए जाए। पंचायती राज JEN भर्ती बजट घोषणा के अनुसार 2100 पदों के साथ 539 पदों को जोड़ते हुए जल्द से जल्द विज्ञप्ती जारी की जाए और लिखित परीक्षा के माध्यम भर्ती परीक्षा आयोजित की जाए। जूनियर अकाउंटेंट भर्ती को CET से बाहर किया जाए। जल्द से जल्द विज्ञप्ति जारी करके परीक्षा तिथि की घोषणा की जाए। प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में प्रदेश के बेरोजगारों को प्राथमिकता दी जाए और बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों के ऊपर रोकथाम लगाई जाए।
.